बसना में गूंजा ‘वंदे मातरम्’, सैकड़ों विद्यार्थियों ने एक स्वर में किया सामूहिक गायन; विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने दिया राष्ट्रभक्ति और संस्कारों का संदेश विद्या भारती के आयोजन में माँ सरस्वती और भारत माता की पूजा-अर्चना, विधायक ने कहा—‘वंदे मातरम्’ मातृभूमि के प्रति भक्ति और समर्पण का प्रतीक
बसना। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के तत्वावधान में सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बसना में ‘वंदे मातरम्’ सामूहिक गायन कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया। राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत इस कार्यक्रम में बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने माँ सरस्वती एवं भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर पूजा-अर्चना के साथ किया। उन्होंने बसना क्षेत्र की सुख-समृद्धि, जन-जन की खुशहाली और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इसके बाद विद्यालय परिसर में उपस्थित सैकड़ों छात्र-छात्राओं, आचार्यों एवं अतिथियों ने एक स्वर में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया। सामूहिक गायन से पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों और राष्ट्रप्रेम की भावना से गूंज उठा।
राष्ट्रभक्ति और संस्कारों से बनता है श्रेष्ठ नागरिक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि मातृभूमि के प्रति श्रद्धा, भक्ति और समर्पण का प्रतीक है। आजादी के आंदोलन से लेकर वर्तमान समय तक इस गीत ने देशवासियों के मन में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने का कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि विद्या भारती जैसी संस्थाएं विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ राष्ट्रनिष्ठा, अनुशासन, संस्कार और भारतीय संस्कृति से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही हैं। राष्ट्रभक्ति और उच्च संस्कारों से ही श्रेष्ठ नागरिक का निर्माण होता है।
विद्यार्थियों को दिया सफलता का मंत्र
विधायक ने विद्यार्थियों से कहा कि विद्यार्थी जीवन ही व्यक्ति के चरित्र और भविष्य की आधारशिला रखता है। इसलिए विद्यार्थियों को अनुशासन, मेहनत और संस्कारों को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को अपनी भारतीय संस्कृति और परंपराओं पर गर्व करते हुए देश की प्रगति में अपना योगदान देना चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आप सभी भारत का स्वर्णिम भविष्य हैं। आपकी प्रतिभा और आपके सपनों में देश की अपार शक्ति छिपी है। असफलताओं से निराश होने के बजाय आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ना चाहिए। शिक्षा का उपयोग स्वयं के विकास के साथ समाज और राष्ट्र के कल्याण के लिए भी किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय प्रबंधन समिति एवं आचार्यों द्वारा मुख्य अतिथि विधायक डॉ. संपत अग्रवाल को स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अध्यक्ष बीज निगम चंद्रहास चंद्राकर, नगर पंचायत बसना अध्यक्ष खुशबू अग्रवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता ओमप्रकाश चौधरी, डॉ. एनके अग्रवाल, पूर्व जिला उपाध्यक्ष रमेश अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष नरेंद्र यादव, जिला महामंत्री युवा मोर्चा कामेश बंजारा, नगर पंचायत उपाध्यक्ष शीत गुप्ता, आनंद राम मंदनानी, शिशु मंदिर अध्यक्ष रामचंद्र अग्रवाल, प्रधान आचार्य धनुर्जय साहू, भाजपा महामंत्री दीपक शर्मा, सरोज पटेल, महिला मोर्चा अध्यक्ष दीपा अरुण साहू, विधायक प्रतिनिधि अरविंद मिश्रा, सुकदेव वैष्णव एवं निर्मल दास, युवा मोर्चा अध्यक्ष आकाश सिन्हा, पूर्व प्राचार्य रमेश कर सहित विद्या भारती के पदाधिकारी, विद्यालय समिति के सदस्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, प्रबुद्ध नागरिक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



