सरायपाली: राजनीति में बराबर की भागीदारी देने हेतु लाए गए ऐतिहासिक ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को लेकर कांग्रेस की नकारात्मक भूमिका के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी मंडल सरायपाली ने कड़ा रुख अपनाया है।

सरायपाली: राजनीति में बराबर की भागीदारी देने हेतु लाए गए ऐतिहासिक ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को लेकर कांग्रेस की नकारात्मक भूमिका के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी मंडल सरायपाली ने कड़ा रुख अपनाया है।

भाजपा मंडल अध्यक्ष गुंजन अग्रवाल, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष कंचन अग्रवाल एवं जिला महामंत्री महिला मोर्चा तारेश्वरी नायक ने संयुक्त रूप से कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए इसे “नारी शक्ति के साथ बड़ा विश्वासघात” करार दिया है।

*कांग्रेस ने बोई बाधाएं, नारी शक्ति देगी करारा जवाब: गुंजन अग्रवाल*
मंडल अध्यक्ष गुंजन अग्रवाल ने कहा कि जहाँ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नारी को ‘वंदनीय’ मानते हुए सदियों से लंबित आरक्षण बिल को लागू करने हेतु एक महत्वपूर्ण कदम उठाया, वहीं कांग्रेस ने इस महायज्ञ में बाधाएं डालने का काम किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल “वोट बैंक” की राजनीति जानती है और उसे डर है कि यदि महिला नेतृत्व सशक्त हुआ, तो कांग्रेस की परिवारवाद वाली राजनीति जड़ से खत्म हो जाएगी। संसद में बिल को रोकने और इसके प्रावधानों पर भ्रम फैलाने का पाप देश की मातृशक्ति कभी माफ नहीं करेगी।
*दोहरा चरित्र उजागर, महिलाओं का अपमान बर्दाश्त नहीं: कंचन अग्रवाल*
महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष कंचन अग्रवाल ने तीखे शब्दों में कहा, “कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं को केवल एक वोट बैंक समझा है। दशकों तक सत्ता में रहने के बावजूद उन्होंने कभी भी इस बिल को गंभीरता से नहीं लिया। आज जब यह कानून का रूप ले चुका है, तो वे इसे लागू होने से रोकने के लिए तकनीकी अड़चनें पैदा कर रहे हैं।” उन्होंने सरायपाली क्षेत्र की महिलाओं से आह्वान किया कि वे कांग्रेस के इस दोहरे चरित्र को समझें और आने वाले चुनावों में इस अपमान का बदला लें।

*सड़क से सदन तक बेनकाब होगी कांग्रेस: तारेश्वरी नायक*
महिला मोर्चा की जिला महामंत्री तारेश्वरी नायक ने प्रेस विज्ञप्ति में विस्तार से कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने संसद के भीतर महिला अधिकारों की “भ्रूण हत्या” करने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी जी ने इसे 40 साल से लंबित अधिकार को दिलाने वाला ‘महायज्ञ’ बताया था, लेकिन कांग्रेस ने इसे रोकने के लिए अपनी पूरी ताकत लगा दी। हम भाजपा महिला मोर्चा के माध्यम से सरायपाली के प्रत्येक गांव और वार्ड में जाकर कांग्रेस के इस ‘महिला विरोधी’ और ‘विकास विरोधी’ चेहरे को बेनकाब करेंगे।”

बागबाहरा: महिलाएं सहित 52 आरोपी जेल वन भूमि पर कब्जा पड़ा भारी: प्रशासन की सख्त चेतावनी

 

महासमुंद 21 अप्रैल 2026/ माननीय वनमंत्री श्री केदार कश्यप की मंशानुसार वन क्षेत्रों में अतिक्रमण के विरुद्ध संचालित अभियान के अंतर्गत 20 अप्रैल को वनमंडल महासमुंद के बागबहरा परिक्षेत्र अंतर्गत आमाकोनी सर्किल, तमोरा बीट के कक्ष क्रमांक 95 एवं 96 (आरक्षित वन) में अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान पाया गया कि ग्राम तमोरा के कुछ व्यक्तियों द्वारा लगभग 94 हेक्टेयर आरक्षित वनभूमि पर अवैध अतिक्रमण करते हुए हरे-भरे एवं मूल्यवान वृक्षों की अवैध कटाई की गई तथा कृषि प्रयोजन हेतु भूमि पर अनधिकृत कब्जा स्थापित करने के उद्देश्य से व्यापक खुदाई/जुताई की गई थी। साथ ही, वनभूमि की सीमा निर्धारण हेतु स्थापित सीमेंट-कांक्रीट निर्मित मुनारों (सीमा चिन्हों) को तोड़ा/क्षतिग्रस्त किया गया। इन अवैध गतिविधियों के परिणामस्वरूप मूल्यवान वृक्ष प्रजातियों एवं औषधीय जड़ी-बूटियों को भारी क्षति पहुँची है, जो कि पूर्णतः विधि-विरुद्ध एवं दंडनीय अपराध है।

