बागबाहरा /तेज रफ्तार पिकअप का कहर: बाइक सवार युवक की मौत, साथी घायल
बागबाहरा (महासमुंद)। थाना क्षेत्र के ग्राम हरनादादर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की जान चली गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। घटना 22 जनवरी 2026 की रात की है, जब दोनों युवक मोटरसाइकिल से बसुलाडबरी जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 12 हरनादादर निवासी भूपेन्द्र साहू (18 वर्ष) अपने गांव के शिव गुप्ता के साथ रात करीब 10 बजे मोटरसाइकिल से निकले थे। बाइक शिव गुप्ता चला रहा था और भूपेन्द्र पीछे बैठा था। रात करीब 10:50 बजे खोपलीपडाव स्थित आरटीओ बैरियर के पास पहुंचते ही उड़ीसा की ओर से आ रही एक अज्ञात पिकअप वाहन ने तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि भूपेन्द्र सड़क किनारे जा गिरा, जबकि शिव गुप्ता को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। भूपेन्द्र को भी पैर में चोट लगी।
घटना के बाद 112 और 108 को कॉल किया गया, लेकिन समय पर सहायता नहीं पहुंचने पर भूपेन्द्र ने अपने परिचित चिन्मय पटेल को बुलाया। इसके बाद दोनों घायलों को शासकीय अस्पताल बागबाहरा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें महासमुंद के सोहम अस्पताल रेफर किया गया।
इलाज के दौरान शिव गुप्ता की मौत हो गई। घायल भूपेन्द्र को इसकी जानकारी उसके भाई उमेश साहू ने दी। बताया जा रहा है कि मृतक का बिना पोस्टमार्टम कराए ही अंतिम संस्कार कर दिया गया।
इस मामले में भूपेन्द्र साहू की शिकायत पर थाना बागबाहरा में अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ धारा 106(1), 125(a) और 281 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब आरोपी वाहन और चालक की तलाश में जुटी है।



