पटेवा/महासमुंद शादी में DJ बंद कराने को लेकर बवाल, समझाने गए युवक पर हमला — सिर-नाक पर गंभीर चोट
पटेवा (महासमुंद)। ग्राम लखनपुर में एक शादी समारोह के दौरान DJ बंद कराने को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। बीच-बचाव करने पहुंचे युवक पर ही तीन लोगों ने हमला कर दिया, जिससे उसे सिर और नाक में चोटें आई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित 26 मार्च 2026 की रात करीब 11:30 बजे संतोष टंडन के घर आयोजित शादी कार्यक्रम में शामिल होने गया था। कार्यक्रम में DJ बज रहा था और लोग नृत्य कर रहे थे। इसी दौरान DJ बंद करने को लेकर संतोष टंडन, खगेश टंडन और यशवंत साहू के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
विवाद बढ़ता देख पीड़ित ने बीच-बचाव और समझाइश देने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने “तुम समझाने वाले कौन होते हो” कहकर गाली-गलौच शुरू कर दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट कर दी। इस हमले में पीड़ित के सिर और नाक में चोट लगी है।
घटना के दौरान हेमंत गायकवाड़ और यशोमणी छात्रे ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया। पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2), 296, 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
👉 पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।



