सरायपाली / जाँच मे भारी गड़बड़ी पाए जाने पर PWD के दो जिम्मेदार अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है।

सरायपाली / मरम्मत एवं रंगाई-पुताई कार्यों में हुए भ्रष्टाचार की उच्च स्तरीय जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच में भारी गड़बड़ी पाए जाने पर दो जिम्मेदार अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है।

नवा रायपुर, 30 जुलाई 2025 – लोक निर्माण विभाग महासमुंद संभाग अंतर्गत सरायपाली उपसंभाग में मरम्मत एवं रंगाई-पुताई कार्यों में हुए भ्रष्टाचार की उच्च स्तरीय जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच में भारी गड़बड़ी पाए जाने पर दो जिम्मेदार अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है।

मुख्य अभियंता, लोक निर्माण परिक्षेत्र रायपुर द्वारा गठित जांच समिति की रिपोर्ट के अनुसार, शासकीय भवनों में दिखाए गए कार्यों में से अधिकांश वास्तव में किए ही नहीं गए। रिपोर्ट में कहा गया है कि शासकीय हाई स्कूल सरायपाली, हाई स्कूल मंदिर, ब्लॉक कॉलोनी के क्वार्टर, एग्रीकल्चर क्वार्टर, तहसील कार्यालय एवं कन्या हाई स्कूल सरायपाली में किए गए प्लास्टर, पुट्टी, पुताई व वॉटरप्रूफिंग जैसे कार्य केवल कागजों में दर्ज किए गए थे।

गौरतलब है कि इन कार्यों के लिए श्रीमती शिखा पटेल, तत्कालीन अनुविभागीय अधिकारी द्वारा ₹1.51 लाख एवं श्री अरविंद किशोर देवांगन, तत्कालीन प्रभारी अधिकारी द्वारा ₹12.77 लाख का माप दर्ज किया गया था। कुल ₹14.28 लाख की शासकीय राशि का भुगतान कार्य हुए बिना कर दिया गया।

प्रथम दृष्टया यह शासकीय धन का गबन पाया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियमों के अंतर्गत दोनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है तथा उनका मुख्यालय प्रमुख अभियंता कार्यालय, निर्माण भवन, नवा रायपुर में निर्धारित किया गया है।

साथ ही, निलंबन अवधि में दोनों अधिकारी नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते के पात्र रहेंगे। विभाग द्वारा आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

तेंदुकोना/ ग्राम धामनतोरी में अवैध रूप से शराब पिलाने की सुविधा देने वाला युवक गिरफ्तार 

तेंदुकोना/ ग्राम धामनतोरी में अवैध रूप से शराब पिलाने की सुविधा देने वाला युवक गिरफ्तार

 

थाना तेंदूकोना पुलिस की कार्रवाई, आबकारी एक्ट की धारा 36(C) के तहत मामला दर्ज

महासमुंद,  थाना तेंदूकोना पुलिस ने अवैध रूप से शराब पिलाने की सुविधा देने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब पीने के इंतजाम करने वाले आरोपी के कब्जे से देशी प्लेन शराब और डिस्पोजल गिलास बरामद किया।

तेंदूकोना थाना प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम आरक्षक 521 के साथ वाहन क्रमांक CG06GX8500 में गश्त और जुर्म की पतासाजी हेतु निकली थी। इसी दौरान मुखबीर से सूचना मिली कि ग्राम धामनतोरी चौक के पास एक व्यक्ति शराब पिलाने की अवैध सुविधा उपलब्ध करा रहा है।

सूचना की तस्दीक हेतु गवाहों की उपस्थिति में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर शराब पीने वाले लोग मौके से फरार हो गए, लेकिन एक संदिग्ध व्यक्ति मदन नायक (उम्र 39 वर्ष, निवासी नरतोरा) को पुलिस ने मौके से हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक बोतल (180ML) देशी प्लेन शराब, जिसमें करीब 50ML शराब शेष था, और एक डिस्पोजल गिलास बरामद किया गया।

पूछताछ पर मदन नायक शराब पिलाने की कोई वैध अनुमति या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने बरामद सामग्री को जब्त करते हुए मदन नायक के खिलाफ धारा 36(C) छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत मामला पंजीबद्ध किया। आरोपी को गिरफ्तार कर सक्षम जमानतदार प्रस्तुत करने पर जमानत पर रिहा किया गया है।

थाना तेंदूकोना पुलिस द्वारा आगे की विवेचना जारी है।

नवा रायपुर में बनेगी मॉडर्न क्रिकेट एकेडमी, कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का बड़ा फैसला खिलाड़ियों को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण

 

नवा रायपुर में बनेगी मॉडर्न क्रिकेट एकेडमी, कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का बड़ा फैसला खिलाड़ियों को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण

रायपुर,
छत्तीसगढ़ के उभरते क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी सौगात सामने आई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज मंत्रालय महानदी भवन में हुई राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-3, ग्राम परसदा में 7.96 एकड़ भूमि क्रिकेट एकेडमी की स्थापना के लिए छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) को आबंटित करने का अहम निर्णय लिया गया।

राज्य सरकार ने यह फैसला राज्य में क्रिकेट को बढ़ावा देने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्रदान करने के उद्देश्य से लिया है। कैबिनेट ने सरकारी व्ययन नियमों को शिथिल करते हुए यह भूमि आबंटित करने की मंजूरी दी, जो आमतौर पर गैर-लाभकारी संस्थानों को सीधे नहीं दी जाती।

क्रिकेट के क्षेत्र में अपार संभावनाएं

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में क्रिकेट की प्रबल संभावनाएं हैं। प्रदेश के कई खिलाड़ी पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी छाप छोड़ चुके हैं, लेकिन उच्च स्तरीय प्रशिक्षण के लिए अब तक कोई समर्पित एकेडमी नहीं थी। अब यह कमी पूरी होने जा रही है।

खिलाड़ियों को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण

नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम की मौजूदगी और अब प्रस्तावित क्रिकेट एकेडमी के निर्माण से खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी। इससे राज्य को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

युवाओं के लिए अवसरों के नए द्वार

राज्य सरकार के इस फैसले से प्रदेश के युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अधिक अवसर प्राप्त होंगे और राज्य की खेल संस्कृति को मजबूती मिलेगी।

