सरायपाली: दोहरी रिश्तेदारी के विवाद में मारपीट, पुलिस ने दर्ज किया मामला । च्वाईस सेंटर से लौट रहे मजदूर पिता की साइकिल को तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, 7 साल का मासूम भी घायल
थाना सरायपाली क्षेत्र अंतर्गत पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक से मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कुटेला निवासी सुबोध बरिक (पिता – बिरेन्द्र बरिक), जो मजदूरी का कार्य करता है, ने थाना सरायपाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रार्थी ने बताया कि उसकी शादी लगभग 5 वर्ष पूर्व झूलबाई बरिक से हुई थी, किन्तु कुछ समय बाद दोनों अलग-अलग रहने लगे।
प्रार्थी के अनुसार, वह ग्राम जोगनीपाली की एक महिला को अपने साथ पत्नी के रूप में रख रहा था। इसी बात को लेकर पूर्व में पारिवारिक विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई थी।
घटना दिनांक 26 अप्रैल 2026 की सुबह लगभग 7 बजे की है, जब प्रार्थी कुटेला चौक, सोढीपारा (ग्राम जोगनीपाली) के पास था। उसी दौरान ग्राम बरबसपुर निवासी राजेश नंद एवं ग्राम बेलटिकरी निवासी परेश सोना वहां पहुंचे और एक राय होकर प्रार्थी के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा हाथ-मुक्कों से मारपीट की।
घटना में प्रार्थी के गले में चोट आई है। घटना के समय उपस्थित उमेश सिदार द्वारा बीच-बचाव किया गया।
मामले में थाना सरायपाली पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296, 3(5) एवं 351(2) के तहत अपराध क्रमांक 0141/26 पंजीबद्ध कर जांच में लिया गया है।पुलिस द्वारा मामले की विवेचना जारी है।
सरायपाली: च्वाईस सेंटरसे लौट रहे मजदूर पिता की साइकिल को तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, 7 साल का मासूम भी घायल
सरायपाली (महासमुंद), 27 अप्रैल 2026। रोजी-रोटी के लिए मेहनत करने निकले एक मजदूर पिता और उसके मासूम बेटे की सुबह उस वक्त दर्दनाक हादसे में बदल गई, जब तेज रफ्तार कार ने उनकी साइकिल को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दोनों घायल हो गए, जिनका इलाज जिला अस्पताल में कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम भिखापाली निवासी एक मजदूर, जो अशिक्षित है और रोज मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है, 25 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 8 बजे अपने 7 वर्षीय छोटे पुत्र हीराराम ओगरे के साथ साइकिल से ग्राम बगईजोर स्थित च्वाईस सेंटर गया था।
काम पूरा करने के बाद दोनों पिता-पुत्र वापस अपने गांव भिखापाली लौट रहे थे। इसी दौरान सुबह करीब 9:30 से 10 बजे के बीच, जब वे बगईजोर पुलिया के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही एक स्विफ्ट कार (क्रमांक CG 04 GP 3544) के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में मजदूर के दाहिने कान के पास, दाहिने कंधे और सीने में चोट आई, वहीं उसके मासूम बेटे हीराराम ओगरे के बाएं कान के पास गंभीर चोट लगी। टक्कर इतनी तेज थी कि साइकिल भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के बाद दोनों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सरायपाली लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल महासमुंद रेफर किया गया। जिला अस्पताल में इलाज कराने के बाद पीड़ित ने 27 अप्रैल 2026 को थाना पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पीड़ित ने पुलिस से मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।



