महासमुंद /तुमगांव इंडस्ट्री में काम के दौरान हादसा या लापरवाही? ऊंचाई से गिरा मजदूर, इलाज के दौरान मौत के बाद केस दर्ज
महासमुंद | तुमगांव पीकाडली एग्रो इंडस्ट्रीज में काम के दौरान हुए एक दर्दनाक हादसे ने अब कानूनी मोड़ ले लिया है। ग्राम तुमगांव निवासी 39 वर्षीय ताम्रध्वज की ऊंचाई से गिरने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई, लेकिन जांच में सामने आए तथ्यों ने इस मामले को संदेहास्पद बना दिया है।
बताया गया कि 1 दिसंबर 2025 की शाम ताम्रध्वज कंपनी में चल रहे कार्य को देखने के लिए ऊपर चढ़ा था, तभी अचानक फिसलकर नीचे गिर गया। हादसे में उसके सिर, आंख, छाती और रीढ़ में गंभीर चोटें आईं। पहले उसे रामकृष्ण अस्पताल रायपुर में भर्ती कराया गया, बाद में हालत बिगड़ने पर कालडा अस्पताल में रेफर किया गया, जहां 3 दिसंबर को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले में नया मोड़ तब आया जब थाना तुमगांव पुलिस ने मर्ग जांच के दौरान गवाहों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर प्रथम दृष्टया लापरवाही के संकेत पाए। इसके बाद कंपनी के सीनियर मैनेजर (इलेक्ट्रिकल) अनुज पंचाल के खिलाफ धारा 106(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, यह केवल हादसा था या सुरक्षा मानकों में लापरवाही—इसकी गहराई से जांच की जा रही है।
अब बड़ा सवाल: क्या यह महज एक दुर्घटना थी या कंपनी प्रबंधन की चूक ने एक मजदूर की जान ले ली? जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।