 

 

महासमुंद/भ्रष्ट पंचायत सचिवो को संरक्षण देने के आरोपो में घिरे सीईओ एस. आलोक हटाए गए।

महासमुंद/भ्रष्ट पंचायत सचिवो को संरक्षण देने के आरोपो में घिरे सीईओ एस. आलोक हटाए गए।

 

महासमुन्द। छत्तीसगढ शासन सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा दिनांक 29 जुलाई को जारी आदेश के तहत हेमंत रमेश नंदनवार(आइएएस) को मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला महासमुन्द के पद पर पदस्थ किया गया है। श्री नंदनवार की नियुक्ति ऐसे समय मे की गई है, जब पूर्व सीईओ सच्चिदानंद आलोक के कार्यकाल पर कई प्रशासनिक लापरवाही और भ्रष्टाचार के मामले को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए थे।

पूर्व सीईओ एस. आलोक को 25 अक्टुबर 2021 को दुर्ग से महासमुन्द में अस्थायी रूप से सीईओ पद का दायित्व सौंपा गया था। वे महासमुन्द में सबसे अधिक समय तक पदस्थ रहने वाले सीईओ माने जाते है।

 

मालूम हो कि एस.आलोक के कार्यकाल में कई पंचायत सचिवो पर भ्रष्टाचार और कर्तव्य में लापरवाही के आरोप सामने आए, लेकिन उन पर अपेक्षित कार्रवाई नही हुई। दुरूगपाली बसना ब्लाक के पंचायत सचिव महेश ओगरे का शिकायत पर जांच में दोषी पाए जाने के बाद केवल चेतावनी पत्र देकर मामला दबा दिया गया। मंत्रालय स्तर पर दोबारा शिकायत के बाद एक वार्षिक वेतनवृद्वि असंचयी प्रभाव से रोकी गई। पिथौरा ब्लाक की ग्राम पंचायत लक्ष्मीपुर सचिव कुन्ती आवडे ने स्थानातंरण के बाद शासकीय रिकार्ड अगले सचिव मुरलीधर साव को नही सौंपे, जिसकी पुष्टि के बाबजूद कोई कार्रवाई नही की गई। बिजेमाल ग्राम पंचायत के सचिव नरेन्द्र वैष्णव निलंबन के बाद भी अभिलेखो को हस्तातंरित नही किये। जांच में पुष्टि के बाद भी कार्रवाई नही की गई। बसना ब्लाक के जगत पंचायत में स्वच्छ भारत मिशन(ग्रामीण) योजना में वित्तीय गडबडी, रोकड बही बिल बाउचर सहित दस्तावेज गायब पाए गए, फिर भी एफआइआर तक दर्ज नही कराई गई। पिथौरा ब्लाक के लाखागढ पंचायत में गोठान मामले में वित्तीय गडबडी की शिकायत मिली। जांच में दोषी सिद्व होने के बाबजूद जांच को दोहराकर मामले को लीपापोती कर बंद कर दिया गया। इससे ग्रामीण महिलाएं ने एस. आलोक को चूडी बिन्दी भेंट करने सुशासन शिविर में पहुंची थी।

इन सभी गंभीर मामलों की शिकायतें आरटीआई कार्यकर्ता विनोद कुमार दास द्वारा पहले छत्तीसगढ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग और क्रमशः पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, मुख्यमंत्री कार्यालय, प्रधानमंत्री कार्यालय, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, पंचायत मंत्री विजय शर्मा और प्रमुख सचिव निहारिका बारीक को भेजी गई।

नवपदस्थ सीईओ हेमंत रमेश नंदनवार से जिले की पंचायत व्यवस्था में पारदर्शिता, कर्तव्यनिष्ठा और भ्रष्टाचार पर अंकुश की उम्मीद की जा रही है।

आज का राशिफल पंडित भूपेंद्र श्रीधर सतपति ज्योतिषाचार्य

आज का राशिफल पंडित भूपेंद्र श्रीधर सतपति ज्योतिषाचार्य

🕉श्री हरिहरो विजयतेतराम🕉

🌄सुप्रभातम🌄

🗓आज का पञ्चाङ्ग🗓

🌻गुरुवार, ३१ जुलाई २०२५🌻

सूर्योदय: 🌄 ०५:५५

सूर्यास्त: 🌅 ०७:१२

चन्द्रोदय: 🌝 ११:३५

चन्द्रास्त: 🌜२२:५०

अयन 🌘 दक्षिणायणे (उत्तरगोलीय)

ऋतु: ⛈️ वर्षा

शक सम्वत: 👉 १९४७ (विश्वावसु)

विक्रम सम्वत: 👉 २०८२ (सिद्धार्थी)

मास 👉 श्रावण

पक्ष 👉 शुक्ल

तिथि 👉 सप्तमी (२८:५८ से अष्टमी)

नक्षत्र 👉 चित्रा (२४:४१ से स्वाती)

योग 👉 साध्य (२८:३२ से शुभ)

प्रथम करण 👉 गर (१५:४७ तक)

द्वितीय करण 👉 वणिज (२८:५८ तक)

॥ गोचर ग्रहा: ॥

सूर्य 🌟 कर्क

चंद्र 🌟 तुला (११:१५ से)

मंगल 🌟 कन्या (उदित, पूर्व, मार्गी)

बुध 🌟 कर्क (अस्त, पश्चिम, वक्री)

गुरु 🌟 मिथुन (उदित, पूर्व, मार्गी)

शुक्र 🌟 मिथुन (अस्त, पश्चिम, मार्गी)

शनि 🌟 मीन (उदय, पूर्व, वक्री)

राहु 🌟 कुम्भ

केतु 🌟 सिंह

शुभाशुभ मुहूर्त विचार

अभिजित मुहूर्त 👉 ११:५६ से १२:५०

अमृत काल 👉 १७:३२ से १९:२०

विजय मुहूर्त 👉 १४:३९ से १५:३३

गोधूलि मुहूर्त 👉 १९:११ से १९:३२

सायाह्न सन्ध्या 👉 १९:११ से २०:१४

निशिता मुहूर्त 👉 २४:०३ से २४:४४

राहुकाल 👉 १४:०५ से १५:४७

राहुवास 👉 दक्षिण

यमगण्ड 👉 ०५:३५ से ०७:१७

दुर्मुहूर्त 👉 १०:०७ से ११:०१

होमाहुति 👉 शुक्र

दिशा शूल 👉 दक्षिण

अग्निवास 👉 आकाश

भद्रावास 👉 पाताल (२८:५८ से)

