Bilaspur News: पानी से भरी टंकी में मिली तीन दिन से गायब व्यक्ति की लाश, शराब के नशे में गिरने की आशंका

Bilaspur News: पानी से भरी टंकी में मिली तीन दिन से गायब व्यक्ति की लाश, शराब के नशे में गिरने की आशंका

 

उसलापुर रेलवे स्टेशन के पास बुधवार की रात से गायब श्रमिक की लाश मिली है। इसकी सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है। पीएम रिपोर्ट से श्रमिक की मौत का कारण स्पष्ट होगा।

सिविल लाइन सीएसपी निमितेष सिंह ने बताया कि मंगला के महर्षि स्कूल रोड में रहने वाले सतीश तिवारी(42) रोजी-मजदूरी करते थे। वे बुधवार को घर से निकले थे। रात करीब 1:30 बजे उन्होंने अपने मोबाइल से परिवार वालों से बात की थी। इसके बाद वे घर नहीं लौटे। स्वजन ने दूसरे दिन उनकी तलाश की। इस बीच उनका मोबाइल बंद हो गया था।

शुक्रवार को स्वजन सिविल लाइन थाना पहुंचे। स्वजन की शिकायत पर सिविल लाइन थाने में गुम इंसान कायम कर सतीश की तलाश शुरू की गई। शनिवार की दोपहर उसलापुर रेलवे स्टेशन के पास लोगाें ने पानी से भरे टेंक में एक व्यक्ति की लाश देखकर पुलिस को सूचना दी। इस पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई।

इधर शव मिलने की सूचना पर सतीश के स्वजन भी वहां पहुंचे। स्वजन ने सतीश की पहचान की। स्वजन की मौजूदगी में शव का पंचनामा कराया गया है। शव पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। इससे आशंका है कि सतीश नशे में टंकी में गिर गया होगा। पीएम रिपोर्ट से श्रमिक की मौत का कारण स्पष्ट होगा।

देह व्यापार में लिप्त युवतियों के साथ पकड़े गए युवक

बिलासपुर सकरी क्षेत्र में हाईवे पर देह व्यापार में सक्रिय पांच युवतियों को सकरी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके साथ दो युवकों को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने युवक और युवतियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। सीएसपी निमितेष सिंह ने बताया कि हाईवे पर देह व्यापार में लिप्त महिलाओं के सक्रिय होने की शिकायत मिल रही थी। युवतियां हाईवे पर संदिग्ध रूप से घुमती थी।

CG News: गणेश विसर्जन के दौरान नाचते-नाचते गिरा 8वीं कक्षा का छात्र, हार्ट अटैक से मौत

CG News: गणेश विसर्जन के दौरान नाचते-नाचते गिरा 8वीं कक्षा का छात्र, हार्ट अटैक से मौत

बलरामपुर जिले के राजपुर में गणेश विसर्जन के दौरान डीजे की तेज आवाज के बीच नृत्य कर रहा स्कूली छात्र अचेत हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया। लगभग 20 मिनट बाद पहुंचे चिकित्सक ने छात्र को मृत घोषित कर दिया। डीजे की तेज आवाज के कारण हृदयाघात से मौत की संभावना जताई जा रही है।

राजपुर अस्पताल में चिकित्सक के नहीं रहने और स्वास्थ्य कर्मचारियों द्वारा कथित रूप से बदतमीजी करने का आरोप लगा स्थानीय लोगों ने जमकर विरोध किया। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ।

राजपुर के महुआपारा निवासी ठेकेदार विकास गुप्ता का पुत्र प्रवीण गुप्ता (15) स्वामी आत्मानंद स्कूल राजपुर में कक्षा आठवीं की पढ़ाई करता था। शनिवार को वह गणेश पंडालों में पूजा – अर्चना में व्यस्त था। शाम को गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा रहा था। प्रवीण भी विसर्जन में शामिल हुआ। अन्य लोगों के साथ प्रवीण भी डीजे में बज रहे गाने पर नृत्य कर रहा था। अचानक उसे बेचैनी होने लगी और वह जमीन पर गिर गया। इससे जुलूस में शामिल लोग हड़बड़ा गए।

