महासमुंद में देर रात दो दुकानों में सेंधमारी, 1 लाख की नगदी पार — व्यापारियों में दहशत
महासमुंद। शहर के घासीदास वार्ड नं. 22 स्थित आश्रम कॉलेज रोड इलाके में बीती रात अज्ञात चोरों ने दो दुकानों को निशाना बनाकर करीब 1 लाख रुपये की नगदी पर हाथ साफ कर दिया, जिससे व्यापारियों में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवचंद फैशन के संचालक अभय राज लुनिया जैन की दुकान में 31 मार्च 2026 की रात करीब 3 बजे चोरी की वारदात हुई। चोर दुकान का गल्ला ही उठा ले गए, जिसमें लगभग 40,000 रुपये नगद रखे थे।
इतना ही नहीं, उसी समय सामने स्थित लक्ष्मी चॉइस सेंटर (संचालक मोहन यादव) को भी चोरों ने निशाना बनाया और वहां से करीब 60,000 रुपये नगद चोरी कर ले गए।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के व्यापारियों में दहशत फैल गई। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
प्रार्थी अभय राज लुनिया ने सिटी कोतवाली महासमुंद में लिखित आवेदन देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने प्रकरण में धारा 305(a) एवं 331(4) BNS के तहत जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की तलाश की जा रही है।फिलहाल पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।