चन्द्र वास 👉 दक्षिण (पश्चिम ११:१५ से)

शिववास 👉 भोजन में (२८:५८ से श्मशान में)

☄चौघड़िया विचार☄

॥ दिन का चौघड़िया ॥

१ – शुभ २ – रोग

३ – उद्वेग ४ – चर

५ – लाभ ६ – अमृत

७ – काल ८ – शुभ

॥रात्रि का चौघड़िया॥

१ – अमृत २ – चर

३ – रोग ४ – काल

५ – लाभ ६ – उद्वेग

७ – शुभ ८ – अमृत

नोट👉 दिन और रात्रि के चौघड़िया का आरंभ क्रमशः सूर्योदय और सूर्यास्त से होता है। प्रत्येक चौघड़िए की अवधि डेढ़ घंटा होती है।

शुभ यात्रा दिशा

पश्चिम-दक्षिण (दही का सेवन कर यात्रा करें)

तिथि विशेष

गोस्वामी तुलसीदास जयन्ती, शीतला सप्तमी (सिंध), विवाहादि मुहूर्त (केवल पंजाब, कश्मीर, हरियाणा एवं हिमाचल के लिये) वृष-मिथुन ल० (मध्यरात्रि १२:४१ से अंतरात्रि ०४:४७ तक), गृह प्रवेश मुहूर्त+वाहन क्रय-विक्रय मुहूर्त प्रातः १०:५३ से ०२:१३ तक, व्यवसाय आरम्भ मुहूर्त प्रातः १०:५३ से दोपहर १२:३३ तक आदि।

आज जन्मे शिशुओं का नामकरण

आज २४:४१ तक जन्मे शिशुओ का नाम चित्रा नक्षत्र के तृतीय एवं चतुर्थ चरण अनुसार क्रमशः (रा, रि) नामाक्षर से तथा इसके जन्मे शिशुओ का नाम स्वाती नक्षत्र के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय चरण अनुसार क्रमशः (रू, रे, रो) नामाक्षर से रखना शास्त्र सम्मत है।

उदय-लग्न मुहूर्त

कर्क – २८:३३ से ०६:५४

सिंह – ०६:५४ से ०९:१३

कन्या – ०९:१३ से ११:३१

तुला – ११:३१ से १३:५२

वृश्चिक – १३:५२ से १६:११

धनु – १६:११ से १८:१५

मकर – १८:१५ से १९:५६

कुम्भ – १९:५६ से २१:२२

मीन – २१:२२ से २२:४५

मेष – २२:४५ से २४:१९+

वृषभ – २४:१९+ से २६:१४+

मिथुन – २६:१४+ से २८:२९+

पञ्चक रहित मुहूर्त

शुभ मुहूर्त – ०५:३५ से ०६:५४

रज पञ्चक – ०६:५४ से ०९:१३

शुभ मुहूर्त – ०९:१३ से ११:३१

चोर पञ्चक – ११:३१ से १३:५२

शुभ मुहूर्त – १३:५२ से १६:११

रोग पञ्चक – १६:११ से १८:१५

शुभ मुहूर्त – १८:१५ से १९:५६

मृत्यु पञ्चक – १९:५६ से २१:२२

अग्नि पञ्चक – २१:२२ से २२:४५

शुभ मुहूर्त – २२:४५ से २४:१९+

मृत्यु पञ्चक – २४:१९+ से २४:४१+

अग्नि पञ्चक – २४:४१+ से २६:१४+

शुभ मुहूर्त – २६:१४+ से २८:२९+

रज पञ्चक – २८:२९+ से २८:५८+

शुभ मुहूर्त – २८:५८+ से २९:३६+

पंडित भूपेंद्र श्रीधर सतपति ज्योतिषाचार्य एम ए संस्कृत हस्तरेखा वास्तु शास्त्र भूमि भवन में वास्तु दोष निवारण पारिवारिक जीवन में तनाव बच्चों को पढ़ाई में मन नहीं लगता विवाह विलम्ब राज़ योग भाग्योदय व्यापार व्यवसाय में वृद्धि जन्म कुंडली निर्माण कालसर्प योग मांगलिक योग पितृ दोष निवारण भविष्य में होने वाले घटनाक्रम में सफ़लता पति-पत्नी में मतभेद प्रेम प्रसंग में सफलता ज्योतिष परामर्श ज्योतिष कार्यालय जोगनीपाली तहसील पोस्ट थाना सरायपाली जिला महासमुंद 992682570

फोन पेय 888939133

आज का राशिफल

मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज के दिन आपको प्रातः काल से ही कुछ ना कुछ गड़बड़ होने का अंदेशा रहेगा लेकिन ज्यादा परेशान ना हों आज का दिन आपको अधिकांश कार्यो में सफलता दिलाएगा। आज आपके कार्यो में टांग अड़ाने वाले या सही मार्ग से भटकाने वाले भी मिलेंगे इनकी सुने अवश्य पर करें विवेक से ही। नौकरी वाले लोग कार्यो को जल्दी निपटाने के चक्कर मे गलती करेंगे स्वयं ही सुधार भी कर लेंगे लेकिन समय बर्बाद करके। व्यवसाय में आज बिक्री बढ़ेगी धन लाभ भी ठीक ठाक हो जायेगा खर्च आज कम रहने से बचत कर लेंगे। पारिवारिक वातावरण सामान्य बना रहेगा महिकाये शक की आदत से बचे कलह हो सकती है। आरोग्य में कुछ कमी रहेगी।

वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)

आज का दिन वैसे तो आपके लिए वृद्धिकारक रहेगा धन लाभ आवश्यकता से अधिक ही होगा परन्तु आज आप अन्य लोगो से बराबरी करने के चक्कर मे स्वयं ही परेशान रहेंगे। महिलाये भी आज स्वयं को उपेक्षित अनुभव करेंगी। कार्य व्यवसाय में वृद्धि होने से आय के नए स्त्रोत्र बनेंगे पर आज आप जितना भी कमाई करे उससे संतोष नही होगा। ज्यादा कमाने के लोभ में अनैतिक कार्य भी कर सकते है आरम्भ में इससे लाभ ही होगा लेकिन बाद में कोई नई समस्या बनेगी। संध्या के समय आकस्मिक लाभ अथवा उपहार मिलेगा थकान भी इस अवधि में ज्यादा रहेगी। परिवार में किसी की जिद पूरी करने में खर्च भी करना पड़ेगा।