देर से पहुंचे डॉक्टर

प्रवीण को तत्काल को पुलिस वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर ले जाया गया। आरोप है कि अस्पताल में चिकित्सक नहीं थे। आपातकालीन सेवा में चिकित्सकों के नहीं होने पर लोगों ने नाराजगी जाहिर करनी शुरु कर दी थी इससे अस्पताल कर्मचारियों से कहासुनी भी हुई। आरोप है कि अस्पताल के कर्मचारियों ने अपमानजनक व्यवहार किया। विवाद के बीच लगभग 20 मिनट बाद चिकित्सक पहुंचे।

शोक में डूबे परिजन

जांच के बाद चिकित्सक ने प्रवीण को मृत घोषित कर दिया। इससे अस्पताल परिसर में शोक व आक्रोश का माहौल निर्मित हो गया। बहरहाल इस घटना से राजपुर में शोक है। मृतक प्रवीण के दोस्त घटना से सदमे में है। उनका कहना है कि पता ही नहीं चला कि अचानक क्या हो गया। प्रवीण सुबह से खुश था। पूजा-अर्चना सभी ने साथ में ही की थी। संभावना है कि डीजे की तेज आवाज के कारण उसे ह्रदयाघात आया होगा। बलरामपुर जिले में डीजे पर प्रतिबंध को लेकर कहीं भी सख्ती नहीं दिखाई गई थी। नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में डीजे की शोर के बीच गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।

चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप

चिकित्सक की अनुपलब्धता और कर्मचारियों के व्यवहार से नाराज लोगों ने प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल खड़े करने शुरू कर दिए। विवाद बढ़ने की सूचना पर एसडीएम देवेंद्र प्रधान और थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। भीड़ को शांत कराया गया।स्थानीय लोगों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल कर्मचारी को तत्काल हटाने की मांग की।

CG Crime: फास्ट फूड के ठेले पर खाने को लेकर विवाद, नशेड़ी ने साथी का सिलेंडर से कुचला सिर

CG Crime: फास्ट फूड के ठेले पर खाने को लेकर विवाद, नशेड़ी ने साथी का सिलेंडर से कुचला सिर

 

दुर्ग-भिलाई और आसपास के क्षेत्रों में आपराधिक वारदात लगातार बढ़ते जा रहे हैं। आए दिन हत्या और लूट जैसे मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे ही कोतवाली थाना दुर्ग क्षेत्र में एक और हत्या हो गई है।फास्ट फूड सेंटर में खाने को लेकर मामूली विवाद पर एक युवक ने अपने ही साथी के सिर पर सिलेंडर पटक कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है।

जानकारी के अनुसार घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के कचहरी वार्ड में शनिवार की रात लगभग 9:30 बजे की है। एक फास्ट फूड सेंटर में खाने को लेकर दो दोस्तों के बीच कहासूनी होने लगी। विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हत्या तक पहुंच गया। आरोपी भूपेंद्र ने युवक शंभू की हत्या कर दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

जानकारी के मुताबिक जय हनुमान मुंबई वेज चाइनीज दुकान में भूपेंद्र सागर और शंभू सागर के बीच झगड़ा हुआ। विवाद बढ़ने पर आरोपी भूपेंद्र ने दुकान में रखे सिलेंडर से शंभू के सिर पर लगातार तीन बार हमला किया। इस वार से शंभू की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

घटना के बाद आरोपी भूपेंद्र सागर मौके से फरार हो गया था। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि मृतक और आरोपी दोनों ही नशे के आदी थे। किस बात को लेकर दोनों में इतना विवाद हुआ इसको लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।

गौरतलब है कि शिक्षाधानी में युवक तेजी से नशे के आदी होते जा रहे हैं। कुछ समय पहले धमतरी में हुए हत्याकांड, जिसमें रायपुर के तीन युवकों को जान से मार दिया गया था। उस वारदात में भी सभी आरोपी नशे की हालत में थे और उसी कारण मामूली विवाद को लेकर उन्होंने 3 बेगुनाह युवकों की हत्या कर दी थी। पुलिस प्रशासन को क्षेत्र में बढ़ रही नशे की लत को रोकने की जरूरत है।

