महासमुंद | शहर के वार्ड नंबर 25, कुम्हार पारा में बीती रात आपसी विवाद के बाद एक युवक ने पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति और उनके बेटे पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में पीड़ित के बाएं हाथ की कोहनी पर गंभीर चोट आई है। घटना के बाद पीड़ित ने महासमुंद थाने में आरोपी के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई है।
बेटे को गाली देते देख बचाने आए थे पिता
जानकारी के अनुसार, कुम्हार पारा निवासी पीड़ित (प्रार्थी) बीती रात 30 अप्रैल को अपने घर में थे। रात करीब 10:30 बजे बाहर शोर-शराबा सुनकर जब वे बाहर निकले, तो देखा कि मोहल्ले का ही कुलदीप ध्रुव उनके छोटे बेटे लोकेश कुमार अग्रवाल के साथ झूमा-झटकी कर रहा था और गंदी-गंदी गालियां दे रहा था।
ईंट से किया हमला, दी जान से मारने की धमकी
जब पीड़ित अपने बेटे को बचाने और बीच-बचाव करने पहुंचे, तो आरोपी कुलदीप ध्रुव और उग्र हो गया। उसने “तू कौन होता है छुड़ाने वाला” कहते हुए प्रार्थी को भी अश्लील गालियां दीं और पास में पड़ी ईंट उठाकर उनके बाएं हाथ पर दे मारी। हमले में पीड़ित की कोहनी चोटिल हो गई है। शोर सुनकर पीड़ित के भाई संजय और दिनेश अग्रवाल मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। जाते-जाते आरोपी ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी है।
थाने में शिकायत दर्ज
पीड़ित ने आज महासमुंद थाने पहुंचकर पुलिस को आपबीती सुनाई। पुलिस ने आरोपी कुलदीप ध्रुव के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।