उक्त प्रकरण में संबंधित अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम, 1927 की धारा 26(1)(च), 26(1)(ज) तथा लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम, 1984 की धारा 3(1) के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विधिसम्मत कार्यवाही की गई। कुल 52 आरोपियों जिसमें 12 महिला एवं 40 पुरुष को गिरफ्तार कर जिला न्यायालय महासमुंद में प्रस्तुत किया गया, जहां से सभी आरोपियों को जेल भेजा गया।
मुख्य वन संरक्षक श्री मणिवासगण एवं वनमंडलाधिकारी श्री मयंक पांडेय ने कहा है कि वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण अथवा अवैध गतिविधि किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषियों के विरुद्ध कठोरतम वैधानिक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
उल्लेखनीय है कि उक्त आरोपी आदतन अपराधी हैं, जिनके विरुद्ध पूर्व में भी कार्यवाही की जा चुकी है, किंतु उनके व्यवहार में सुधार नहीं हुआ। ये मूलतः ओडिशा के निवासी हैं, जो विगत कुछ वर्षों से ग्राम तमोरा में निवासरत हैं। स्थानीय ग्रामीणों द्वारा भी इनका विरोध किया जाता रहा है, किंतु इनके आक्रामक एवं आपराधिक व्यवहार के कारण क्षेत्र में भय का वातावरण बना हुआ था। आरोपियों द्वारा कई बार वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार, अश्लील गाली-गलौज एवं धमकी भी दी गई है।
उक्त कार्यवाही हेतु उप वनमंडलाधिकारी महासमुंद श्री गोविंद सिंह, परिक्षेत्र अधिकारी श्री लोकनाथ ध्रुव एवं रेंजर श्री नवीन वर्मा द्वारा पूर्व से ही सुनियोजित रणनीति तैयार की गई थी। इस अभियान में परिक्षेत्र सहायक श्री नवीन शर्मा, डिप्टी रेंजर श्री मोतीलाल साहू, श्री भुवनेश्वर तिवारी, श्री दुलार सिन्हा, वनपाल श्री योगेश कन्नौजे तथा वनरक्षक श्री रणजीत ठाकुर, श्री नीलकंठ दीवान, श्री चुकेश सिंह ध्रुव, श्री कमल यादव, श्री वीरेंद्र कुमार ध्रुव, श्री टोमन दीवान, श्री पूरण ध्रुव, श्री खेमराज साहू, श्री चित्रसेन दीवान, श्री नरेंद्र ध्रुव, श्रीमती कविता ठाकुर, श्रीमती कांति ध्रुव सहित वन विद्यालय महासमुंद के प्रशिक्षु वनरक्षकों की सक्रिय सहभागिता रही।

महासमुंद/पोषण पखवाड़ा में आयुष विभाग की पहल: माँ और बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए जागरूकता अभियान तेज

महासमुंद/पोषण पखवाड़ा में आयुष विभाग की पहल: माँ और बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए जागरूकता अभियान तेज

महासमुंद,संचालनालय आयुष छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार 8वें पोषण पखवाड़ा 2026 के अंतर्गत जिला आयुष विभाग द्वारा 9 से 23 अप्रैल 2026 तक विभिन्न जनजागरूकता एवं स्वास्थ्य संवर्धन कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जा रहा है।

जिला आयुष अधिकारी डॉ. मुक्ता बारिहा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष पोषण पखवाड़ा का मुख्य विषय जीवन के पहले 6 वर्षों में मस्तिष्क के विकास को अधिकतम करना निर्धारित किया गया है। इसी उद्देश्य के तहत गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं, शिशुओं एवं छोटे बच्चों के मानसिक एवं शारीरिक विकास पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।