CG Job Fraud: मंत्रालय में नौकरी लगाने के नाम पर 12 लोगों से 70 लाख की ठगी, पिता-पुत्र गिरफ्तार

CG Job Fraud: मंत्रालय में नौकरी लगाने के नाम पर 12 लोगों से 70 लाख की ठगी, पिता-पुत्र गिरफ्तार

 

मंत्रालय में 12 लोगों को नौकरी लगाने के नाम पर लगभग 70 लाख रुपये की धोखाधड़ी का पर्दाफाश पुलिस ने किया है। इस मामले में पिता-पुत्र भेषराम देशमुख (62 वर्ष) और रविकांत देशमुख (32 वर्ष) को अंजोरा थाना पुलिस ने बस स्टैंड दुर्ग से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं, तीसरा आरोपी अरुण मेश्राम निवासी राजनांदगांव फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस ने प्लाट की रजिस्ट्री, बैंक पासबुक और डायरी भी जप्त की है।

2.50 से 4 लाख रुपये तक लिए गए

आरोपियों ने बेरोजगारों से मंत्रालय में चपरासी के लिए 2,50,000 रुपये और बाबू के पद पर नियुक्ति के लिए 4,00,000 रुपये तक की रकम वसूली। अब तक 12 लोगों से ठगी की जानकारी सामने आई है। आरोपियों ने कुल मिलाकर करीब 70 लाख रुपये की धोखाधड़ी की बात कबूल की है। प्राप्त रकम से ग्राम कुथरेल में 12 लाख रुपये का प्लाट खरीदा गया है, जबकि बाकी रकम पिता-पुत्र ने खर्च कर दी है।

शिकायत से खुला मामला

प्रार्थी संतराम देशमुख निवासी ग्राम चिरवार (जिला बालोद) ने 2 जुलाई 2022 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी भेषराम और रविकांत ने अपने साथी अरुण मेश्राम के साथ मिलकर नौकरी लगाने के नाम पर उनसे 5 लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों ने उन्हें मंत्रालय में नियुक्ति का झांसा दिया लेकिन नौकरी नहीं लगाई। पुलिस ने धारा 420, 34 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में अन्य प्रार्थियों लोमश देशमुख और हेमंत कुमार साहू द्वारा भी नौकरी के नाम पर ठगी की शिकायतें मिली।

CG DMF Scam: कारोबारियों के 28 ठिकानों पर ED ने मारा छापा, 4 करोड़ जब्त

CG DMF Scam: कारोबारियों के 28 ठिकानों पर ED ने मारा छापा, 4 करोड़ जब्त

 

छत्तीसगढ़ 350 करोड़ के डीएमएफ घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई की है। 3 सितंबर को ठेकेदार और कृषि कारोबारियों के 28 ठिकानों पर छापेमार कार्रवाई में ईडी ने नकदी चार करोड़ रुपये, 10 किलो चांदी के जेवर के साथ आपत्तिजनक दस्तावेज, डिजीटल उपकरण जब्त किए है।

ईडी की ओर से शनिवार को जारी अधिकारिक बयान में कहा गया है कि अब तक की जांच में साफ हुआ है कि छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के डीएमएफ फंड की 350 करोड़ रुपये का उपयोग बीज निगम के जरिए किया गया था। बीज निगम के अधिकारियों की मिलीभगत से विक्रेताओं, ठेकेदारों को कृषि व उपकरणों की आपूर्ति करने का काम दिया गया था।

