महासमुंद। कोमाखान क्षेत्र स्थित कसेकेरा पहाड़ी में सोमवार की रात भालुओं के मध्य हुई आपसी लड़ाई में एक मादा भालू की मौत हो गई। वन विभाग ने मृत भालू के शव को कोमाखान डिपो ले जाकर पीएम पश्चात जलाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कसेकेरा के कोटवार को ग्रामीणों ने मंगलवार की सुबह बताया कि कसेकेरा पहाड़ी में एक भालू मृत पड़ा है। इसकी सूचना उसने वन विभाग को दी।
सूचना मलते पर वनकर्मी तुरंत घटना स्थल पहुंचे। एसडीओ फॉरेस्ट जीएस ठाकुर एवं रेंजर एलएन ध्रुव भी वहां पहुंचे। पंचनामा के बाद शव को कोमाखान वन डिपो लाया गया जहां अपरान्ह उसका तीस सदस्यीय पशु चिकित्सक की टीम ने उसका पोस्टमार्टम किया। उसके बाद डिपो में ही शव को जलाया गया।
चिकित्सकों से मिली जानकारी के अनुसार मृत मादा भालू का उम्र लगभग 10 वर्ष है। उसके सामने के दोनों पंजों में जख्म था। आपसी लड़ाई के जख्म भी थे। पेट में चोट लगी दिखी। वहीं पूंछ पर भी जख्म के निशान थे।
उल्लेखनीय है कि कसेकेरा पहाड़ी गांव के साथ लगभग लगी हुई है। इस पहाड़ी क्षेत्र में भालुओं बसेरा है। आए दिन भालुओं का गांव के घरों में तेल पीने आदि की खबरें मिलती है। गांव की गली में उनकी आवाजाही भी लगी रहती है। ग्रामवासियों में चर्चा के अनुसार बीती रात पहाड़ी पर भालुओं की आवाजें आ रही थी। जिससे ऐसा लग रहा था कि उनमें किसी प्रकार की लड़ाई हो रही है और सुबह एक मादा भालू का शव पहाड़ी पर मिला।
एसडीओ फॉरेस्ट महासमुंद ने बताया कि भालुओं की आपसी लड़ाई में मौत होने का अनुमान लगाया जा रहा है। आपसी लड़ाई में पहाड़ी से 20 फुट की ऊंचाई से गिर गयी थी। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे कोमाखान डिपो में जला दिया गया। कहा कि पीएम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद अन्य सारी जानकारियां मिल जाएगी।



