गोहिरापाली आंगनबाड़ी केंद्र में हुआ ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम
पोषण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और जनभागीदारी का दिया संदेश
बलौदा, 26 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत गोहिरापाली स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में शनिवार को ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा मंडल बलौदा की कोषाध्यक्ष श्रीमती नीलम प्रधान एवं उपाध्यक्ष श्रीमती दिव्यकांति मेहेर अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने आंगनबाड़ी केंद्र में उपस्थित बच्चों से संवाद किया और विभिन्न खेल गतिविधियों में सहभागिता की। बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं शिक्षा से जुड़ी आवश्यकताओं पर भी चर्चा की गई।
गर्भवती माताओं की हुई गोद भराई
कार्यक्रम में गर्भवती माताओं का गोद भराई संस्कार पारंपरिक एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में कराया गया। वहीं न्योता भोज का भी आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों को खीर, पूरी एवं केला परोसा गया। माताओं और ग्रामीणों ने पोषण आधारित गतिविधियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
संतुलित पोषण पर दिया जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीमती नीलम प्रधान ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के लिए संतुलित पोषण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने एनीमिया से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए मुनगा (सहजन) के औषधीय एवं पोषण संबंधी गुणों के बारे में बताया। उन्होंने महिलाओं से दैनिक भोजन में स्थानीय एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थों को शामिल करने का आह्वान किया।
ग्राम पंचायत गोहिरापाली की सरपंच श्रीमती मंदाकिनी साहू, पति श्री शरद साहू ने पोषण अभियान के महत्व पर जानकारी देते हुए कहा कि बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं माताओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए समुदाय की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से संचालित पोषण एवं जागरूकता गतिविधियों को जनभागीदारी से आगे बढ़ाने की बात कही।
जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और ग्रामीण रहे मौजूद
कार्यक्रम में पंच श्री श्यामलाल गार्डिया, नर्स श्रीमती ललिता विशाल, महिला स्व-सहायता समूह से श्रीमती सावित्री कुमार, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती प्रभाषिनी नाग एवं श्रीमती भूमिसुता सोना सहित ग्रामीणजन एवं हितग्राही महिलाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती प्रभाषिनी नाग की विशेष भूमिका रही। उन्होंने कार्यक्रम से पूर्व तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रूप से पूरा किया, जिससे बच्चों, गर्भवती माताओं एवं अतिथियों के लिए कार्यक्रम सहज और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के माध्यम से उपस्थित लोगों को “पोषण, स्वास्थ्य और जनभागीदारी—सशक्त परिवार की आधारशिला” का संदेश दिया गया।



