पिथौरा। थाना पिथौरा पुलिस द्वारा अवैध शराब के खिलाफ 18 मार्च 2026 को दो अलग-अलग मामलों में सख्त कार्रवाई की गई। एक मामले में ढाबा में अवैध शराब बिक्री करते हुए आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया, जबकि दूसरे मामले में खेत में लावारिस हालत में भारी मात्रा में शराब बरामद कर अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।
पहली कार्रवाई के तहत थाना पिथौरा में पदस्थ सउनि बिसालीराम ध्रुव द्वारा टाउन पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम जंघोरा स्थित संगवारी ढाबा में अवैध रूप से शराब बिक्री की जा रही है। सूचना की तस्दीक हेतु हमराह स्टाफ एवं गवाह नरेश यादव व मोहन वासुदेव को साथ लेकर मौके पर पहुंचकर रेड कार्रवाई की गई। मौके पर ढाबा का नौकर बलीराम पटेल (उम्र 53 वर्ष, निवासी जंघोरा) मिला, जिसे मुखबिर सूचना से अवगत कराकर विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक काले रंग के झोले में रखे 33 पौवा देशी प्लेन शराब (प्रत्येक 180 एमएल, कुल 5 लीटर 940 एमएल, कीमत 2640 रुपये) बरामद किए गए।
आरोपी को शराब रखने एवं बिक्री के संबंध में वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत करने हेतु धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस दिया गया, जिस पर उसने बताया कि वह ढाबा में नौकर है तथा उक्त शराब ढाबा संचालक द्वारा बिक्री हेतु रखी गई है। कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस द्वारा मौके पर बरामदगी पंचनामा तैयार कर शराब को जप्त कर सीलबंद किया गया, घटनास्थल का नजरी नक्शा तैयार किया गया तथा संपूर्ण कार्रवाई की ऑडियो-वीडियोग्राफी भी की गई। आरोपी का कृत्य धारा 34(2) आबकारी एक्ट का पाए जाने पर देहाती नालसी कायम कर उसे मौके पर गिरफ्तार किया गया। मामले में ढाबा संचालक फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
दूसरी कार्रवाई में थाना पिथौरा में पदस्थ प्रधान आरक्षक प्रदीप पाढी द्वारा दिवासाधिकारी ड्यूटी के दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि बरतुंगा ढाबा/होटल के पास खेत में अवैध रूप से शराब रखकर बिक्री की जाती है।
सूचना की तस्दीक हेतु हमराह स्टाफ आरक्षक क्रमांक 555, 690 तथा गवाह मोहन वासुदेव व नरेश यादव को साथ लेकर मौके पर दबिश दी गई। मौके पर बरतुंगा ढाबा/होटल के बगल खेत में लावारिस हालत में एक काले रंग का थैला मिला। गवाहों के समक्ष थैले की तलाशी लेने पर उसमें 35 पौवा शोले देशी प्लेन शराब (प्रत्येक 180 एमएल, कुल 6300 एमएल, कीमत 2800 रुपये) तथा 03 पौवा 20-20 व्हिस्की (प्रत्येक 180 एमएल, कुल 540 एमएल, कीमत 360 रुपये) कुल 38 पौवा शराब (कीमत 3160 रुपये) बरामद किए गए।
उक्त शराब को लावारिस हालत में बरामद कर विधिवत बरामदगी पंचनामा तैयार किया गया तथा जप्ती पत्रक के माध्यम से गवाहों के समक्ष जप्त कर मौके पर सीलबंद किया गया। आसपास के क्षेत्र में संबंधित आरोपी की तलाश की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इस पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत देहाती नालसी पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
दोनों ही मामलों में पुलिस द्वारा वैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए कार्रवाई की गई है तथा कायमी की सूचना न्यायालय को प्रेषित की जा रही है। पिथौरा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।



