नहर किनारे आम के पेड़ तले चल रहा था “गुप्त खेल”, महासमुंद पुलिस ने दबिश देकर खोला राज!
महासमुंद |महासमुंद पुलिस की सतर्कता से अवैध शराब बिक्री के एक मामले का खुलासा हुआ है। टाउन-देहात भ्रमण के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि भलेसर रोड स्थित नहर किनारे आम के पेड़ के पास एक व्यक्ति अवैध शराब छिपाकर बिक्री की तैयारी में है।
सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम खगेश्वर श्रीवास्तव (28 वर्ष), निवासी महामायापारा महासमुंद बताया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक पीले-लाल रंग की प्लास्टिक बोरी में रखी 33 पौवा अंग्रेजी “Icon Premium Whisky” बरामद हुई। प्रत्येक शीशी में 180 एमएल शराब भरी थी, कुल 5940 एमएल शराब जिसकी कीमत लगभग 3300 रुपये बताई गई।
आरोपी के पास शराब रखने संबंधी कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। बरामद शराब को मौके पर ही सीलबंद कर जब्त किया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार पर एक और बड़ा प्रहार माना जा रहा है।



