कोरिया। वर्ष 2016 बैच की आईएएस अधिकारी रोक्तिमा यादव ने कोरिया जिले की 20वीं कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है। उनके पदभार ग्रहण करते ही जिला प्रशासन में नई ऊर्जा और प्रशासनिक सक्रियता देखने को मिली। वे कोरिया जिले की पांचवीं महिला कलेक्टर हैं। इससे पहले वर्ष 1999 में जिले में पहली महिला कलेक्टर की नियुक्ति हुई थी।
प्रशासनिक अनुभव और कार्यकुशलता के लिए पहचान रखने वाली यादव इससे पूर्व विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। उन्होंने कई जिलों में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) के रूप में कार्य किया है। साथ ही कलेक्टर पद संभालने से पहले वे समाज कल्याण विभाग में संचालक के पद पर कार्यरत थीं। पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने कलेक्ट्रेट एवं जिला पंचायत कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न शाखाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों से कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने कार्यालयों में साफ-सफाई बनाए रखने, फाइलों एवं अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने तथा लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पारदर्शिता, समयबद्ध कार्य संस्कृति और जनसुनवाई को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया। उल्लेखनीय है कि पूर्व कलेक्टर चन्दन त्रिपाठी का स्थानांतरण कलेक्टर, बलरामपुर-रामानुजगंज के पद पर किया गया है। कोरिया जिले में उनका लगभग 21 माह का कार्यकाल रहा। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, एडीएम सुरेंद्र प्रसाद वैद्य, अपर कलेक्टर डी.डी. मंडावी, संयुक्त कलेक्टर अमित गुप्ता, डिप्टी कलेक्टर राकेश साहू, एसडीएम बैकुंठपुर उमेश पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