60 प्रतिशत तक बंटा कमीशन

ईडी की जांच से साफ हुआ कि मिनी दाल मिल, बीज आदि कारोबारियों से अनुबंध मूल्य का 60 प्रतिशत तक कमीशन रिश्वत के तौर पर संपर्ककर्ताओं द्वारा ली गई थी और बाद में कुछ अधिकारियों और अन्य सहयोगियों तक यह राशि पहुंचाई गई। राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम लिमिटेड (बीज निगम) से संबंधित कारोबारियों, ठेकेदारों और बिचौलियों के ठिकानों से नकदी,चांदी के जेवर आदि जब्त कर आगे की जांच की जा रही है।

इससे पहले ईडी ने 21.47 करोड़ रुपए की संपत्ति अस्थायी रूप से कुर्क की थी। इसके अलावा रायपुर स्थित विशेष पीएमएलए न्यायालय में एक अभियोजन शिकायत भी दायर की गई है, जिसमें 16 लोगों को आरोपी बनाया गया है। इसके अलावा इस मामले में निलंबित आइएएस रानू साहू, राज्य सेवा अधिकारी माया वारियर और मनोज कुमार द्विवेदी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। फिलहाल रानू साहू अंतरिम जमानत पर राज्य से बाहर रह रही है।

इन जगहों पर मारा था छापा

तीन सितंबर को तड़के पांच बजे ईडी की अलग-अलग टीम ने छापेमारी की कार्रवाई की थी। रायपुर के शंकरनगर में कृषि कारोबारी विनय गर्ग, स्वर्णभूमि कालोनी स्थित होटल व्यवसायी मनीदीप चावला, कृषि उपकरणों का कारोबार करने वाले राजेश अग्रवाल, ला विस्टा कॉलोनी अमलीडीह में पवन पोद्दार और सतपाल छाबड़ा के घर पर देर रात तक एजेंसी ने छानबीन की थी। सतपाल छाबड़ा का ओडिशा और छत्तीसगढ़ में एग्रीकल्चर उपकरणों का कारोबार है।

इसके साथ ही दुर्ग जिले के पुरानी भिलाई में अन्ना भूमि ग्रीनटेक प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर शिवकुमार मोदी,शांति नगर स्थित विवेकानंद कालोनी में रहने वाले सीए आदित्य दिनोदिया के यहां भी टीम ने दबिश दी थी। अन्ना भूमि ग्रीनटेक प्राइवेट लिमिटेड कृषि और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में काम करती है। यह कंपनी ड्रिप सिंचाई प्रणाली, कांटेदार तार, चेन लिंक, आरसीसी बाड़ के खंभे,सौर पंप और कृषि उपकरणों की आपूर्ति करती है।

वहीं राजिम-महासमुंद मार्ग स्थित उगम राज कोठारी के घर और दुकान में भी छापा पड़ा था। उमग राज कृषि यंत्रों की आपूर्ति का सरकारी ठेका लेते है। जांच टीम ने उनके घर और दुकान को सील कर रखा है।

छत्तीसगढ़ राजनांदगांव में दो करोड़ का छात्रावास बिना उपयोग के हो रहा जर्जर, शिफ्टिंग नहीं होने से खंडहर में तब्दील

छत्तीसगढ़ राजनांदगांव में दो करोड़ का छात्रावास बिना उपयोग के हो रहा जर्जर, शिफ्टिंग नहीं होने से खंडहर में तब्दील

 

राजनांदगांव दिग्विजय कॉलेज में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए पेंड्री में दो करोड़ की लागत से छात्रावास बनाया गया है। लेकिन छात्रावास बिना उपयोग के जर्जर हो रहा है। छात्रावास में एक भी विद्यार्थी नहीं है। यहीं नहीं असामाजिक तत्व छात्रावास को नुकसान पहुंचा रहे हैं। खिड़कियों के कांच को पूरी तरह से तोड़ दिए हैं। यहीं कारण है कि छात्रावास खंडहर में तब्दील हो गया है।

कॉलेज प्रशासन भी शिफ्टिंग को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रहा है। इसके चलते छात्रावास उपयोगहीन साबित हो रहा है। बता दें कि शहर से छात्रावास की दूरी करीब पांच किमी है। आउटर क्षेत्र में छात्रावास का निर्माण होने के कारण विद्यार्थी जाने से कतरा रहे हैं। शिफ्टिंग को लेकर कॉलेज प्रशासन अब तक कोई योजना तैयार नहीं कर पाया है।

