खेत में चल रहा था ‘महुआ का खेल’! पिथौरा पुलिस की रेड में 20 लीटर अवैध शराब जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार
महासमुंद/पिथौरा थाना क्षेत्र के ग्राम पिलवापाली में खेत के पास चल रहे अवैध महुआ शराब के धंधे का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। मुखबिर की सूचना पर की गई त्वरित कार्रवाई में पुलिस ने दो आरोपियों के कब्जे से 20 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब जब्त की है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर धनसाय के खेत के पास दबिश दी। मौके पर दो व्यक्ति संदिग्ध हालत में मिले, जिनसे पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम लक्ष्मण बरिहा (60 वर्ष) निवासी पिलवापाली एवं रामसिंग बरिहा (36 वर्ष) निवासी मडईडीपा कौडिया बताया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से दो प्लास्टिक डिब्बों में कुल 20 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 4000 रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके पर ही शराब को जब्त कर सील कर लिया।
पूरी कार्रवाई गवाहों की उपस्थिति में की गई और घटनास्थल का नक्शा भी तैयार किया गया। आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के कारोबार में संलिप्त लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



