महासमुंद/ सूना मकान बना चोरों का निशाना, होली मनाने गए परिवार के घर लाखों के जेवर व नकदी पार
महासमुंद। जिले के वार्ड नंबर 09 रमनटोला गन्ना बाड़ी क्षेत्र में सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता, जो शासकीय प्राथमिक शाला डीहीटेमरी (बागबाहरा) में प्रधान पाठक के पद पर पदस्थ हैं, ने थाना महासमुंद में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता 03 मार्च 2026 को शाम 4:30 बजे अपनी बेटी जयश्री साहू के साथ होली का त्योहार मनाने अपने पैतृक गांव कोसरंगी गई थीं। घर पर कोई नहीं होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाया।
05 मार्च 2026 को शाम करीब 5 बजे जब वह वापस घर लौटीं, तो देखा कि मुख्य गेट का ताला लगा हुआ था, लेकिन अंदर जाकर जांच करने पर लकड़ी के दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। कमरे के भीतर आलमारी भी खुली हुई थी और उसमें रखा सामान बिखरा पड़ा था।
जांच करने पर पता चला कि आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी हो चुके हैं। चोरी गए सामान में सोने के टाप्स, अंगूठी, फुल्ली, चांदी की पैर पट्टी सहित करीब 3,500 रुपये नगद शामिल हैं।
घटना के बाद पीड़िता ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर परिवार से सलाह-मशविरा कर 20 मार्च 2026 को थाना महासमुंद पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 305(a)-BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इलाके में बढ़ती चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है।