मिथुन👫 (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज के दिन आपको पूर्व ने की गई गलतियों से ग्लानि अनुभव होगी फिर भी आज इससे शिक्षा लेने की जगह लापरवाही दिखाएंगे। कार्य व्यवसाय से आज धन की अच्छी आमाद हो जाएगी लेकिन व्यवहारिकता में कमी के कारण कुछ ना कुछ कमी अवश्य रहेगी। सहकर्मियों का ऊपर बेवजह क्रोध करना भारी पड़ सकता है संभल कर व्यवहार करें अन्यथा अकेले ही कार्य करना पड़ेगा। महिलाओ के मनोकामना आज पूरी होने में विघ्न आएंगे जिस वजह से गुस्से में रहेंगी जानबूझ कर कार्यो को बिगाड़ भी सकती है। घर के बुजुर्ग के ऊपर भी ध्यान दें आज आपसे नाराज हो सकते है। भाई बंधुओ से मेल जोल केवल स्वार्थ के लिए ही रहेगा।

कर्क🦀 (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

आज के दिन आपके स्वभाव में भावुकता अधिक रहेगी लोग इसका नाजायज फायदा भी उठा सकते है। मध्यान से पहले आवश्यक कार्यो को पूरा कर लें इसके बाद परिस्थितियां कलहकारी बनने से अधिकाशं निर्णय गलत ही होंगे। धन लाभ की कामना थोड़े प्रयास के बाद पूर्ण हो जाएगी लेकिन आज बेमतलब के खर्च पर नियंत्रण रखें अन्यथा भविष्य की योजनाए बिगड़ेंगी। कार्य क्षेत्र पर मध्यान बाद तक व्यस्तता रहेगी इसका लाभ भी आशाजनक मिल जाएगा इसके बाद किसी से धन को लेकर तकरार होने की संभावना है घर के सदस्य भी संध्या बाद मांगे पूरी ना होने पर उग्र रहेंगे। पत्नी को छोड़ अन्य कोई भी आपकी भावनाओं को नही समझ सकेगा।

सिंह🦁 (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज के दिन कुछ ना कुछ कारण से भाग दौड़ लगी रहेगी। धन कमाने की लालसा आज कुछ ज्यादा ही रहेगी इसके लिए आप भूख प्यास की परवाह नही करेंगे लेकिन घर एवं व्यवसाय में तालमेल बैठाने के चक्कर मे कोई ना कोई काम अधूरा ही रह जायेगा। अतिआवश्यक कार्यो को संध्या से पहले पूर्ण करने का प्रयास करें अन्यथा इसके बाद लंबे समय के लिये टल सकते है। आज आपकी समाज के उच्चवर्गीय लोगो से जान पहचान बनेगी परन्तु सभी आपसे स्वार्थ सिद्धि के लिए व्यवहार करेंगे। परिजनों के अलावा आज कोई अन्य हितैषी नही मिलेगा। राजनीतिक सोच वाले लोगो से सावधान रहें। धन लाभ आज लेदेकर अवश्य ही होगा। सेहत का विशेष ध्यान रखें।

कन्या👩 (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज दिन के आरंभ में आप दिनचार्य को व्यवस्थित बनाने की योजना बनाएंगे लेकिन इसपर अमल नही करेंगे अपने काम की जगह अन्य के काम मे हस्तक्षेप करे बिना नही मानेंगे बिना मांगे सलाह देने से सम्मान कम हो सकता है। अपने कार्यो पर अधिक ध्यान दे परिस्थितियां आपके अनुकूल बनी हुई है धन लाभ के लिये आज ज्यादा भाग-दौड़ नही करनी पड़ेगी। सरकारी कार्य भी आज जोड़-तोड़ कर बन ही जायेंगे अधिकारी वर्ग का मूड समझना मुश्किल होगा फिर भी आपके लिये मददगार साबित होंगे। नौकरी पेशा लोग अपनी मांगे निसंकोच होकर रख सकते है देर अबेर पूरी होने की संभावना है। थोड़ी मानसिक दुविधा को छोड़ स्वास्थ्य उत्तम बना रहेगा

तुला⚖️ (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

आज का दिन आपको अवश्य कोई यादगार सौगात देकर जाएगा आज आपका स्वभाव शांत एवं मिलनसार रहेगा हर किसी से जल्द ही घुल-मिल जाएंगे परन्तु अन्य लोग इसको गलत नजरिये से भी देख सकते है। महिलाओ के प्रति सम्मानजनक रवैया अपनाए विवाद से बचे रहेंगे। व्यवसाइयों का काम-धंधा आज पहले से बेहतर चलेगा धन की आमद भी समय पर होने से आर्थिक उलझने नही रहेंगी फिर भी आज धन के लेनदेन में अधिक स्पष्टता बरते उधारी के कारण किसी से झगड़ा हो सकता है। नौकरी पेशा जातक आज जल्दी काम खत्म करने का प्रयास करेंगे परन्तु कोई नया काम आने से परेशानी होगी। घर का वातावरण सामान्य ही रहेगा आवश्यकताओं की पूर्ति पर खर्च होगा।

वृश्चिक🦂 (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आपके लिये आज का दिन भी हानिकर रहेगा। आज आप मेहनत करने में कोई कसर नही छोड़ेंगे फिर भी धन संबंधित समस्या यथावत बनी रहेगी। मध्यान से पहले कोई अशुभ समाचार मिलने से मन विचलित रहेगा। व्यवसायी भी आज हानि की आशंका से प्रत्येक कार्य को डर कर करेंगे। किसी भी कार्य मे निवेश करने से बचे और अपने आस-पास के लोगो में स्वार्थ ना खोजे अन्यथा धन के साथ सम्मान हानि हो सकती है। संध्या बाद से स्थिति में सुधार आने लगेगा लेकिन मानसिक रूप से चंचलता बढ़ेगी भले बुरे का विवेक ना होने से काम उटपटांग होंगे इसे ठीक होने में थोड़ा समय लगेगा। परिजनों के स्वास्थ्य पर खर्च होगा। संध्या बाद का समय हर प्रकार से राहत वाला रहेगा।