इस दौरान जिला आयुष विभाग द्वारा विभिन्न आयुष संस्थानों एवं चिकित्सा अधिकारियों के माध्यम से अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें सुवर्णप्राशन संस्कार, गर्भिणी परिचर्या जागरूकता, शिशु एवं बाल स्वास्थ्य परामर्श, पोषण एवं स्वस्थ जीवनशैली पर स्वास्थ्य शिक्षा, योग एवं प्राणायाम प्रशिक्षण, आयुर्वेदिक आहार एवं दिनचर्या संबंधी मार्गदर्शन तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम शामिल हैं।

ये कार्यक्रम जिला आयुष विभाग के अंतर्गत संचालित शासकीय आयुष पॉलीक्लिनिक, आयुर्वेदिक औषधालय, होम्योपैथी एवं यूनानी चिकित्सा संस्थानों में आयोजित किए जा रहे हैं। इनके माध्यम से गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं तथा 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों के अभिभावकों को पोषण, आयुष चिकित्सा पद्धतियों और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

डॉ. बारिहा ने बताया कि इन गतिविधियों का मुख्य उद्देश्य मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार लाना, कुपोषण को कम करना तथा बच्चों के समग्र विकास को बढ़ावा देना है।

जिला आयुष विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे अपने नजदीकी आयुष संस्थानों में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेकर आयुष चिकित्सा पद्धति का लाभ उठाएं और स्वस्थ समाज के निर्माण में सहयोग करें।

सरायपाली: 20 रु का पानी बॉटल खरीदने मजबूर , वाटर एटीएम लाखों रु की योजना होने के बावजूद ऐसा क्यों ठेकेदार पर अभी भी जिम्मेदारी – क्या कहते है नगरपालिका अधिकारी

छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के दौर में सरायपाली नगर के बस स्टैंड परिसर में स्थापित वाटर एटीएम बंद पड़ा हुआ है, जिससे यात्रियों को पीने के पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। नगरपालिका द्वारा लाखों रुपए की लागत से लगाए गए इस वाटर एटीएम का उद्देश्य यात्रियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना था, लेकिन वर्तमान में यह पूरी तरह निष्क्रिय है।

बंद पड़े वाटर एटीएम के सामने अतिक्रमण की स्थिति भी देखने को मिल रही है, जहां एक होटल संचालक द्वारा सामान रखा जा रहा है। वहीं, आसपास के ढाबा और रेस्टोरेंट संचालकों द्वारा कचरा और प्लास्टिक सड़क किनारे फेंके जाने से स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित हो रही है तथा मवेशियों के लिए भी खतरा उत्पन्न हो रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार द्वारा बनाई गई यह योजना ठेकेदार की लापरवाही के कारण धरातल पर विफल हो गई है।
इस संबंध में नगरपालिका सरायपाली के सीएमओ दिनेश यादव ने बताया कि वाटर एटीएम ठेकेदार की गारंटी अवधि में है और जल्द ही इसे सुधारने की कार्रवाई की जाएगी। खबर अभी बाकी है

साथ ही बाहर कचड़ा फेंकने वाले के खिलाफ भी सुधार की कार्यवाही करने की बात कहा गया है अब देखने वाली बात यह है क्या वाटर एटीएम को सुधार किया जाएगा कि बस यह एक बयान बाजी है अगली खबर एक सप्ताह बाद प्रकाशन होगा वाटर एटीएम के संबंध में और हम आपको बताएंगे कि अधिकारी कितने सक्रिय हैं

सरायपाली अग्रवाल मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में डॉ. अनुराधा व डॉ. अभिषेक अग्रवाल देंगे टेढ़े-मेढ़े दांतों का आधुनिक इलाज, 19 अप्रैल को विशेष परामर्श शिविर

सरायपाली अग्रवाल मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में डॉ. अनुराधा व डॉ. अभिषेक अग्रवाल देंगे टेढ़े-मेढ़े दांतों का आधुनिक इलाज, 19 अप्रैल को विशेष परामर्श शिविर

बसना/सरायपाली। अग्रवाल मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में टेढ़े-मेढ़े दांतों एवं जबड़े से जुड़ी समस्याओं के आधुनिक उपचार के लिए 19 अप्रैल 2026 को विशेष दंत परामर्श एवं उपचार शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर में अनुभवी विशेषज्ञ डॉ. अनुराधा  (MDS ऑर्थोडॉन्टिक्स) एवं डॉ. अभिषेक अग्रवाल (BDS, MDS) अपनी सेवाएं देंगे।

