बसना/तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार घायल, बसना के अस्पताल में इलाज जारी
महासमुंद/बसना 11 अक्टूबर 2026। बसना से बिलाईगढ़ जाने वाले मार्ग पर ग्राम गोड़मर्रा टुकड़ा के पास कार की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार जितेन्द्र साहू घायल हो गए। घायल का बसना स्थित अग्रवाल नर्सिंग होम में उपचार जारी है। मामले में घायल के भाई ने थाना पहुंचकर कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, ग्राम भीखापाली निवासी शिकायतकर्ता कक्षा 12वीं तक पढ़ा-लिखा है और खेती-किसानी का काम करता है। उसने बताया कि दिनांक 8 अक्टूबर 2026 को उसका भाई जितेन्द्र साहू अपनी निजी मोटरसाइकिल क्रमांक CG06HA4878 से निजी काम के सिलसिले में बसना जाने के लिए निकला था। उस समय शिकायतकर्ता अपने घर पर था।
सुबह करीब 11 बजे ग्राम भीखापाली के अमित भोई ने मोबाइल फोन से कॉल कर सूचना दी कि बसना से बिलाईगढ़ जाने वाले मार्ग पर गोड़मर्रा टुकड़ा के पास उसके भाई जितेन्द्र साहू का एक्सीडेंट हो गया है। सूचना मिलने पर शिकायतकर्ता घटनास्थल पर पहुंचा, जहां डायल 112 की गाड़ी पहले से मौजूद थी।
हादसे में जितेन्द्र साहू के कंधे, कमर, चेहरे और सीने में चोटें आई थीं। डायल 112 की सहायता से उन्हें उपचार के लिए शासकीय अस्पताल बसना ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें रिफर कर दिया, जिसके बाद अग्रवाल नर्सिंग होम बसना में भर्ती कराया गया। वहां उनका इलाज जारी है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, घटनास्थल पर मौजूद रवि भोई, जुगलेश एवं मिथलेश साव ने उसे बताया कि कार क्रमांक CG08K2120 के चालक ने अपने वाहन को तेज गति और लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए उसके भाई की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से जितेन्द्र साहू मोटरसाइकिल सहित सड़क पर गिर गया और उसे चोटें आईं। हादसे में मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई।
भाई को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराने के बाद शिकायतकर्ता ने दिनांक 11 अक्टूबर 2026 को थाने पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई और मामले में कार्रवाई की मांग की। पुलिस को दिए गए बयान में शिकायतकर्ता ने बताया कि रिपोर्ट उसकी बताई गई जानकारी के अनुसार लिखी गई है।