धनु🏹 (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज का दिन आपके लिये लाभदायक रहेगा। आज लोग आपसे अंदर ही अंदर ईर्ष्या का भाव रखेंगे परन्तु स्वयं के स्वार्थ के कारण व्यवहारिकता बनाये रखेंगे लोगों को आपसे काम पड़ता रहेगा आपभी लोगो की लाचारी का जमकर लाभ उठाएंगे। आज आप किसी से कुछ भी मांग सकते है कोई मना नही कर सकेगा। आर्थिक लाभ भी आज उम्मीद ना होने पर भी हो जाएगा। व्यवसायी वर्ग जिस भी काम मे हाथ डालेंगे उसमे सफल अवश्य होंगे। लेकिन शेयर सट्टे में निवेश आज ना करें भविष्य में हानि हो सकती है। आवश्यक कार्य संध्या से पहले पूर्ण कर लें इसके बाद सेहत प्रतिकूल होने की संभावना है कार्य अधूरे रह सकते है। संध्या के समय मानसिक उच्चाटन रहेगा।

मकर🐊 (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज के दिन आपका आत्मविश्वास तो बड़ा रहेगा परन्तु साथ मे आलस्य भी रहने से सोची हुई योजनाओ को सही दिशा नही दे सकेंगे। कार्य-व्यवसाय में लाभ के कई अवसर मिलेंगे परन्तु कुछ एक से ही संतोष करना पड़ेगा। आज कोई घरेलू कार्य के कारण भाग-दौड़ भी करनी पड़ेगी। सरकारी कार्य आज ना ही करें पूर्ण नही हो सकेंगे। संध्या का समय अधिक थकान वाला परन्तु दिन की अपेक्षा अधिक लाभदायक रहेगा आकस्मिक धन लाभ होने से थकान भूल जाएंगे। आज आप जिस कार्य की योजना बनाएंगे उसके संध्या बाद अथवा आने वाले कल में पूर्ण होने की संभावनाएं है। सेहत को लेकर परेशानी होगी शारीरिक दर्द अथवा कब्ज पित्त की शिकायत रहेगी।

कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज के दिन आप अपने धार्मिक एवं परोपकारी स्वभाव का लाभ उठायेंगे। जन मानस में आपकी छवि भद्र इंसान के रूप में बनेगी लोग अपनी समस्याओं को सुलझाने के लिए आपसे परामर्श लेंगे। लेकिन आज अन्य लोगो की समस्या सुलझाने में ही समय खराब न हो इसका भी ध्यान रखें। व्यवसायी वर्ग जिस काम को करने में संकोच करेंगे उसी से अधिक लाभ कमा सकेंगे। निवेश आज बेझिझक होकर करें भविष्य के लिए लाभदायक रहेगा। पारिवारिक स्थिति शांत रहेगी लेकिन आवश्यकता पूर्ति समय पर ना करने पर स्त्री संतानों से नाराजगी हो सकती है। स्वास्थ्य में आज कुछ ना कुछ विकार लगा रहेगा वाहन से सावधान रहें।

मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आज का दिन भी आपके लिये हताशा से भरा रहेगा। पूर्व में मिली असफलता के कारण आज किसी भी कार्य को करने में उत्साह नही दिखाएंगे। मानसिक एवं शारीरिक विकार रहने के कारण मुश्किल से ही साहस जुटा पाएंगे। घर के बड़े बुजुर्गों से प्रोत्साहन मिलेगा परन्तु आज किसी की सांत्वना भी आपको पसंद नही आएगी। सीधी बातो का उल्टा जवाब देने से आस-पास का वातावरण कलुषित होगा। कार्य क्षेत्र पर अव्यवस्था के चलते सीमित साधनों से काम करना पड़ेगा परिणाम स्वरूप धन की आमद भी अल्प मात्रा में ही होगी।आज आप तंत्र-मंत्र में भी रुचि लेंगे। सरकारी कार्यो भी आज कागजी कमी के कारण अधूरे रहेंगे। लंबी यात्रा से बचें अपव्यव अधिक होंगे।

 

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से की मुलाकात, रायपुर की ट्रैफिक व्यवस्था व कुम्हारी टोल प्लाज़ा पर रखीं अहम माँगें

 

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से की मुलाकात, रायपुर की ट्रैफिक व्यवस्था व कुम्हारी टोल प्लाज़ा पर रखीं अहम माँगें

नई दिल्ली, 30 जुलाई 2025 — रायपुर के सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने आज केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी से नई दिल्ली में सौजन्य मुलाकात कर राजधानी रायपुर की अधोसंरचना और यातायात व्यवस्था से जुड़ी कई ज्वलंत समस्याओं पर चर्चा की।

मुलाकात के दौरान श्री अग्रवाल ने निम्नलिखित प्रमुख माँगें रखीं:

🔹 कुम्हारी टोल प्लाज़ा को तत्काल बंद किया जाए, क्योंकि इसकी संचालन अवधि समाप्त हो चुकी है, फिर भी यह वर्षों से अवैध रूप से चल रहा है, जिससे आम जनता को आर्थिक और मानसिक परेशानियाँ हो रही हैं।

🔹 रिंग रोड नं. 01 (NH-53) के सर्विस रोड को 5 मीटर से बढ़ाकर 11 मीटर करने का प्रस्ताव रखा गया, ताकि रायपुर शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों में ट्रैफिक जाम से निजात मिल सके।

🔹 रायपुर में प्रस्तावित तीन फ्लाईओवरों के अलावा तेलीबांधा से ज़ोरा तक चौथे फ्लाईओवर के निर्माण की आवश्यकता को रेखांकित किया गया, जिससे शहर में तेज़ और सुगम यातायात सुनिश्चित हो सके।

🔹 एनएच-30 पर स्थित शदानी दरबार व कमल विहार चौक में ग्रेड सेपरेटर निर्माण और एनएच-30 एक्सप्रेस वे को NHAI के अधीन लाने की माँग रखी गई।

