नौगड़ी में च्वाइस सेंटर और किराना दुकान में चोरी, 12,500 रुपये नकद और मोबाइल पार
भंवरपुर। महासमुंद जिले के बसना थाना अंतर्गत चौकी भंवरपुर क्षेत्र के ग्राम नौगड़ी में अज्ञात चोर ने एक च्वाइस सेंटर एवं किराना दुकान को निशाना बनाते हुए नगदी रकम और मोबाइल फोन की चोरी कर ली। चोरी गए सामान की कुल कीमत 17,500 रुपये बताई गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(A) एवं 331(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।
रोशनदान तोड़कर दुकान में घुसा चोर
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम नौगड़ी निवासी कुंजबिहारी पटेल (27 वर्ष), पिता द्रोण कुमार पटेल, गांव में भैंसाखुरी रोड पर कंप्यूटर दुकान एवं किराना दुकान संचालित करते हैं। प्रार्थी के मुताबिक, 9 अक्टूबर 2026 को रात करीब 7 बजे उन्होंने अपनी दुकान के गल्ले में 12,500 रुपये नगद रखे थे। इस रकम में 500 और 200 रुपये के नोट शामिल थे। इसके साथ ही उन्होंने अपना पुराना इस्तेमाल किया हुआ रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन, जिसकी कीमत करीब 5,000 रुपये थी, गल्ले में रखा और दुकान में ताला लगाकर घर चले गए।
सुबह दुकान खोलने पर हुई चोरी की जानकारी
10 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 6 बजे जब कुंजबिहारी पटेल अपनी दुकान पहुंचे और ताला खोलकर अंदर गए, तो उन्होंने देखा कि दुकान का रोशनदान टूटा हुआ था। अज्ञात व्यक्ति रोशनदान तोड़कर दुकान के अंदर घुसा था और गल्ले में रखे 12,500 रुपये नगद तथा रियलमी कंपनी का पुराना मोबाइल फोन चोरी कर ले गया था। चोरी गई नकदी और मोबाइल की कुल कीमत 17,500 रुपये बताई गई है।
11 अक्टूबर को पुलिस में दर्ज कराई शिकायत
प्रार्थी कुंजबिहारी पटेल ने चोरी की घटना के संबंध में 11 अक्टूबर 2026 को चौकी भंवरपुर में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर रिपोर्ट दर्ज कराने और उचित कार्रवाई करने की मांग की। आवेदन के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(A) एवं 331(4) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
थाना बसना भेजी गई असल नंबरी के लिए नालसी
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, चौकी भंवरपुर में पदस्थ आरक्षक क्रमांक 429 इतवारी ओगरे द्वारा 11 अक्टूबर 2026 को चौकी प्रभारी के आदेश पर अपराध क्रमांक 00/2026 की बिना नंबरी देहाती नालसी को असल नंबरी अपराध कायम करने के लिए थाना बसना भेजा गया। घटना ग्राम नौगड़ी में हुई, जो थाना बसना से पश्चिम दिशा में लगभग 9 किलोमीटर दूर है।
- पुलिस मामले की विवेचना कर रही है तथा अज्ञात आरोपी की पहचान और चोरी की गई रकम एवं मोबाइल फोन की बरामदगी के संबंध में आगे की कार्रवाई की जाएगी।



