महासमुंद/जिला खनिज संस्थान न्यास अंतर्गत प्रबंधकारिणी समिति की बैठक सम्पन्न

महासमुंद/जिला खनिज संस्थान न्यास अंतर्गत प्रबंधकारिणी समिति की बैठक सम्पन्न

महासमुंद कलेक्टर एवं जिला खनिज न्यास के अध्यक्ष श्री विनय कुमार लंगेह की अध्यक्षता में जिला खनिज संस्थान न्यास की प्रबंधकारिणी समिति की बैठक आज शाम कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संपन्न हुई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ एवं पदेन सचिव, जिला खनिज संस्थान न्यास श्री एस. आलोक, अपर कलेक्टर श्री रवि कुमार साहू, सचिव एवं सदस्यगण सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में पूर्व में स्वीकृत योजनाओं व निर्माण कार्यों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही वित्तीय वर्ष 2024-25 तक पूर्ण कार्य, प्रगतिरत एवं अप्रारम्भ कार्य की देनदारी पर समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराया जाए, अन्यथा उन्हें निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर श्री लंगेह ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि खनिज न्यास की निधि के अंतर्गत स्वीकृत पूर्व के कार्यां का उपयोगिता प्रमाण पत्र एवं पूर्णतः प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने सभी क्रियान्वयन एजेंसियों को हर माह की 05 तारीख तक मासिक प्रतिवेदन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने समस्त कार्यों की समीक्षा करते हुए अपूर्ण कार्यों के लिए राशि की मांग करने के निर्देश दिए हैं।

बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, पशुपालन, कृषि, विद्युत, उद्यानिकी, सिंचाई, जनपद तथा अधोसंरचना विकास के कार्यां की समीक्षा की गई। उन्होंने कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा योजनाओं के त्वरित क्रियान्वयन के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को कार्य योजनाओं का पारदर्शी तरीके से क्रियान्वित करने और जनता को अधिकतम लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।

 बागबाहरा/ग्राम सोनदादर में पैडी ट्रांसप्लांटर तकनीक से धान रोपाई के लिए किसानों को किया जा रहा प्रोत्साहित

बागबाहरा/ग्राम सोनदादर में पैडी ट्रांसप्लांटर तकनीक से धान रोपाई के लिए किसानों को किया जा रहा प्रोत्साहित

महासमुंद बागबाहरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम सोनदादर के कृषक श्री मनोज चंद्राकर के खेत में धान की रोपाई पैडी ट्रांसप्लांटर के माध्यम से की जा रही है। इस आधुनिक तकनीक को लेकर उप संचालक कृषि श्री एफ. आर कश्यप ने कृषक श्री मनोज चंद्राकर से नर्सरी से लेकर रोपाई तक की संपूर्ण प्रक्रिया की जानकारी ली एवं अन्य किसानों को भी इस प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित किया। उप संचालक कृषि श्री कश्यप ने बताया कि धान रोपाई में आधुनिक मशीनों के उपयोग से किसानों को समय और श्रम की बचत होती है, साथ ही उत्पादन में भी बढ़ोतरी देखी जा रही है।

कृषक मनोज चंद्राकर द्वारा इस तकनीक का सफलतापूर्वक उपयोग किया जा रहा है। अब तक जिले में लगभग 100 हेक्टेयर लक्ष्य में से 62 हेक्टेयर क्षेत्र रोप दिया गया है तथा शेष खेतों में रोपाई का कार्य प्रगति पर है। कृषि विभाग द्वारा अधिक से अधिक किसानों को यांत्रिक रोपाई (कतर रोपा) के प्रति प्रोत्साहित करना है, जिससे कृषि कार्यों में आधुनिकता और उत्पादकता को बढ़ावा मिल सके।

महासमुंद में मां की रोटी कैंटीन का शुभारंभ, अब मिलेगा स्वादिष्ट भोजन सिर्फ 50 रुपए में नगर पालिका अध्यक्ष व उपाध्यक्ष ने किया उद्घाटन, महिला समूह करेगा संचालन

महासमुंद में मां की रोटी कैंटीन का शुभारंभ, अब मिलेगा स्वादिष्ट भोजन सिर्फ 50 रुपए में नगर पालिका अध्यक्ष व उपाध्यक्ष ने किया उद्घाटन, महिला समूह करेगा संचालन