🔹 भारतमाला परियोजना के अंतर्गत रायपुर-विशाखापट्टनम हाईवे निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण में हो रही देरी पर चिंता जताई गई और इसमें व्याप्त भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जाँच की माँग की गई।

इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा, “रायपुर की ट्रैफिक व्यवस्था को आधुनिक और नागरिक सुविधाओं के अनुकूल बनाना मेरी प्राथमिकता है। मुझे विश्वास है कि नितिन गडकरी जी इन जनहितकारी प्रस्तावों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेंगे।”

इस मुलाकात को रायपुर की विकास योजनाओं को गति देने वाला एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

 

महासमुंद में ‘आओ सखी सावन में’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन, महिलाओं ने पारंपरिक परिधान में दिखाया उत्साह छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग सदस्य सरला कोसरिया रहीं मुख्य अतिथि

महासमुंद में ‘आओ सखी सावन में’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन, महिलाओं ने पारंपरिक परिधान में दिखाया उत्साह
छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग सदस्य सरला कोसरिया रहीं मुख्य अतिथि

महासमुंद, 30 जुलाई 2025 – नगर पालिका टाउन हॉल महासमुंद में बुधवार को “आओ सखी सावन में” कार्यक्रम का रंगारंग और भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम “अपराजिता क्लब महासमुंद” एवं “द एसोसिएशन ऑफ WE क्लब्स ऑफ इंडिया” के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नगर की सैकड़ों महिलाओं ने पारंपरिक परिधान पहनकर उत्साहपूर्वक भाग लिया और सावन के इस पर्व को संस्कृति और सजीवता से सराबोर कर दिया।

इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य एवं गायत्री परिवार की समाजसेवी सरला कोसरिया रहीं। उन्होंने महिलाओं को सावन की शुभकामनाएं देते हुए उनके सामाजिक और सांस्कृतिक योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि, “इस तरह के आयोजनों से हमारी परंपरा और लोकसंस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में सहायता मिलती है और महिलाओं को आत्मबल और सहभागिता का अनुभव होता है।”

कार्यक्रम में पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने झूला झूलने, लोकगीत गाने, पारंपरिक नृत्य और खेलकूद जैसी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। विशेष रूप से आदिवासी परिधानों में सजी महिलाओं की प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।

“WE क्लब्स ऑफ इंडिया” की महिलाओं ने इस अवसर पर सामाजिक मुद्दों पर जागरूकता फैलाने वाले संदेश भी दिए। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

पूरा आयोजन महिला सशक्तिकरण, संस्कृति संरक्षण और आपसी सौहार्द का प्रतीक बनकर उभरा।

महासमुंद/शिक्षा स्थायी समिति की समीक्षा बैठक सम्पन्न

महासमुंद/शिक्षा स्थायी समिति की समीक्षा बैठक सम्पन्न

महासमुंद,/ जिला पंचायत महासमुंद के सभापति एवं शिक्षा स्थायी समिति के अध्यक्ष श्री भीखम सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में आज स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित जिला स्तरीय विभागीय समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में श्री ठाकुर ने कहा कि सभी बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु जनप्रतिनिधियों, पालकों एवं शिक्षकों को सामूहिक रूप से कार्य करना होगा। शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए पुरानी और आधुनिक तकनीकी का समन्वय कर नवाचार अपनाना आवश्यक है।

बैठक में शिक्षा समिति की सदस्य श्रीमती देवकी पुरुषोत्तम दीवान एवं श्रीमती सीमा लोकेश नायक विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

ज्वाइन डायरेक्टर रायपुर श्री संजीव श्रीवास्तव ने भी बैठक में शिरकत की और पुस्तक वितरण की स्थिति की समीक्षा करते हुए सभी बच्चों को शत-प्रतिशत पुस्तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी श्री विजय कुमार लहरे ने वर्ष 2025-26 के अंतर्गत पुस्तक वितरण, गणवेश वितरण, सरस्वती साइकिल योजना, मध्यान्ह भोजन, किचन गार्डन, जर्जर भवनों की मरम्मत एवं मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने प्रत्येक स्कूल का व्यक्तिगत मूल्यांकन करते हुए सभी प्राचार्य और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

श्री लहरे ने यह भी निर्देशित किया कि अति जर्जर भवनों में कक्षा संचालन तत्काल बंद किया जाए तथा मरम्मत हेतु शीघ्र प्रस्ताव प्रस्तुत किए जाएं। उन्होंने अपार आईडी से संबंधित अद्यतन स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए निर्देश दिया कि हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी के सभी विद्यार्थियों का आधार अपडेट कराना सुनिश्चित किया जाए, जिससे अपार आईडी जनरेट कर आगे की प्रक्रिया की जा सके।

मिशन लाइफ के तहत “एक पेड़ मां के नाम” योजना में एंट्री बढ़ाने हेतु भी प्राचार्य और अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक को डीएमसी श्री रेखराज शर्मा ने भी संबोधित किया एवं मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान के अंतर्गत प्रस्तावित सोशल ऑडिट और विद्यालयों की मानिटरिंग व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने की बात कही। उन्होंने समय-सारणी, पाठ्यक्रम एवं विद्यार्थी विकास सूचकांक पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

बैठक में सहायक संचालक श्री सतीश नायर, श्री नंदकिशोर सिन्हा, डीपीओ श्री कमल नारायण चन्द्राकर, खेल अधिकारी श्रीमती अंजली बरमाल, समस्त विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बीआरसीसी एवं हाई स्कूल/हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्यगण उपस्थित रहे।

छत्तीसगढ़ : राज्यपाल के रूप में श्री रमेन डेका के कार्यकाल को एक वर्ष पूर्ण हुए’ राज्यपाल ने सभी जिलों का किया दौरा

छत्तीसगढ़ : राज्यपाल के रूप में श्री रमेन डेका के कार्यकाल को एक वर्ष पूर्ण हुए’ राज्यपाल ने सभी जिलों का किया दौरा

