महासमुंद/जिले में डिजिटल जनगणना 2027 हेतु ‘जनगणना प्रकोष्ठ’ का गठन
महासमुंद/छत्तीसगढ़ शासन, गृह विभाग के निर्देशों के परिपालन में भारत की डिजिटल जनगणना 2027 का कार्य दो चरणों में संपादित किया जाएगा। इसके तहत प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 01 मई 2026 से 30 मई 2026 तक किया जाएगा।
उक्त निर्देशानुसार प्रत्येक जिले में जनगणना प्रकोष्ठ का गठन किया जाना है। इसी क्रम में जिला महासमुंद में कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह की अध्यक्षता में जनगणना कार्य के प्रभावी संचालन, निगरानी एवं संपादन के लिए जिला स्तरीय जनगणना प्रकोष्ठ का गठन किया गया है।
जनगणना प्रकोष्ठ के अध्यक्ष कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री विनय कुमार लंगेह होंगे। वहीं पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हेमंत रमेश नंदनवार, अपर कलेक्टर श्री सचिन भूतड़ा, डिप्टी कलेक्टर (जिला जनगणना अधिकारी) श्री मनोज कुमार खाण्डे तथा उप संचालक सांख्यिकी (अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी) श्रीमती मधु साहू को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। इसी तरह समाज कल्याण विभाग, खाद्य विभाग, जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा, कृषि, परिवहन, श्रम, आबकारी, उद्योग, जनसम्पर्क विभाग, आदिम जाति विभाग के जिला स्तरीय अधिकारियों एवं सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को प्रकोष्ठ में सदस्य बनाया गया है।



