महासमुंद AI की नजर में ट्रैफिक उल्लंघन: 12 दिन में 555 चालान, अब हर गलती पर कटेगा चालान
महासमुंद, 21 मार्च 2026। जिले में यातायात नियमों के पालन को सख्ती से लागू करने के लिए पुलिस द्वारा आधुनिक तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। 8 मार्च से 20 मार्च तक जिले में कुल 555 दोपहिया वाहन चालकों पर बिना हेलमेट वाहन चलाने के कारण ई-चालान की कार्रवाई की गई है। खास बात यह है कि इन सभी मामलों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से ट्रेस किया गया है।
अब तक एक वाहन का महीने में एक ही बार ई-चालान किया जा रहा था, लेकिन पुलिस ने नियमों में बदलाव करते हुए स्पष्ट कर दिया है कि अब हर बार नियम तोड़ने पर अलग-अलग चालान किया जाएगा। यानी एक ही वाहन चालक यदि बार-बार हेलमेट नियम का उल्लंघन करता है, तो उसे हर बार जुर्माना भरना होगा।
इसके अलावा, गलत नंबर प्लेट के उपयोग को लेकर भी पुलिस सख्त हो गई है। AI तकनीक के जरिए इस महीने अब तक 13 ऐसे वाहनों को चिन्हित किया गया है, जिनमें फर्जी या गलत नंबर प्लेट का इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस ने चेतावनी दी है कि जानबूझकर गलत नंबर प्लेट का उपयोग करने या फर्जीवाड़ा करने वालों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति में आम जनता से अपील की गई है कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें। यह पहल न केवल कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए है, बल्कि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भी की जा रही है।