राज्यपाल श्री रमेन डेका का छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के रूप में  एक वर्ष का कार्यकाल पूर्ण हो गया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों के हित को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए अपने संवैधानिक दायित्वों का निर्वहन किया है। वे प्रदेश के जनजातीय समुदायों, महिलाओं, बुजुर्गाे, युवाओं, माताओं, बच्चों, दिव्यांगों सहित सभी वर्गाे की बेहतरी और कल्याण के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। छत्तीसगढ़ वासियों का अत्यंत सरल, सहज व्यवहार उन्हें प्रेरणा देता हैै। वे जितने सरल और सहज हैं उतने ही जनता से जुड़े हुए भी हैं। छत्तीसगढ़ की संस्कृति एवं परंपराएं उन्हें उनके गृह प्रदेश असम की याद दिलाती है और वे इसे लेकर गर्व महसूस करते है।

श्री डेका ने छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के रूप में केवल औपचारिक भूमिकाओं तक सीमित न रहकर, राज्य के हर जिले में जाकर वहां की धरातलीय परिस्थितियों को स्वयं देखा, सुना और समझा। प्रदेश के सभी 33 जिलों का दौरा उन्होंने कर लिया है। गांव, कस्बे में जाकर लोगांे से सीधे बात की खास कर उन लोगों से जो सरकार की योजनाओं से जुड़े हुए हैं। उन्होंने यह जानने की कोशिश की कि योजनाएं सिर्फ कागजों पर है या लोगांे के जीवन में असर कर रही है। उन्होंने महिला समूहों लखपति दीदियों, विद्यार्थियों, किसानों से बात-चीत की और उन्हें प्रेरणा देने के साथ-साथ उनकी समस्याओें का समाधान भी सुझाया।

राज्यपाल श्री डेका की प्राथमिकता रही है कि यह पता लगाया जाए कि सरकारी योजनाएं जरूरतमंद तक पहुंच रही या नहीं। वे खुद प्रधानमंत्री आवास योजना से बने घरों में गए, हितग्राहियों से बातचीत की, टी.बी. मरीजों को फुड बास्केट प्रदान किया। स्व-सहायता समूह की महिलाओं के कार्याे को देखा और उनकी सराहना की।

प्रधानमंत्री टी.बी. मुक्त भारत अभियान के तहत देश एवं प्रदेश को टी.बी. मुक्त करने के लक्ष्य की दिशा में राज्यपाल का विशेष ध्यान है। वे  टी.बी. मरीजों को गोद लेकर उन्हें आर्थिक सहायता और पौष्टिक आहार दे रहे हैं और समाज के लोगों को इस पुनित कार्य में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित भी कर रहे हैं।

राज्यपाल श्री डेका जहां भी गये ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधे लगाकर यह संदेश दिया कि पेड़ लगाना केवल पर्यावरण नहीं, भावना से जुड़ा कर्तव्य है। उन्होंने जल संरक्षण, भू-जल स्तर बढ़ाने, अमृत सरोवर योजना के क्रियान्वयन और रेन वाटर हार्वेस्टिंग जैसे विषयों पर लोगों को जागरूक किया और इन्हें जन आंदोलन का रूप देने की कोशिश की।

श्री डेका का कहना है कि चाहे टी.बी. उन्मूलन हो, नशा मुक्ति, स्वच्छता या सड़क सुरक्षा, सभी अभियानों की सफलता तभी संभव है जब समाज इसकी जिम्मेदारी ले। उनका यह प्रयास है कि सरकारी योजनाएं केवल शासन की न रहें, जनता की बनें।

बतौर कुलाधिपति राज्यपाल ने विश्वविद्यालयों में दीक्षांत समारोह आयोजित करने पर जोर दिया, जिससे विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ता है और वे आत्मऩिर्भरता की राह पर आगे बढ़ते हैं। विगत एक वर्ष में राज्यपाल 4 शासकीय एवं 5 निजी विश्वविद्यालयों के दीक्षांत समारोह में शामिल हुए और विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया। उनका कहना है कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए विश्वविद्यालयों की भी बड़ी भूमिका है। उनके द्वारा 5 शासकीय और 6 निजी विश्वविद्यालयों में कुलपतियों की नियुक्तियां की गई। उन्होंने दो बार राज्य के विश्वविद्यालयों की समीक्षा बैठकें ली और राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को लागू करने पर  विशेष बल दिया। राज्यपाल के एक वर्ष के कार्यकाल में शासकीय एवं निजी विश्वविद्यालयों से संबंधित 100 अध्यादेशों एवं नियुक्तियों का अनुमोदन किया गया। छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के अध्यक्ष पद पर प्रो. विजय कुमार गोयल की नियुक्ति की गई।

कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय में नियुक्ति के लिए विश्वविद्यालय अधिनियम में उनके द्वारा संशोधन कराया गया। प्रधानमंत्री के विकसित भारत एवं राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रदेश के विश्वविद्यालयों में सफल क्रियान्वयन के लिए उन्होंने विश्वविद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। सहायक प्राध्यापकों को समय पर प्रमोशन देने पर बल दिया ताकि प्रोफेसर पद पर 10 साल का अनुभव होने के बाद छत्तीसगढ़ के प्रोफेसरों को कुलपति बनने का भी अवसर मिले। विश्वविद्यालयों में शिक्षकों के रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति करने तथा शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति समाप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्राध्यापकों और छात्रों के बीच बेहतर तालमेल और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर बल दिया।

अपने एक वर्ष के कार्यकाल में राज्यपाल श्री डेका ने कई अभिनव पहल किए। राज्य के तीन गांवों को गोद लेकर उन गांवों में केन्द्र और राज्य सरकार की विभिन्न फ्लेगशिप योजनाओं के क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया। उनके द्वारा गोद लिए गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण, आजीविका, सामाजिक सुरक्षा,  कृषि, पर्यावरण एवं जल संरक्षण, विरासत एवं संस्कृति के संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

अनुसूचित जनजाति बाहुल्य क्षेत्रों में शोध एवं अध्ययन को बढ़ावा देने के लिए श्री डेका की पहल पर पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में श्रीमंत शंकर देव अनुसंधान पीठ की स्थापना की गई है। इसके अलावा राज्यपाल श्री डेका के निर्देश पर सभी स्वशासी महाविद्यालयों में परीक्षा नियंत्रक के पद भी प्रस्तावित किए गए हैं।