शिविर में बाहर निकले हुए दांत, दांतों के बीच गैप, टेढ़े-मेढ़े दांतों को ब्रेसेस द्वारा सही आकार देना, कटे होंठ एवं तालु का उपचार, हड्डी में फंसे दांतों को सही स्थान पर लाना, अंगूठा चूसने जैसी आदतों का इलाज, छोटे-बड़े जबड़े की समस्या तथा विकृत जबड़े का ऑपरेशन सहित विभिन्न दंत समस्याओं का उपचार किया जाएगा।

इसके अलावा 3D डेंटल स्कैनर की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, जिससे मरीजों को सटीक एवं आधुनिक जांच का लाभ मिलेगा।

शिविर का आयोजन सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक अग्रवाल डेंटल एंड पॉलीक्लिनिक, मेन रोड, IDBI बैंक के पास, सरायपाली में तथा दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक अग्रवाल नर्सिंग होम, बसना, जिला महासमुंद में किया जाएगा।

आयोजकों ने क्षेत्र के लोगों से इस अवसर का लाभ उठाकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेने की अपील की है। अपॉइंटमेंट हेतु मोबाइल नंबर 9165266994 एवं 9174335366 पर संपर्क किया जा सकता है।

महासमुंद किसानों के लिए खुशखबरी: MSP पर खरीदी शुरू, पंजीयन की अंतिम तिथि 20 अप्रैल

महासमुंद किसानों के लिए खुशखबरी: MSP पर खरीदी शुरू, पंजीयन की अंतिम तिथि 20 अप्रैल

महासमुंद/ प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (PM-AASHA) के तहत प्राईस सपोर्ट स्कीम के अतंर्गत रबी वर्ष 2025-26 में दलहन / तिलहन खरीदी का शुभारंभ जिले के 03 उपार्जन केन्द्रों में किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में किसानों द्वारा तिलहन उत्पाद का उपार्जन किया गया। जिसमें कृषि उपज मंडी पिटियाझर महासमुंद में कृषक श्री खोरबाहरा निषाद ग्राम घोडारी द्वारा 7 क्विटल सरसों बीज उपार्जन किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्री जागेश्वर चन्द्राकर, उप संचालक कृषि श्री एफ.आर. कश्यप, जिला नोडल अधिकारी श्री अविनाश शर्मा, अनुविभागीय अधिकारी श्रीमती गणेश्वरी बंजारे, जिला विपणन महासमुंद से प्रोग्रामर श्री प्रशांत जोशी, समिति प्रबंधक एवं कृषकगण उपस्थित रहे।

इसी तरह कृषि उपज मंडी बसना के कृषक श्री मोहन नायक ग्राम दलदली द्वारा 15 क्विटल सरसों बीज उपार्जन किया गया। इस अवसर श्री रमेश अग्रवाल, श्रीमती दीपा अरुण साह, बसना सहकारी समिति अध्यक्ष श्री जन्मजय साव उपस्थित रहें। इसके अलावा कृषि उपज मंडी सरायपाली में कृषक श्री पंकज राज पटेल ग्राम कुटेला (1.5 किंव.) एवं श्री सागरचंद पटेल ग्राम केना (01 क्विं.) से किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियो ं एवं कृषि विभाग के अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही तथा बड़ी संख्या में कृषक भी उपस्थित होकर योजना का लाभ लेने पहुंचे।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोगरा पटेल, जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री प्रकाश पटेल, कृषि सभापति श्रीमती बालमोती पटेल एवं अन्य जनप्रतिनिधियो ने सहभागिता करते हुए किसानों को योजना का लाभ लेने हेतु प्रेरित किया। इस अवसर पर अनुविभागीय राजस्व अधिकारी, अनुविभागीय कृषि अधिकारी, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी मण्डी सचिव, प्रा.कृ.सा. सह. समिति सरायपाली प्रबंधक, कृषि विकास अधिकारी एवं समस्त ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों द्वारा सरसों की गुणवता जांच, तौल प्रक्रिया एवं खरीदी व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। उपस्थित कृषकों को समर्थन मूल्य पर चना 5875 रु प्रति क्विटल, मसूर 7000 रू प्रति क्विटल एवं सरसों 6200 रू प्रति क्विटल पर अपनी उपज बेचने के लिए आवश्यक प्रक्रियाओ ं की जानकारी दी गई तथा पारदर्शी एवं सुचारू रूप से खरीदी व्यवस्था का क्रियान्वयन किया जा सके। कार्यक्रम में उपस्थित कृषकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा खरीदी केन्द्र पर अपनी उपज लेकर पहुंचे।