विद्यार्थियों ने बनाई दूरी

करोडों की लागत से बने छात्रावास को असामाजिक तत्व के लोग नुकसान पहुंचा रहे हैं। खिड़कियों में लगे कांच को तोड़ दिया गया है। वहीं भवन भी जर्जर होने लगा है। विद्यार्थियों की मांग पर छात्रावास का निर्माण किया गया था, लेकिन विद्यार्थियों ने दूरी बना ली है। स्थिति यह है कि छात्रावास में एक भी विद्यार्थी रहने को तैयार नहीं है। विद्यार्थियों ने बताया कि छात्रावास को आउटर में बनाया गया है, यहां से कालेज आने जाने में काफी परेशानी होगी। समय पर कालेज नहीं पहुंच पाएंगे।

सुरक्षा का अभाव, लूटपाट और मारपीट की हो चुकी है घटना

दिग्विजय कालेज में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग छात्रावास का निर्माण किया गया है। कालेज के सामने बालिका छात्रावास बनाया गया है, जहां छात्राएं रह रही है। लेकिन पेंड्री में बने बालक छात्रावास में जाने से विद्यार्थियों ने दूरी बना ली है। क्योंकि शाम छह बजे के बाद पेंड्री में सन्नाटा पसर जाता है। यहीं नहीं इस क्षेत्र में पहले भी मारपीट और लूटपाट की घटनाएं हो चुकी है। जिसके चलते विद्यार्थियों में डर है। यहीं कारण है कि विद्यार्थी जाने से बच रहे हैं। दिग्विजय कालेज के जिम्मेदार अधिकारी भी छात्रावास शिफ्टिंग के संबंध में बोलने से बच रहे हैं।

जर्जर में रहने मजबूर

महेश नगर स्थित छात्रावास भवन पूरी तरह से जर्जर हो गया है। विद्यार्थी जर्जर भवन में रहने के लिए मजबूर हैं। मरम्मत को लेकर विभागीय अधिकारी भी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थी कई बार प्रदर्शन भी कर चुके हैं। यहीं विभागीय अधिकारी किराये की भवन भी तलाश रहे हैं। लेकिन अब तक तलाश पूरी नहीं हो पाई है।

महेश नगर स्थित छात्रावास जर्जर है। किराये का भवन ढूंढ रहे हैं। विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं देने का प्रयास किया जा रहा है। दीक्षा गुप्ता, सहायक आयुक्त आदिवास विकास विभाग।

CG News: भगवान भरोसे व्यावसायिक शिक्षा की पढ़ाई… स्कूलों में किताबें पहुंचने के बाद भी नहीं शुरू हो पाई स्टडी

CG News: भगवान भरोसे व्यावसायिक शिक्षा की पढ़ाई… स्कूलों में किताबें पहुंचने के बाद भी नहीं शुरू हो पाई स्टडी

 

राजनांदगांव जिले में व्यावसायिक शिक्षा ब्रेक लगा हुआ है। व्यावसायिक शिक्षा की पढ़ाई भगवान भरोसे हो रही है। जिले के 21 स्कूलों का चयन अलग-अलग (व्यावसायिक शिक्षा) वोकेशनल कोर्स के लिए हुआ है। प्रशिक्षण की जिम्मेदारी तीन एजेंसियों को दी गई थी। एजेंसियों ने स्कूलों में ट्रेडवार प्रशिक्षिकों की भी नियुक्ति कर दी थी। प्रशिक्षकों ने पढ़ाई भी शुरू करा दी थी। लेकिन राज्य स्तर से प्रशिक्षकों की भर्ती में गड़बड़ी की शिकायत मिलने के बाद हड़कंप मच गया।

