गरियाबंद| जिले के छुरा थाना पुलिस ने हीरा तस्करी के आरोप में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 8 नग चमकीले हीरे बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 43 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि मोटरसाइकिल सवार तीन संदिग्ध हीरा लेकर रसेला क्षेत्र से गरियाबंद की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रसेला के पास घेराबंदी कर मोटरसाइकिल सवार तीनों संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 8 नग हीरे बरामद हुए।
पुलिस ने मोटरसाइकिल समेत हीरों को जब्त कर लिया है। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी गरियाबंद जिले के निवासी बताए गए हैं, जिनमें से दो आरोपी छुरा क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने खनिज एवं अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है। मामले में आगे की जांच जारी है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।