ई-समृद्धि पोर्टल में दलहन एवं तिलहन फसलों का पंजीयन तिथि 20 अप्रैल 2026 तक बढ़ाई गई है। उपसंचालक कृषि द्वारा महासमुंद जिले के अंतर्गत सभी 06 उपार्जन केन्द्रों पिटियाझर, सिर्रीपठारीमुड़ा, कोमाखान, पिथौरा, बसना एवं सरायपाली के माध्यम से किसानों को अधिक से अधिक पंजीयन कराकर योजना का लाभ लेने हेतु आव्हान किया गया है। छ.ग. शासन किसानों की आय बढ़ाने हेतु निरंतर प्रयासरत है।

बागबाहरा/ खुसरूपाली विद्यालय में नेवता भोज का गरिमामय आयोजन

बागबाहरा/ खुसरूपाली विद्यालय में नेवता भोज का गरिमामय आयोजन

महासमुंद/ विकासखंड बागबाहरा अंतर्गत शासकीय माध्यमिक शाला खुसरूपाली में आज नेवता भोज कार्यक्रम का गरिमामय एवं सुव्यवस्थित आयोजन किया गया। यह आयोजन कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह द्वारा अपनी माता स्व. संतोष कुमारी जी की पुण्य स्मृति में आयोजित किया गया। जो सेवा भावना, सहयोग और मानवीय संवेदनाओं को सुदृढ़ करने की प्रेरणादायक पहल के रूप में परिलक्षित हुआ। कार्यक्रम के लिए विद्यालय परिसर को स्वच्छ, आकर्षक एवं सुव्यवस्थित रूप से सजाया गया था। विद्यार्थियों, अभिभावकों और ग्रामवासियों के लिए बेहतर बैठने की व्यवस्था की गई थी। पूरे आयोजन में अनुशासन और मर्यादा का विशेष ध्यान रखा गया। भोजन की गुणवत्ता उत्कृष्ट रही और वितरण व्यवस्था पारदर्शी एवं सुचारू रूप से संपन्न हुई।

कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी विजय लहरे ने उपस्थित रहकर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता जैसे मानवीय मूल्यों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस दौरान डीईओ श्री लहरे ने विद्यार्थियों को खीर, पुड़ी एवं मिठाई परोसा। इस अवसर विद्यालय के वातावरण में उत्साह का माहौल रहा।

कार्यक्रम में सरपंच पवन ठाकुर, एसएमडीसी अध्यक्ष, विद्यालय परिवार, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी शामिल हुए। साथ ही एबीईओ रामता मन्नाडे, सीएसी देव सिन्हा, प्रधानपाठक प्रेमचंद डड़सेना सहित शिक्षकों और स्टाफ की उपस्थिति रही। सभी ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण प्रयास बताया।

छत्तीसगढ़ में शुरू होने जा रहा है राशन एटीएम’: अब फिंगरप्रिंट से मिलेगा अनाज, लंबी लाइनों से मिलेगी राहत?

छत्तीसगढ़ में शुरू होने जा रहा है राशन एटीएम’: अब फिंगरप्रिंट से मिलेगा अनाज, लंबी लाइनों से मिलेगी राहत?

छत्तीसगढ़ की विष्णु देव साय सरकार राज्य में सरकारी राशन दुकानों पर हो रही गड़बड़ियों को रोकने के लिए बड़ा कदम उठाने जा रही है. सरकार अब ‘राशन एटीएम’ का पायलट प्रोजेक्ट लॉन्च करने की तैयारी में है. यह व्यवस्था उड़ीसा की राजधानी भुवनेश्वर की तर्ज पर लागू की जाएगी, जहां इस तरह की मशीनें पहले से काम कर रही हैं.

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अब बैंक एटीएम की तरह ही एक ऐसा एटीएम लगने जा रहा है, जिससे राशन कार्डधारकों को राशन मिलेगा. इसके लिए रायपुर के मोतीबाग में केंद्र सरकार की टीम ने जगह भी देख ली है और कुछ ही दिन में यहां ATM लग जाने के बाद लोग यहां से अपना राशन ले सकेंगे. इस ATM मशीन में लाभार्थी को अपना राशन कार्ड नंबर डालना होगा या आधार आधारित बायोमेट्रिक (अंगूठा) लगाना होगा. जिसके बाद स्क्रीन पर अनाज की मात्रा दिखाई देगी और मशीन से निर्धारित मात्रा में चावल या शक्कर सीधे थैले में गिर जाएगा. इस पूरी प्रोसेस में एक मिनट से भी कम का समय लगेगा.

