पिथौरा /मनरेगा में बड़ा घोटाला! 35 मजदूरों की जगह 50+ की फर्जी हाजिरी, ग्राम मोहगांव में खुला भ्रष्टाचार का खेल
जनपद पंचायत पिथौरा के अंतर्गत ग्राम पंचायत मोहगांव में मनरेगा (महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना) के तहत गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, तालाब गहरीकरण कार्य में प्रतिदिन लगभग 30 से 35 मजदूर ही कार्य कर रहे हैं, जबकि मस्टररोल में 50 से अधिक लोगों की उपस्थिति दर्ज की जा रही है।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के मुताबिक, रोजाना जितने मजदूर काम पर आते हैं, उतने ही दर्ज किए जाने चाहिए, लेकिन यहां फर्जी तरीके से अतिरिक्त लोगों की हाजिरी भरकर शासन की राशि का दुरुपयोग किया जा रहा है।
जब इस संबंध में रोजगार सहायक से जानकारी लेने की कोशिश की गई, तो उसने गैर-जिम्मेदाराना रवैया अपनाते हुए कहा— “मेरी मर्जी है, मैं जो चाहूं करू, तुम्हें क्या।” इस बयान ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है।
ग्रामीणों में इस भ्रष्टाचार को लेकर भारी आक्रोश है और वे प्रशासन से जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