श्री डेका ने रेडक्रॉस सोसायटी को एक सशक्त और पारदर्शी संस्था बनाने का संकल्प लिया। उनकी प्रेरणादायी पहल पर पहली बार छत्तीसगढ़ रेडक्रॉस सोसायटी के पदाधिकारियों का चुनाव सम्पन्न हुआ। इससे रेडक्रॉस को जन-जन तक पहंुचाने का मार्ग प्रशस्त हुआ। उनकी पहल पर पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय श्री अटल बिहारी बाजपेयी की जयंती पर राजभवन में रक्त दान शिविर एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। टी.बी. रोग के प्रति जागरूकता फैलाने की उद्देश्य से स्क्रीनिंग कैम्प भी लगाया गया।

श्री डेका के पहल पर 10 वीं एवं 12 वीं बोर्ड परीक्षाओं में सर्वाेच्च अंक लेकर प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को राजभवन की ओर से पांच-पांच हजार रूपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गईं।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर शुरू हुए एक भारत श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम के तहत देश के अलग-अलग राज्यों का स्थापना दिवस राज्यपाल श्री डेका के मार्गदर्शन में राजभवन में बड़े उत्साह के साथ मनाया गया इससे देश की एकता, अखण्डता, विविधता और भाईचारे का संदेश मजबूत हुआ।

राज्यपाल श्री डेका ने एक वर्ष में अपने स्वेच्छानुदान मद से 584 संस्थाओं को 1 करोड़ 22 लाख 41 हजार रूपये से अधिक की राशि आर्थिक सहायता के रूप में प्रदान की।

राज्यपाल श्री डेका की हर एक पहल का उद्देश्य यह रहा कि शासकीय योजनाएं शासन की नहीं बल्कि जनता के लिए हितग्राही बनें। अपने इस एक वर्ष के कार्यकाल को वे संतुष्टिपूर्ण मानते हैं और सतत सक्रिय रहते हुए सदैव जनता के हित के लिए लोककल्याणकारी कार्य करना चाहते हैं।

 

रायपुर : छत्तीसगढ़ के किसानों, उद्यमियों और निर्यातकों को अब मिलेगा वैश्विक बाजार का सीधा लाभ रायपुर में खुलेगा APEDA का क्षेत्रीय कार्यालय

रायपुर : छत्तीसगढ़ के किसानों, उद्यमियों और निर्यातकों को अब मिलेगा वैश्विक बाजार का सीधा लाभ रायपुर में खुलेगा APEDA का क्षेत्रीय कार्यालय

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रयासों से कृषि निर्यात को मिलेगा नया प्रोत्साहन, राज्य बनेगा एक्सपोर्ट हब

रायपुर,कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात को प्रोत्साहन देने की दिशा में छत्तीसगढ़ को एक बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रयासों एवं उद्योग विभाग की सक्रिय पहल के फलस्वरूप भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने रायपुर में APEDA (Agricultural and Processed Food Products Export Development Authority) का क्षेत्रीय कार्यालय खोलने की स्वीकृति प्रदान की है।

इस क्षेत्रीय कार्यालय के प्रारंभ होने से छत्तीसगढ़ के किसानों, उत्पादकों और निर्यातकों को अनेक लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगे। अब उन्हें ट्रेनिंग, प्रमाणन, पैकेजिंग, मानकीकरण और निर्यात संबंधी सेवाओं के लिए अन्य राज्यों के कार्यालयों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा।

स्थानीय स्तर पर मिलेगी वैश्विक गुणवत्ता की सुविधा

राज्य में APEDA  कार्यालय की स्थापना से अब फाइटो-सेनेटरी प्रमाणपत्र, गुणवत्ता प्रमाणन, लैब टेस्टिंग, और निर्यात से जुड़ी प्रक्रियाएं यहीं पूरी की जा सकेंगी। इससे न केवल समय की बचत होगी बल्कि किसानों और निर्यातकों की लागत में भी कमी आएगी।

छत्तीसगढ़ के उत्पादों को मिलेगी ब्रांडिंग और वैश्विक पहचान

APEDA  कार्यालय से फल, सब्ज़ियाँ, चावल, GI टैग वाले उत्पाद, मिलेट्स और अन्य कृषि उत्पादों का सीधे अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में निर्यात आसान होगा। इससे उत्पादों को उचित दाम, व्यापारियों को नए बाज़ार, और राज्य को वैश्विक मंच पर पहचान मिलेगी।

किसानों की आय और ज्ञान दोनों में वृद्धि

निर्यात से किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा और उनकी आय में वृद्धि होगी। साथ ही, नई तकनीकों, गुणवत्ता नियंत्रण, आधुनिक पैकेजिंग और अंतरराष्ट्रीय मार्केटिंग की जानकारी और प्रशिक्षण उन्हें स्थानीय स्तर पर मिल सकेगा।

निर्यात बुनियादी ढांचे को मिलेगा प्रोत्साहन

APEDA न केवल प्रमाणन और ब्रांड प्रमोशन में सहयोग करता है, बल्कि निर्यात बुनियादी ढांचे के निर्माण और रख-रखाव में भी सहायता करता है। इससे राज्य में फूड प्रोसेसिंग यूनिट्स, कोल्ड स्टोरेज, पैक हाउस जैसे सुविधाओं का विकास होगा, जिससे कृषि व्यापार को नई गति मिलेगी।

विशेष योजनाएं और सब्सिडी का लाभ राज्य को मिलेगा

APEDA  द्वारा चलाए जा रहे एक्सपोर्ट प्रमोशन, स्किल डेवलपमेंट और सब्सिडी योजनाओं का लाभ अब छत्तीसगढ़ के किसान, स्टार्टअप और MSMEs को सहजता से मिल सकेगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने इस ऐतिहासिक पहल पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के किसानों और उत्पादकों को अब वैश्विक बाजार से जोड़ने का मजबूत माध्यम मिल गया है। यह कार्यालय न केवल कृषि निर्यात को प्रोत्साहन देगा, बल्कि राज्य की आर्थिक समृद्धि की दिशा में भी एक निर्णायक कदम सिद्ध होगा। यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ को ‘वोकल फॉर लोकल टू ग्लोबल’ की दिशा में एक अग्रणी राज्य बनाएगी और समृद्ध कृषि उत्पादों के निर्यात के लिए क्षेत्र में नए अवसरों के द्वार खोलेगी।