मोबाइल से चलता था सट्टे का खेल! पिथौरा में पुलिस की दबिश, आरोपी गिरफ्तार
पिथौरा। अवैध सट्टा कारोबार पर शिकंजा कसते हुए पिथौरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। दिनांक 14 अप्रैल 2026 को पेट्रोलिंग के दौरान मिली मुखबिर सूचना के आधार पर थाना पिथौरा पुलिस ने वार्ड नंबर 06 मंदिर चौक में दबिश देकर एक युवक को रंगे हाथों सट्टा खिलाते हुए पकड़ा।
पुलिस को सूचना मिली थी कि नमन गोयल नामक व्यक्ति अपने मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित कर अवैध रूप से धन अर्जित कर रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने गवाहों की उपस्थिति में मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और रेड कार्रवाई की।
मौके पर मौजूद युवक ने पूछताछ में अपना नाम नमन गोयल (29 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 06 मंदिर चौक पिथौरा बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और 9800 रुपये नगद बरामद किए गए। मोबाइल की जांच करने पर उसमें सट्टा से संबंधित लेन-देन और दांव के स्क्रीनशॉट मिले, जिससे उसके अवैध गतिविधियों में संलिप्त होने की पुष्टि हुई।
आरोपी के पास सट्टा संचालन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए जाने पर पुलिस ने छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 7(1) के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। साथ ही मोबाइल फोन और नगदी रकम को जप्त कर लिया गया है।
पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना जारी है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध सट्टा कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है।



