महासमुंद NH-53 पर दर्दनाक हादसा: गिट्टी से भरा डंपर पलटा, चालक की दबकर मौत — लापरवाही बनी जानलेवा!
महासमुंद। थाना तुमगांव क्षेत्र अंतर्गत NH-53 पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में डंपर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना पिरदा मोड़ के पास की है, जहां गिट्टी से भरा डंपर अनियंत्रित होकर पलट गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान बिरेन्द्र कुमार साहू (38 वर्ष), निवासी ग्राम बड़ेडाभा (छोटे डाभा), थाना बसना के रूप में हुई है। वह अपने डंपर ट्रक क्रमांक CG06HD7588 से ग्राम घोड़ारी (नदी मोड़) से गिट्टी भरकर सरायपाली की ओर जा रहा था। सुबह करीब 9 बजे पिरदा मोड़ के पास वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसा इतना भीषण था कि चालक बिरेन्द्र कुमार साहू ट्रक के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक द्वारा तेज, लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने धारा 106(1) BNS एवं 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
सूचना मृतक के छोटे भाई गजेन्द्र कुमार साहू द्वारा थाना में दी गई। पुलिस ने मामले की सूचना SDM महासमुंद को भी प्रेषित कर दी है।
👉 यह हादसा एक बार फिर NH-53 पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर करता है।