रायपुर जिले में इसके सफल संचालन के बाद प्रदेश के दूसरे जिलों में भी इसे लागू किया जाएगा. यह एटीएम 24 घंटे चालू रहेगा, जिससे लाभार्थी अपनी सुविधा के हिसाब से किसी भी टाइम इस मशीन से अपना राशन ले सकेंगे. एक तरफ इससे लोगों को काफी सुविधा होगी, तो वहीं सरकारी राशन दुकानों में बैठने वाले संचालकों का कहना है कि इससे हमारी नौकरी खतरे में आ जाएगी. राशन दुकान के संचालकों ने कहा कि राशन एटीएम से हितग्राहियों को तो फायदा होगा लेकिन हमारी रोजी-रोटी संकट में आ जाएगी. हमारा कमीशन खत्म हो जाएगा. इसी से हमारा खर्च चलता है.

 

राशन की कालाबाजारी रुकेगी
रायपुर के खाद्य नियंत्रक भूपेंद्र मिश्रा ने कहा कि राज्य में पहली बार राशन एटीएम लगने जा रहा है. इसके लिए जगह का चयन करके मुख्यालय को सूचित किया गया है. इसका उद्देश्य लोगों को सहूलियत देना है. जिस तरह एटीएम से पैसा निकालते हैं, ठीक उसी तरह राशन कार्ड के माध्यम से और आधार कार्ड के जरिए हितग्राही अपना राशन निकाल सकते हैं. इससे राशन की कालाबाजारी भी रुकेगी और राशन वास्तविक हितग्राहियों तक पहुंच सकेगा !

तेंदुकोना: फर्जी बहाने से घर में घुसकर 25 हजार की चोरी, / पिथौरा में अवैध शराब परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, 5.15 लाख की शराब व कार जब्त, एक गिरफ्तार, एक फरार /सरायपाली क्रूरता से मवेशी परिवहन पर पुलिस की कार्रवाई

तेंदुकोना: फर्जी बहाने से घर में घुसकर 25 हजार की चोरी, / पिथौरा में अवैध शराब परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, 5.15 लाख की शराब व कार जब्त, एक गिरफ्तार, एक फरार /सरायपाली क्रूरता से मवेशी परिवहन पर पुलिस की कार्रवाई,

 

महासमुंद। जिले के थाना तेंदुकोना अंतर्गत चौकी बुंदेली क्षेत्र में अज्ञात व्यक्ति द्वारा घर में घुसकर चोरी करने का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सुईनारा निवासी सदानंद चक्रधारी के घर से करीब 25 हजार रुपये नगद चोरी हो गए।
घटना 16 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 10:30 बजे की है। बताया गया कि प्रार्थी घर से खाद लेने नवागांव कला गया था। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल से उसके घर पहुंचा और उसकी बेटी से पिता के बारे में जानकारी लेकर खुद को सीमेंट का पैसा लेने वाला बताने लगा। उसने चालाकी से घर की चाबी का पता किया और बाद में कुल्हाड़ी से संदूक का ताला तोड़कर उसमें रखे नगद रुपये लेकर फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलने पर प्रार्थी घर लौटा और परिजनों से पूछताछ में पूरी घटना सामने आई। सूचना के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 305(A), 332(C) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पिथौरा में अवैध शराब परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, 5.15 लाख की शराब व कार जब्त, एक गिरफ्तार, एक फरार
महासमुंद, 16 अप्रैल। पिथौरा पुलिस ने पेट्रोलिंग के दौरान अवैध शराब परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि वाहन मालिक फरार हो गया। पुलिस ने मौके से करीब 5 लाख 15 हजार 600 रुपए मूल्य की शराब एवं कार जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना पिथौरा में पदस्थ उपनिरीक्षक दिलीप ठाकुर 15 अप्रैल 2026 की रात पेट्रोलिंग पर थे। इस दौरान गार्डन चौक के पास एक सफेद रंग की ब्रेजा कार (CG 06 HB 9500) का चालक पुलिस को देखकर तेज गति से देवार बस्ती की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो चालक पिथौरा गौशाला के पास वाहन छोड़कर फरार हो गया।
कार में बैठे एक व्यक्ति को पुलिस ने मौके पर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम संतोष यादव (46 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 12 रानीसागरपारा पिथौरा बताया। उसने बताया कि फरार आरोपी वाहन मालिक कमलजीत उर्फ प्रिंस सलूजा है।
पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार की डिग्गी से 02 नीले रंग की बोरियों एवं 01 कपड़े के थैले में भरी 195 पौवा देशी मदिरा (प्रत्येक 180 एमएल) बरामद हुई। कुल शराब 35 लीटर 100 एमएल पाई गई, जिसकी कीमत 15,600 रुपए आंकी गई।
इसके अलावा मौके से जब्त ब्रेजा कार की कीमत लगभग 5 लाख रुपए बताई गई है। इस प्रकार कुल जब्त संपत्ति 5,15,600 रुपए है।
आरोपी के पास शराब परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत उसे गिरफ्तार कर लिया। वहीं फरार आरोपी कमलजीत उर्फ प्रिंस सलूजा की तलाश जारी है।
पुलिस ने बताया कि पूरी कार्रवाई के बाद थाना में अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है।