विभागीय आदेश के बाद जिले के जिन 10 स्कूलों में प्रशिक्षकों की नियुक्ति हुई थी, उन्हें अब शून्य कर दिया गया। अधूरी जांच के बीच फिर से भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो गई है। बीते दिनों अलग-अलग जिलों के चयनित आवेदकों को दस्तावेज सत्यापन के लिए डा. बलदेव प्रसाद मिश्र स्कूल में बुलाया गया था। इस संबंध में विभागीय अधिकारियों को भी किसी तरह की जानकारी नहीं है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश में 1281 प्रशिक्षकों को चयनित किया गया था। जिसमें 844 प्रशिक्षकों ने कार्यभार भी संभाल लिया था। लेकिन गड़बड़ी की शिकायत मिलते ही विभागीय से नियुक्ति को शून्य कर दिया था।

स्कूलों में लाखों के उपकरणों की सप्लाई

प्रशिक्षकों के चयन में लगातार लेटलतीफी की जा रही है। एजेंसियां भी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है। जिसका खामियाजा विद्यार्थियों को भुगतना पड़ रहा है। जिले के 21 स्कूलों के लिए करीब 90 लाख का उपकरण भेजा गया है। लेकिन इन स्कूलों में अब तक प्रशिक्षकों की भर्ती नहीं हो पाई है। विद्यार्थी अपने रुचि अनुसार ट्रेडों का चयन तो कर लिए हैं, लेकिन अब तक प्रशिक्षण शुरू नहीं हो पाया है। हालांकि विभाग ने अपने स्तर पर वैकल्पिक व्यवस्था कर ली है। ताकि विद्यार्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो।

इन ट्रेडों में देना है प्रशिक्षण

व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत विद्यार्थियों को टूरिज्म एंड हास्पिटेलिटी, आटोमोटिव, अपेरल मेड अप्स एंड होम फर्निशिंग, प्लम्बिंग, कंस्ट्रक्शन एंड ईफा स्ट्रक्चर डेवलपमेंट, बैंकिंग फाइनेंशियल सर्विसेस एंड इंश्योरेंस, इंफर्मेशन टेक्नोलाजी, हेल्थ केयर, रिटेल और ब्यूटी एंड वैलनेस व अन्य ट्रेडों में प्रशिक्षण देना है। बता दें कि राज्य स्तर से दो से तीन एजेंसी को प्रशिक्षण देने की जिम्मेदारी दी गई है। लेकिन विभागीय खींचतान में प्रशिक्षक स्कूल पहुंच पाए और न ही प्रशिक्षण दे पा रहे हैं।

बसना/ग्राम पठियापाली में ठेला बन गया शराबखाना, बसना पुलिस ने दबिश देकर आरोपी गिरफ्तार

बसना/ग्राम पठियापाली में ठेला बन गया शराबखाना, बसना पुलिस ने दबिश देकर आरोपी गिरफ्तार

 

महासमुंद/थाना बसना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम पठियापाली मार्ग किनारे दबिश देकर अवैध रूप से शराब पिलाने के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, 06 सितंबर 2025 को प्र0आर0 को मुखबिर से सूचना मिली कि पठियापाली रोड किनारे एक व्यक्ति अपने ठेला में लोगों को बैठाकर अवैध रूप से शराब पिला रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी के मार्गदर्शन में हमराह स्टाफ आरक्षक क्रमांक 599, 685 एवं गवाहों के साथ मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने छापामार कार्रवाई की।

मौके पर पुलिस को देखकर शराब पी रहे लोग भाग निकले, लेकिन एक व्यक्ति को पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम पहाड़ सिंह पिता बोधन सिंह उम्र 42 वर्ष, निवासी पठियापाली, थाना बसना जिला महासमुंद बताया। आरोपी से जब शराब पिलाने एवं सुविधा उपलब्ध कराने संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका।

गवाहों की मौजूदगी में आरोपी के ठेला से 02 नग देशी प्लेन शराब की खाली शीशी एवं 02 नग डिस्पोजल गिलास जिसमें शराब की गंध आ रही थी जप्त किए गए। पुलिस ने आरोपी को अपराध धारा 36(सी) आबकारी एक्ट के तहत गिरफ्तार किया।

