महासमुंद। बसना थाना क्षेत्र के ग्राम छान्दनपुर में कीर्तन नाम यज्ञ की बैठक उस समय खूनी विवाद में बदल गई, जब तालाब में पानी भरने की बात को लेकर हुए विवाद के दौरान एक युवक ने रूमाल में लोहे का बोल्ट बांधकर दो लोगों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में दो ग्रामीण लहूलुहान हो गए। घटना के बाद बैठक स्थल पर अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
14 मई की रात गांव में आयोजित होने वाले कीर्तन नाम यज्ञ को लेकर ग्राम छान्दनपुर के बीच गली स्थित गजाधर नायक के घर के सामने बैठक रखी गई थी। बैठक में गांव के पंच, सरपंच और अन्य प्रमुख ग्रामीण मौजूद थे तथा चंदा वसूली और आयोजन की तैयारियों पर चर्चा चल रही थी। इसी दौरान रात करीब 10.30 बजे गांव के मिनीकेतन भोई ने अचानक तालाब में पानी नहीं भरने की बात को लेकर महेंद्र कुमार साव को कहा कि तालाब में पानी क्यों नहीं भर रहे। फिर मिनकेतन भोई और महेन्द्र साव के बीच जम कर विवाद शुरू हो गया।
देखते ही देखते मामूली बहस तीखी झड़प में बदल गई। आरोप है कि मिनीकेतन भोई ने महेंद्र कुमार साव को गालियां देते हुए कहा कि कीर्तन नाम यज्ञ का पूरा खर्चा तुम्हीं उठाओगे और जान से मारने की धमकी देने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी पहले से ही रूमाल में लोहे का भारी बोल्ट बांधकर लाया था। गुस्से में उसने उसी रूमाल से महेंद्र कुमार साव के सिर और दाहिनी आंख के ऊपर भौंह के पास जोरदार वार कर दिया। वार इतना तेज था कि महेंद्र कुमार साव के सिर से खून बहने लगा और मौके पर हडक़ंप मच गया। घटना के दौरान जब सतीश साव बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपी ने उन पर भी उसी लोहे के बोल्ट से हमला कर दिया। हमले में सतीश साव के सिर में गंभीर चोट आई और वे भी खून से लथपथ हो गए।
घायल महेंद्र कुमार साव ने बताया कि घटना के बाद जब रूमाल छीना गया तो उसके भीतर लोहे का बोल्ट बंधा हुआ मिला।
पूरी घटना गांव के सरपंच पति श्वेत कुमार भोई, कोटवार बिरंची नंद, पंच रामनाथ भोई सहित बैठक में मौजूद कई ग्रामीणों के सामने हुई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।



