बागबाहरा रेल्वे कॉलोनी के पान ठेले में छिपा था ‘शराब का राज’, मुखबिर की सूचना पर पुलिस का छापा—आरोपी गिरफ्तार
बागबाहरा, महासमुंद। शहर में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बागबाहरा पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पान ठेले की आड़ में चल रहे अवैध शराब कारोबार का खुलासा किया है। मुखबिर से मिली सटीक सूचना पर पुलिस ने रेलवे कॉलोनी के सामने दबिश दी, जहां एक युवक खुलेआम देशी प्लेन शराब बेचते पकड़ा गया।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी ली, जिसमें सफेद प्लास्टिक बोरी के अंदर 15 पौवा देशी प्लेन शराब (प्रत्येक 180 एमएल) बरामद हुई। कुल 2.700 लीटर शराब की कीमत लगभग 1200 रुपए आंकी गई, वहीं मौके से 510 रुपए बिक्री रकम भी जब्त की गई।
कार्रवाई के दौरान आरोपी की पहचान सुनील कुमार पाण्डे (34 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 11 डबरापारा, बागबाहरा के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(1)(क) के तहत मामला दर्ज कर उसे मौके पर गिरफ्तार किया। बाद में मामला जमानती होने के कारण उसे जमानत पर रिहा किया गया।
पुलिस ने पूरी कार्रवाई गवाहों की मौजूदगी में की तथा बरामद शराब को विधिवत सीलबंद किया गया। साथ ही, तलाशी और जब्ती की वीडियोग्राफी भी कराई गई।
👉 पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा और इस तरह के कारोबार में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



