पिथौरा। पिथौरा क्रिकेट एकेडमी (पीसीए) के तत्वावधान में संगम क्रिकेट लीग के अंतर्गत पत्रकारों की दो टीम के बीच सोमवार की रात मैत्री क्रिकेट मुकाबला आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार रजिंदर खनूजा, जाकिर कुरैशी, पवन गुप्ता, ऋषिकेश शुक्ला एवं पीसीए संयोजक मनमीत छाबड़ा उपस्थित रहे।
पिथौरा के शहीद भगत सिंह खेल मैदान मे आयोजित इस मुकाबले में मुख्य अतिथि रजिंदर खनूजा ने कहा कि ऐसे आयोजन पत्रकारों के बीच आपसी भाईचारा, एकता और सौहार्द को मजबूत करने का कार्य करते है।
मुकाबले में छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन का नेतृत्व बलराज नायडू ने और श्रमजीवी पत्रकार संघ का नेतृत्व स्वप्निल तिवारी ने किया।
टॉस जीतकर श्रमजीवी पत्रकार संघ ने पहले बल्लेबाजी की। सौरभ अग्रवाल ने 38 गेंदों में 74 रन बनाए। टीम ने निर्धारित 10 ओवर में 2 विकेट खोकर 97 रन का स्कोर बनाया।
98 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन की ओर से विकास अग्रवाल ने 17 गेंदों में 27 रन और उमाशंकर ने 10 गेंदों में 26 रन बनाए। छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन ने 7.4 ओवर में लक्ष्य प्राप्त कर लिया। विजयी रन गोविंद शर्मा ने बनाए।
उमाशंकर को मैन ऑफ द मैच चुना गया, जिन्होंने 26 रन बनाने के साथ गेंदबाजी में 11 रन देकर एक विकेट लिया। आयोजन को सफल बनाने में दुर्गेश सोनी, सुनील यादव, तारी टुटेजा और हर्ष सहित पीसीए की टीम का सहयोग रहा।



