सिंघोडा: अलग-अलग तरीके निकाल रहे तस्कर: तरबूज के नीचे छिपाकर उत्तरप्रदेश भेजा जा रहा था गांजा, 225 किलो जब्त, 6 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
महासमुंद। जिले के थाना सिंघोडा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 225 किलोग्राम गांजा के साथ 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से गांजा, दो वाहन एवं मोबाइल फोन सहित कुल 1 करोड़ 25 लाख 20 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना सिंघोडा में पदस्थ सउनि लक्ष्मण साहू दिनांक 26 मार्च 2026 को हमराह स्टाफ आरक्षक क्रमांक 638, 923, 799 एवं 593 के साथ पुलिस अधिग्रहित वाहन क्रमांक CG04PG3515 से मय विवेचना किट के जुर्म जरायम पतासाजी हेतु ग्राम मुरमुरी की ओर रवाना हुए थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक सफेद रंग की टाटा योध्दा पिकअप वाहन क्रमांक OD15V4676 में अवैध मादक पदार्थ गांजा उड़ीसा से छत्तीसगढ़ की ओर परिवहन किया जा रहा है, जिसकी पायलटिंग एक सफेद रंग की हुंडई औरा कार क्रमांक UP96Q3658 द्वारा की जा रही है।
सूचना से वरिष्ठ अधिकारी SDOP सरायपाली को अवगत कराकर पुलिस टीम मय विवेचना किट एवं सील-चपड़ा के साथ NH-53 स्थित ग्राम रेहटीखोल पहुंची, जहां स्वतंत्र गवाहों को धारा 179 BNSS का नोटिस देकर कार्यवाही में शामिल किया गया। कुछ समय पश्चात मुखबिर के बताए अनुसार एक सफेद रंग की हुंडई औरा कार के पीछे टाटा योध्दा पिकअप आते दिखाई दिए, जिन्हें घेराबंदी कर रोका गया।
पायलटिंग वाहन में सवार 4 व्यक्तियों एवं पिकअप वाहन में सवार 2 व्यक्तियों से पूछताछ की गई, जिन्होंने क्रमशः अपना नाम सतीश गुप्ता, घनश्याम गुप्ता, सुरज गुप्ता, योगेश कुशवाहा, हरिबाबु वर्मा एवं रामबाबु वर्मा बताया। प्रारंभिक पूछताछ में गोलमोल जवाब देने पर कड़ाई से पूछताछ की गई, जिस पर आरोपियों ने पिकअप वाहन में तरबूज के नीचे प्लास्टिक बोरियों में गांजा छिपाकर ले जाना स्वीकार किया।
गवाहों के समक्ष विधिवत पंचनामा तैयार कर NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई प्रारंभ की गई तथा आरोपियों को धारा 50 NDPS का नोटिस देकर तलाशी हेतु सहमति प्राप्त की गई। तलाशी के दौरान पिकअप वाहन के डाला में तरबूज के नीचे छिपाकर रखी गई कुल 9 प्लास्टिक बोरियों में 213 पैकेट गांजा बरामद किया गया।
मौके पर तौलकर्ता को बुलाकर इलेक्ट्रॉनिक तराजू से गांजा का तौल कराया गया, जिसमें क्रमशः 31.700, 31.400, 31.600, 21.100, 20.900, 22.900, 26.300, 24.400 एवं 14.700 किलोग्राम कुल मिलाकर 225 किलोग्राम गांजा पाया गया। जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 12 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई।
बरामद गांजा को विधिवत सीलबंद कर नमूना तैयार किया गया। साथ ही आरोपियों के कब्जे से टाटा योध्दा पिकअप वाहन (कीमत 5 लाख रुपये) एवं हुंडई औरा कार (कीमत 7 लाख रुपये) तथा अलग-अलग कंपनियों के 6 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। कुल जप्त संपत्ति का मूल्य लगभग 1 करोड़ 25 लाख 20 हजार रुपये है।
पूछताछ में आरोपियों ने उक्त गांजा को उड़ीसा राज्य के संबलपुर से उत्तरप्रदेश के चित्रकूट ले जाना स्वीकार किया है। सभी आरोपी मध्यप्रदेश एवं उत्तरप्रदेश के विभिन्न जिलों के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध थाना सिंघोडा में NDPS एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) एवं 29(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।



