सरायपाली /पेट्रोल पंप में दिनदहाड़े बवाल: युवती से मारपीट, जान से मारने की धमकी
सरायपाली के ग्राम बगईजोर स्थित पेट्रोल पंप में दिनदहाड़े मारपीट और धमकी की घटना से हड़कंप मच गया। ग्राम कोटेनदरहा निवासी 24 वर्षीय सुनीता सिदार, जो पेट्रोल पंप में सेल्समेन के पद पर कार्यरत है, ने थाना सरायपाली में आरोपी योगेश लोहानी (निवासी ग्राम बालसी) के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना दिनांक 02 अप्रैल को दोपहर लगभग 12:30 बजे की है। सुनीता सिदार अपनी सहेली गोमती पटेल के साथ ड्यूटी पर मौजूद थी। इसी दौरान योगेश लोहानी पेट्रोल पंप पहुंचा और गोमती पटेल के साथ मारपीट करने लगा। जब सुनीता बीच-बचाव करने पहुंची, तो आरोपी ने उसके साथ भी गाली-गलौच करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता ने बताया कि इस हमले में उसके बाएं हाथ की कोहनी और कनपटी में चोट आई है, जबकि उसकी सहेली गोमती पटेल को भी पीठ और सिर में दर्द की शिकायत है। घटना की जानकारी पेट्रोल पंप के मैनेजर गोविंद साहू और मालिक मिथलेश अग्रवाल को भी दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 296, 115(2), 351(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।