महासमुंद नगर में आज सामाजिक सरोकार की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल हुई। स्टेशन रोड स्थित मां की रोटी नामक महिला संचालित कैंटीन का भव्य शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष श्री निखिलकांत साहू एवं उपाध्यक्ष श्री देवीचंद राठी के करकमलों से किया गया। इस कैंटीन का संचालन शहर की जय गंगा मैया महिला समूह द्वारा किया जाएगा, जिसका उद्देश्य है जनता को मात्र 50 रुपए में स्वादिष्ट और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्री निखिलकांत साहू ने कहा कि यह पहल न केवल लोगों को सस्ती दर पर भोजन उपलब्ध कराएगी, बल्कि महिला सशक्तिकरण का भी बेहतरीन उदाहरण बनेगी। महिला समूहों ने समय-समय पर अपनी कार्यकुशलता और प्रतिबद्धता सिद्ध की है, और मुझे विश्वास है कि वे इस जिम्मेदारी को भी बखूबी निभाएंगे।”

नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री देवीचंद राठी ने महिला समूह को शुभकामनाएं देते हुए कहा, कि हमारे नगर की महिलाओं को यह अवसर मिलना गौरव की बात है। हम आशा करते हैं कि यह कैंटीन स्वच्छता, गुणवत्ता और स्वाद तीनों मानकों पर खरा उतरेगी। जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती हुलसी चंद्राकर ने महिला समूहों की कार्यक्षमता की सराहना करते हुए कहा की “महिला समूह कोई भी कार्य मन से करें तो उसमें सफलता निश्चित होती है। ‘मां की रोटी’ से आमजन को घर जैसा भोजन मिलेगा, यह विश्वास है। कार्यक्रम में नगर के वार्ड पार्षद श्री नानू भाई, श्री धनेंद्र चंद्राकर, श्री नीरज चंद्राकर श्री पीयूष साहू,चंद्रशेखर बेलदार ,समेत कई गणमान्य नागरिक एवं मां फाउंडेशन मुंबई के श्री विलास कांबले,गणेश गुली, संजय तारम उपस्थित रहे। मां फाउंडेशन ने इस कैंटीन में सहयोग प्रदान किया है।

कैंटीन की मार्गदर्शक श्रीमती प्रेमशीला बघेल ने जानकारी दी कि यह कैंटीन नगर पालिका की राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन योजना के अंतर्गत गठित महिला समूह द्वारा संचालित की जा रही है। समूह में कुल 12 सदस्य हैं। यहां प्रतिदिन केवल 50 रुपए में एक प्लेट चावल, तीन रोटी, एक कटोरी दाल और सब्जी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा नाश्ते के विकल्प भी मौजूद है। “मां की रोटी“ सिर्फ एक कैंटीन नहीं, बल्कि वह स्थान है जहां जरूरतमंदों को सस्ती दर पर पौष्टिक भोजन मिलेगा और महिला समूहों को आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में एक नया आयाम मिलेगा।

बलौदा बाजार में कलेक्टर दीपक सोनी की बड़ी कार्रवाई, प्रभारी प्राचार्य खूबचंद सरसीहा निलंबित,  

बलौदा बाजार में कलेक्टर दीपक सोनी की बड़ी कार्रवाई, प्रभारी प्राचार्य खूबचंद सरसीहा निलंबित,

छत्तीसगढ़ में 16 जून से स्कूल खुल चुके हैं. वहीं स्कूल खुलने के बाद बलौदा बाजार जिले में कई जगहों पर शिक्षकों की कमी को लेकर छात्रों ने प्रदर्शन किया. तो कई स्कूलों में शिक्षकों पर शिक्षा की मर्यादा भंग करने का आरोप लगा है. हालांकि एक ऐसा ही मामला सामने आने के बाद कलेक्टर ने संज्ञान लेते हुए बलौदा बाजार विकासखंड अंतर्गत स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अर्जुनी में पदस्थ प्रभारी प्राचार्य को निलंबित कर दिया. शिक्षा विभाग में मचा हड़कंप

विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए. जिसके बाद ये रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपा. इस मामले में एक्शन लेते हुए कलेक्टर दीपक सोनी ने कारण बताओ नोटिस जारी किया, लेकिन जवाब असंतोषजनक मिलने पर निलंबन की अनुशंसा की गई.