पुलिस ने बताया कि मामला जमानतीय होने के कारण आरोपी को सक्षम जमानतदार पेश करने पर मुचलका जमानत पर रिहा किया गया है। आरोपी के विरुद्ध अपराध कायम कर आगे की कार्यवाही जारी है।

ग्राम बंसुलाडबरी रोड में तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बुजुर्ग घायल, परिजनों ने FIR दर्ज कराने की मांग 

ग्राम बंसुलाडबरी रोड में तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बुजुर्ग घायल, परिजनों ने FIR दर्ज कराने की मांग

 

महासमुंद कोमाखान थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बंसुलाडबरी रोड पर रविवार, 31 अगस्त 2025 की सुबह लगभग 10 बजे एक सड़क दुर्घटना में 79 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार ग्राम अमेरा निवासी चमारराय नायक अपने परिचित नरसिंग निषाद के साथ सुपर एक्सल वाहन (क्रमांक CG04MX4894) से अमेरा से लमकेनी जा रहे थे। जैसे ही वे कोमाखान चौखड़ी पार कर बंसुलाडबरी रोड पर पहुंचे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप (क्रमांक CG06GY6345) ने लापरवाहीपूर्वक टक्कर मार दी। हादसे में चमारराय नायक का दाहिना पैर टूट गया और बाएं पैर का घुटना बुरी तरह जख्मी हो गया।

घटना के प्रत्यक्षदर्शी मोहन सोनवानी, नरसिंग निषाद, बुधराम ठाकुर, प्रताप ठाकुर और लतेल यादव ने दुर्घटना को देखा और इसकी जानकारी परिजनों को दी। घायल चमारराय को तत्काल रायपुर स्थित अग्रवाल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना के छह दिन बाद पीड़ित के नाती मोरध्वज पटेल ने थाना कोमाखान में आवेदन प्रस्तुत कर पिकअप वाहन चालक के विरुद्ध FIR दर्ज करने की मांग की है। आवेदन में उन्होंने उल्लेख किया है कि आरोपी चालक टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया।

परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी चालक पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

बागबाहरा ग्राम खोपली सड़क दुर्घटना में युवक की मौत, अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज

बागबाहरा ग्राम खोपली सड़क दुर्घटना में युवक की मौत, अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज

 

महासमुंद। थाना बागबाहरा क्षेत्र के ग्राम खोपली निवासी 20 वर्षीय युवक विश्वनाथ विश्वकर्मा की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। घटना शनिवार तड़के लगभग सुबह 4 बजे की है। मृतक नित्यकर्म हेतु घर से बाहर निकला था, तभी राष्ट्रीय राजमार्ग 353 पर किसी अज्ञात वाहन चालक ने तेज और लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उसे अपनी चपेट में ले लिया।

दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल युवक को परिजनों ने डायल-112 की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बागबाहरा पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने जांच उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मृतक के भाई विष्णु विश्वकर्मा एवं गवाहों से ली गई। मृतक के भाई ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसका भाई घर से शौच के लिए निकला था, तभी हादसे का शिकार हो गया।

चिकित्सक डॉ. सौम्यारंजन पटेल द्वारा अस्पताल से दी गई सूचना के आधार पर थाना बागबाहरा में मर्ग क्रमांक 75/2025 धारा 194 बीएनएसएस कायम किया गया। संपूर्ण मर्ग जांच के उपरांत पाया गया कि अज्ञात वाहन चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाकर दुर्घटना को अंजाम दिया। इस पर थाना बागबाहरा पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।

कायमी की सूचना एसडीएम बागबाहरा को भेजी गई है। फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन और चालक की तलाश में जुटी हुई है।

👉 मृतक का विवरण

नाम: विश्वनाथ विश्वकर्मा पिता का नाम: जगतु राम विश्वकर्मा उम्र: 20 वर्ष पता: ग्राम खोपली, थाना बागबाहरा, जिला महासमुंद

पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी भी व्यक्ति को इस सड़क दुर्घटना से संबंधित कोई जानकारी हो तो तत्काल थाना बागबाहरा को सूचित करें।