
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में मेरा युवा भारत (MY Bharat) महासमुंद द्वारा जिला युवा अधिकारी सुवसुंधरा साहू एवं माय भारत महासमुंद के अशोक चक्रधारी के कुशल निर्देशन में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अंकोरी में ‘स्वच्छता पखवाड़ा’ के अंतर्गत रंगोली प्रतियोगिता का गरिमामय आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के लगभग 40 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा नशा मुक्ति जैसे ज्वलंत विषयों पर एक से बढ़कर एक आकर्षक एवं संदेशपरक रंगोलियां बनाईं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) बसना बद्रीविशाल जोल्हे एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में बीआरसी अनिल साव, संकुल समन्वयक आरिफ बेग, विद्यालय के प्राचार्य संतलाल डड़सेना तथा भूतपूर्व प्राचार्य यज्ञराम सिदार उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों की कला एवं सामाजिक संदेश की मुक्तकंठ से सराहना की। इस अवसर पर सभी उपस्थित विद्यार्थियों व शिक्षकों को स्वच्छ भारत के निर्माण और अपने परिवेश को साफ-सुथरा रखने हेतु स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।
प्रतियोगिता परिणाम:
रंगोली प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नमिषा प्रधान ने प्रथम, मिली प्रधान ने द्वितीय तथा अंबिका सिदार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अतिथियों द्वारा विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार तथा सभी हिस्सा लेने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस दौरान विद्यालय के व्याख्याता लालता प्रसाद डड़सेना, हीराधर राणा, मधुमंगल बारीक, उमाशंकर भोई, श्रीमती नीलिमा साहू, जगतारण जांगड़े, विजय कुमार कौशिक, आशीष त्रिपाठी, जयंत कुमार सहित समस्त शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन माय भारत वालंटियर डिम्पल डड़सेना द्वारा किया गया।