45 मवेशियों की तस्करी करते तीन आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
महासमुंद। थाना तेंदुकोना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से मवेशियों की तस्करी कर रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग मवेशियों को क्रूरता पूर्वक मारते-पीटते हुए वध के लिए ओडिशा की ओर ले जा रहे हैं। सूचना की तस्दीक पर पुलिस टीम ने ग्राम सोहागपुर के पकलू बंधिया खार में घेराबंदी कर कार्रवाई की।
इस दौरान पुलिस ने दिलहरण मिरी (31 वर्ष), समारू रोहिदास (58 वर्ष) और टिकेश्वर अजगर (31 वर्ष) को मौके से गिरफ्तार किया, जबकि गोपाल रात्रे फरार हो गया। आरोपियों के कब्जे से कुल 45 मवेशी (बैल) बरामद किए गए, जिनकी कीमत लगभग 11 लाख 25 हजार रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मवेशियों को बलौदाबाजार से लाकर ओडिशा बेचने ले जा रहे थे। उनके पास कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

क्रूरता से मवेशी परिवहन पर पुलिस की कार्रवाई, 4 भैंसे, पिकअप व मोबाइल जब्त, आरोपी गिरफ्तार
महासमुंद, 16 अप्रैल। बलौदा थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए मवेशियों को क्रूरता पूर्वक परिवहन करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 4 भैंसे, एक पिकअप वाहन और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 4 लाख 5 हजार रुपए आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, थाना बलौदा में पदस्थ निरीक्षक शैलेन्द्र नाग 16 अप्रैल 2026 को एएसआई भोई व आरक्षक क्रमांक 570 के साथ शासकीय वाहन (CG 03 A 1086) से पेट्रोलिंग पर थे। इसी दौरान सुंदर नगर मोड़ पर मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की पिकअप वाहन (क्रमांक OD 03 AD 7441) में मवेशियों को ठूंस-ठूंस कर बिना चारा-पानी के भरकर ले जाया जा रहा है।
सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने गवाहों को साथ लेकर हरिबंशपुर-बलौदा मार्ग स्थित नहर पुलिया के पास घेराबंदी की। कुछ देर बाद संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर जांच की गई। चालक ने अपना नाम पदमनाभ उर्फ पप्पू अदा बरिआ (34 वर्ष), निवासी रोथ थाना आगलपुर राज, जिला बलांगीर (उड़ीसा) बताया।
तलाशी के दौरान वाहन में 4 नग काले रंग के भैंसे ठूंस-ठूंस कर भरे हुए पाए गए, जिन्हें बिना चारा-पानी के ले जाया जा रहा था। आरोपी से वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने गवाहों की उपस्थिति में 4 भैंसे (कीमत 1 लाख रुपए), पिकअप वाहन (कीमत 3 लाख रुपए) एवं एक POCO कंपनी का मोबाइल (कीमत 5 हजार रुपए) जब्त किया। जब्त मवेशियों को गौ सेवा संस्थान को सौंपने तथा उनके स्वास्थ्य परीक्षण के लिए पशु चिकित्सा अधिकारी को सूचना दी गई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 व 10 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

