महासमुंद/तिरपाल के नीचे छिपा था काला सच: माजदा से 18 मवेशी बरामद, महाराष्ट्र कत्लखाने ले जाते 2 आरोपी गिरफ्तार
महासमुंद। थाना महासमुंद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक माजदा वाहन से अवैध रूप से ले जाए जा रहे 18 मवेशियों को बरामद किया है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई 25 मार्च 2026 को एनएच-353 स्थित साराडीह मोड़ के पास की गई।
पुलिस टीम सउनि अश्वनी मारकण्डे के नेतृत्व में पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक माजदा वाहन क्रमांक MH 36 AA 4161 में मवेशियों को क्रूरता पूर्वक भरकर महाराष्ट्र के कत्लखाने ले जाया जा रहा है। सूचना की तस्दीक के लिए टीम ने ग्राम बेलसोंडा के पास घेराबंदी की।
कुछ देर बाद संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई। वाहन के डाले में नीले तिरपाल के नीचे 12 भैंस, 5 पड़िया और 1 पड़वा कुल 18 मवेशी ठूंस-ठूंसकर भरे मिले। पशुओं को भूखे-प्यासे और अमानवीय तरीके से ले जाया जा रहा था।
वाहन में सवार आरोपियों की पहचान अमित बंडू कुम्हरे (निवासी भंडारा, महाराष्ट्र) और अजय वामन टेम्भुरने (निवासी भंडारा, महाराष्ट्र) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान दोनों के पास से मोबाइल फोन और नगदी भी बरामद हुई।
आरोपियों से मवेशियों के परिवहन संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने माजदा वाहन, मवेशी, मोबाइल और अन्य सामान सहित कुल 12 लाख 69 हजार 30 रुपये की संपत्ति जब्त की।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 एवं पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11 के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
बरामद मवेशियों को सुरक्षा के लिए विभिन्न गौशालाओं में सुपुर्द किया गया, जहां एक पड़वा मृत पाया गया। शेष पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जा रहा है।पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।



