महासमुंद। दीनदयाल कॉलोनी परसकोल रोड में रहने वाले एक व्याख्याता के घर से सोने-चांदी के सामान सहित नगदी रकम चोरी होने की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली थाने में अज्ञात आरोपी के विरूद्ध मामला दर्ज किया गया है। पुलिस को दीनदयाल कालोनी परसकोल रोड निवासी व व्याख्याता सुखेंद्र प्रसाद द्विवेदी ने रिपोर्ट में बताया कि 01मई 2026 को वह अपने परिवार के साथ अपने जान पहचान की रोशनी त्रिपाठी के घर शादी में ग्राम ब्यवहारी जिला शहडोल मध्यप्रदेश गया था। 18 मई की रात्रि करीबन 02.25 बजे उसके पड़ोसी रमेश सिन्हा ने फोन कर और वीडियो भेजकर बताया कि तुम्हारे घर में चोर घुसे हैं। इसके बाद जब वह वापस घर आया तो देखा कि घर के मेन गेट का ताला नहीं लगा था। अंदर जाकर देखा तो द्वार एवं तीनों कमरे में लगाया हुआ ताला नहीं था।
बेडरूम में रखे दो आलमारी एवं बाक्स में लगा ताला एवं लॉक टूटा एवं सामान बिखरा हुआ था। दोनों आलमारी एवं बॉक्स में रखे चांदी की लक्ष्मी की मूर्ति, चांदी की गणेश की मूर्ति, चांदी वजन 400 ग्राम, एक नग चांदी का लोटा वजन 250 ग्राम 03 नग चांदी की कटोरी वजन 100, 12 नग चांदी के छोटे व बड़े सिक्के, 05 जोड़ी चांदी के पायल, चांदी का शिवलिंग व बेलपत्र वजन 10 ग्राम, 02 नग सोने की अंगूठी वजन 03 ग्राम, नगदी रकम 13 हजार रुपए, जियो का फाइबर सेट, सीसीटीवी का डीवीआर, पावर किट, जियो का सेटअप बाक्स अनुमानित राशि 98 हजार रुपए को अज्ञात चोर ने चोरी कर लिया। मामल को धारा 305, 331-4 बीएनएस के तहत जुर्म दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।



