महासमुंद, 20 सितंबर 2026। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, परिवहन और बिक्री के खिलाफ पुलिस एवं ANTF की टीम द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बसना पुलिस और ANTF की संयुक्त टीम ने वाहन चेकिंग के दौरान गांजा तस्करी के एक मामले का पर्दाफाश करते हुए 28.465 किलो गांजा, एक वेगनआर कार और दो मोबाइल समेत कुल 18 लाख 53 हजार 250 रुपये की संपत्ति जब्त की है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक संदिग्ध काले रंग की वेगनआर कार क्रमांक MP 18 ZH 8555 तेज गति से बसना की ओर आ रही है। सूचना पर बसना थाना पुलिस और ANTF की संयुक्त टीम ने थाना बसना के सामने सड़क पर नाकाबंदी कर वाहनों की निगरानी शुरू की।
इसी दौरान संदिग्ध कार पुलिस नाकाबंदी के पास पहुंची। पुलिस को देखकर चालक ने अचानक कार को वापस मोड़ दिया और तेज रफ्तार से भागने लगा। पुलिस और ANTF की टीम ने कार का पीछा किया। कार चालक ने ग्राम चोरभट्ठी से मेदनीपुर जाने वाले मार्ग पर वाहन रोक दिया।
पुलिस के अनुसार, पकड़े जाने के डर और साक्ष्य मिटाने की नीयत से आरोपियों ने कार के अंदर गांजे से भरी बोरियों में आग लगा दी और कार को लॉक कर वहां से भागने लगे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर भाग रहे दो आरोपियों को पकड़ लिया। वहीं, आसपास मौजूद ग्रामीणों की मदद से कार का सामने का शीशा तोड़कर अंदर लगी आग को बुझाया गया। इस दौरान एक आरोपी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया।
🔥 आग बुझाने के बाद मिला अधजला गांजा
कार की आग बुझाने के बाद पुलिस टीम ने डिक्की की तलाशी ली। तलाशी के दौरान तीन अधजली प्लास्टिक बोरियों में कुल 28.465 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक जब्त गांजे की कीमत 14 लाख 23 हजार 250 रुपये है।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे ओडिशा के बलांगीर निवासी विनोद राणा से गांजा खरीदकर अपने साथी शिवा सिंह निवासी शहडोल (मध्यप्रदेश) के साथ शहडोल ले जा रहे थे। इसी दौरान बसना में पुलिस नाकाबंदी देखकर उन्होंने कार वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया और पकड़े जाने के डर से गांजे सहित कार में आग लगा दी।
👮 दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
पुलिस ने मामले में सुलभ सिंह परिहार (29) और सागर कुशवाहा (25) को गिरफ्तार किया है। दोनों मध्यप्रदेश के सतना जिले के नागौद थाना क्षेत्र के निवासी हैं। वहीं शिवा सिंह निवासी शहडोल फरार बताया गया है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट एवं BNS की संबंधित धाराओं के तहत विधि सम्मत कार्रवाई की है। मामले में गांजा सप्लाई करने वाले व्यक्ति और फरार आरोपी की भूमिका को लेकर आगे जांच जारी है।
📦 यह संपत्ति हुई जब्त
28.465 किलो गांजा — कीमत ₹14,23,250
काले रंग की वेगनआर कार MP 18 ZH 8555 — कीमत ₹4,00,000
02 मोबाइल फोन — कीमत ₹30,000
कुल जब्ती — ₹18,53,250
पुलिस की कार्रवाई से ओडिशा के बलांगीर से गांजा लाकर मध्यप्रदेश के शहडोल में खपाने की योजना विफल हो गई।



