महासमुंद सांकरा में एनएच-53 पर घेराबंदी: 12.563 किलो गांजा, 2 कारें व 8 तस्कर पकड़ाए, 19.94 लाख का माल जब्त
सांकरा/महासमुंद,थाना सांकरा पुलिस ने मुखबिर सूचना पर बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरू घासीदास चौक एनएच-53 रोड पर घेराबंदी कर गांजा तस्करी का खुलासा किया है। कटक (उड़ीसा) से महाराष्ट्र ले जाए जा रहे 12.563 किलोग्राम गांजा को जब्त करते हुए पुलिस ने दो चारपहिया वाहनों सहित 8 लोगों को पकड़ा है। इनमें 4 वयस्क आरोपी और 4 विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान एक सफेद रंग की XUV (MH 12 JU 8769) और एक डिजायर कार (MH 24 AF 2235) को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी में XUV वाहन के पीछे प्लास्टिक बोरी में रखे 12 पैकेट गांजा बरामद हुए, जिन्हें मौके पर जांच कर मादक पदार्थ पाया गया और इलेक्ट्रॉनिक मशीन से तौल करने पर कुल वजन 12.563 किलो निकला। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि डिजायर कार पायलटिंग कर रही थी, जबकि गांजा XUV में रखा था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दोनों वाहन, अलग-अलग कंपनियों के मोबाइल फोन सहित कुल 19 लाख 94 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है। गांजा की कीमत लगभग 6 लाख रुपये आंकी गई है।
पकड़े गए आरोपियों में मनोज सांगले, रोहित भोसले, किशन पवार, रंजित घोलप सहित महाराष्ट्र के जालना जिले के निवासी शामिल हैं, जबकि चार नाबालिग भी इस तस्करी में संलिप्त पाए गए। पुलिस ने सभी को वैधानिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर थाना सांकरा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले की विवेचना निरीक्षक उत्तम तिवारी द्वारा की जा रही है और गांजा सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।



