महासमुंद । नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू द्वारा सोमवार को सफाई कार्य व्यवस्था को लेकर स्वच्छता प्रभारी सहित सभी सुपरवाइजर के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। अध्यक्ष ने सफाई कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर सख्त नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य में किसी भी प्रकार की उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्यवाही करने के निर्देश संबंधित अधिकारी प्रभारी को दिए हैं। बैठक में यह भी संज्ञान में लाया गया कि स्वच्छ भारत मिशन के कुछ सफाई दीदियों द्वारा मीडिया में अनर्गल एवं भ्रामक बयानबाजी की गयी है, जिससे नगर पालिका की छवि धुमिल हुई है।
इस पर अध्यक्ष ने स्वच्छ भारत मिशन के समन्वयक एंव प्रभारी को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में यह सुनिश्चित किया जाये कि बिना सक्षम अनुमति के कोई भी कर्मचारी, सफाई मित्र, सुपरवाइजर मीडिया में भ्रामक, अनाधिकृत बयानबाजी न करे। इस प्रकार की अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि नगर में कचरा फैलाने एवं गंदगी करने वाले व्यक्तियों पर भी नियमानुसार कठोर कार्यवाही सुनिश्चित की जाएए ताकि स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाया जा सके। उन्होंने ने सभी कर्मचारियों से अपील की कि वे पूर्ण निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें, ताकि नगर में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके।
बैठक में प्रमुख रूप से स्वच्छता प्रभारी दिलीप चन्द्राकर, स्वच्छ भारत मिशन की समन्वयक नीतू प्रधान, प्रभारी नौशाद बक्श, वाहन प्रभारी सुरेश तिवारी, सफाई विभाग के जीतू सोनी, महेश कुमार, वीर कुमार, जितेंद्र सोनी, किशोर सोनी, हेमसिंह ध्रुव, मनोज कुमार, गोपाल सोना आदि उपस्थित थे।



