खैरागढ़। जिले में ओवरलोड गिट्टियों से भरे हाइवा वाहनों का संचालन आम लोगों की जान पर भारी पड़ता नजर आ रहा है। बिना ढके दौड़ रहे इन भारी वाहनों से लगातार सड़क पर गिट्टियां गिर रही हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। शहर के मुख्य मार्गों सहित कलेक्टर कार्यालय के आसपास से भी ये वाहन बेखौफ गुजर रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग कार्रवाई करते नहीं दिख रहे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रैफिक पुलिस के सामने से नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। कई हाइवा वाहन क्षमता से अधिक गिट्टी भरकर चल रहे हैं और उन्हें ढंकने तक की व्यवस्था नहीं की गई है। सड़क पर गिरती गिट्टियों से दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। लोगों ने खनिज विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। आरोप है कि विभाग छोटे वाहन चालकों पर कार्रवाई कर खानापूर्ति कर रहा है, जबकि ओवरलोड हाइवा वाहनों पर कोई सख्ती नजर नहीं आती। नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।