बसना: अग्रवाल नर्सिंग होम में मोतियाबिंद, चश्मा और आंखों की जांच के लिए बसना में विशेष शिविर 18 अप्रैल को / नाक, कान, गला के मरीजों के लिए मौका, बसना में ऑपरेशन की सुविधा 19 अप्रैल को

बसना में नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. मोनीष सक्सेना देंगे सेवाएं
18 अप्रैल को अग्रवाल मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में आंखों की जांच एवं उपचार शिविर

 

महासमुंद/बसना। क्षेत्र के मरीजों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर उपलब्ध हो रहा है, जहां आंखों से संबंधित सभी प्रकार की समस्याओं की जांच एवं उपचार की सुविधा एक ही स्थान पर मिलेगी। बसना स्थित अग्रवाल मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में 18 अप्रैल 2026 को सुबह 11 बजे से नेत्र रोग विभाग के अंतर्गत विशेष जांच एवं उपचार शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
इस शिविर में प्रदेश के प्रसिद्ध नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. मोनीष सक्सेना (MBBS, MS, FMRF – चेन्नई), अरविंदो नेत्रालय रायपुर अपनी सेवाएं देंगे। शिविर में मोतियाबिंद (Cataract), कालामोतिया/ग्लूकोमा (Glaucoma), रेटिना संबंधी समस्याएं, डायबिटिक रेटिनोपैथी, आंखों में चोट, कंप्यूटर विजन सिंड्रोम सहित विभिन्न नेत्र रोगों का उपचार किया जाएगा।
इसके साथ ही नवजात एवं बच्चों की आंखों की जांच (ROP Screening), आंखों में सूखापन, जलन व खुजली, आंखों का राइनो (पानी गिरना), चश्मा एवं कॉन्टेक्ट लेंस संबंधी परामर्श, नेत्रदान जागरूकता तथा आंखों में जलने/धूल या अन्य पदार्थ गिरने जैसी समस्याओं का समाधान भी किया जाएगा।
शिविर में कंप्यूटर द्वारा आंखों की जांच कर चश्मे का नंबर निर्धारित करने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। अस्पताल प्रबंधन ने अधिक से अधिक मरीजों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।
📍 स्थान: अग्रवाल मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, बसना, जिला महासमुंद (छत्तीसगढ़)
📅 दिनांक: 18 अप्रैल 2026
⏰ समय: सुबह 11 बजे से
📞 संपर्क: 9303623130, 9039645760, 7773086100

 

 

महासमुंद/बसना। क्षेत्रवासियों के लिए राहत भरी खबर है कि अब नाक, कान एवं गला (ENT) से संबंधित गंभीर बीमारियों के उपचार और ऑपरेशन की सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होगी। बसना स्थित अग्रवाल नर्सिंग होम में 19 अप्रैल 2026 को सुबह 10 बजे से विशेषज्ञ डॉक्टर द्वारा जांच एवं ऑपरेशन की सुविधा प्रदान की जाएगी।
इस दौरान नाक के मस्से, टॉन्सिल, नाक की हड्डी का टेढ़ापन, डैक्रियोसिस्टाइटिस (आंसू नली का संक्रमण), थायरॉयड, घेंघा रोग (Goiter), कान के पर्दे में छेद, कान से मवाद आना, नाक-कान-गला के कैंसर तथा मुंह एवं जीभ के कैंसर जैसी बीमारियों का इलाज आधुनिक लेजर एवं एंडोस्कोपी पद्धति से किया जाएगा।
कार्यक्रम में नाक, कान, गला रोग विशेषज्ञ डॉ. सतीश राठी (MS ENT) अपनी सेवाएं देंगे। साथ ही मरीजों के लिए सुनने की जांच एवं कान की मशीन (हियरिंग एड) की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
विशेष बात यह है कि आयुष्मान कार्ड धारकों के लिए निःशुल्क इलाज एवं ऑपरेशन की सुविधा प्रदान की जाएगी। ऑपरेशन करवाने के इच्छुक मरीजों से अपील की गई है कि वे 18 अप्रैल 2026 तक अस्पताल पहुंचकर अपना अग्रिम पंजीयन करवा लें।
अग्रवाल नर्सिंग होम प्रबंधन ने अधिक से अधिक मरीजों से इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है।
📍 स्थान: बसना, जिला महासमुंद (छत्तीसगढ़)
📞 संपर्क: 84618-11000, 77708-68473, 77730-86100