संचालक लोक शिक्षण ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के उल्लंघन को गंभीर मानते हुए तत्काल निलंबन आदेश जारी कर दिया है. प्रभारी प्राचार्य का मुख्यालय निलंबन अवधि में विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय कसडोल निर्धारित किया गया है. इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्राप्त होगा. प्रशासन की इस कड़ी कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है. शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि स्कूल में माहौल बिगाड़ने वाले और विद्यार्थियों का भविष्य खराब करने वाले किसी भी कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा. शिक्षक समाज में अनुशासन और संस्कार के वाहक होते हैं, ऐसे में अगर कोई शिक्षक स्वयं नियम तोड़े और नशे में आकर विद्यालय की गरिमा को गिराए तो उस पर सख्त कार्रवाई आवश्यक है.

महासमुंद/आर.बी.सी. 6-4 के तहत 12 लाख रुपए की आर्थिक सहायता अनुदान राशि स्वीकृत

महासमुंद/आर.बी.सी. 6-4 के तहत 12 लाख रुपए की आर्थिक सहायता अनुदान राशि स्वीकृत

महासमुंद,  कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के तहत प्राकृतिक आपदा से मृत्यु होने पर मृतकों के निकटतम वारिसानों के लिए चार-चार लाख रुपए के मान से कुल 12 लाख रूपए की आर्थिक सहायता अनुदान राशि स्वीकृत की है। इनमें पानी में डूबने से मृत्यु होने पर विकासखण्ड महासमुंद के ग्राम बड़गांव के मृतक श्री कमलेश निषाद की पत्नी श्रीमती कमला के लिए तथा विकासखण्ड पिथौरा अंतर्गत सर्पदंश से मृत्यु होने पर ग्राम बिजरापाली के मृतक श्री बिसहत यादव की पत्नी श्रीमती सोनबाई यादव के लिए एवं ग्राम बरनाईदादर के मृतक श्री विद्याधर यादव के पिता श्री देवेन्द्र यादव के लिए चार-चार लाख रुपए आर्थिक सहायता अनुदान राशि स्वीकृत की गई है।

महासमुंद कलेक्टर ने किया स्कूल, आंगनबाड़ी, इंजेक्शन वेल और पीएम जनमन आवास का निरीक्षण ग्राम बनपचरी में विकास कार्यों की गुणवत्ता का लिया जायजा

महासमुंद कलेक्टर ने किया स्कूल, आंगनबाड़ी, इंजेक्शन वेल और पीएम जनमन आवास का निरीक्षण ग्राम बनपचरी में विकास कार्यों की गुणवत्ता का लिया जायजा

महासमुंद विकासखंड के ग्राम बनपचरी में आज कलेक्टर श्री विनय लंगेह द्वारा विभिन्न शासकीय योजनाओं और संस्थाओं का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र, शासकीय विद्यालय, इंजेक्शन वेल और प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के अंतर्गत निर्मित आवासों का जायजा लिया।

ग्राम बनपचरी में आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने वहां उपलब्ध सुविधाओं, पोषण आहार की गुणवत्ता, बच्चों की उपस्थिति, टीकाकरण और स्वच्छता की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि बच्चों को समय पर गर्म भोजन, साफ-सफाई और पोषण से भरपूर आहार सुनिश्चित कराया जाए। कलेक्टर ने केन्द्र में कुपोषित बच्चों की जानकारी ली। साथ ही देने वाले गरम भोजन की भी जानकारी ली। उन्होंने गर्भवती माताओं को नियमित पूरक पोषण आहार वितरण की भी जानकारी ली। साथ ही पंजी संधारण करने के निर्देश दिए। इसके पश्चात कलेक्टर ने शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल और प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षाओं में जाकर शिक्षण कार्य की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया तथा विद्यार्थियों से संवाद भी किया। शिक्षकों की उपस्थिति, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, शिक्षण सामग्री की उपलब्धता एवं भौतिक अधोसंरचना की स्थिति की भी उन्होंने जानकारी ली। कलेक्टर ने बच्चों से संवाद करने के दौरान कहा कि मोबाइल का कम से कम उपयोग करें। उन्हांने जीवन में पढ़ाई के महत्व को बताते हुए कहा कि कठिन मेहनत और लगन का कोई विकल्प नहीं है। वर्तमान में नींव मजबूत होगा तभी भवन टिक सकेगा। विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए अपने अनुभव भी साझा किए।

तत्पश्चात निर्माणाधीन प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को दिए गए मकानों का अवलोकन करते हुए कलेक्टर ने निर्माण की गुणवत्ता और आवास में मूलभूत सुविधाओं की उपस्थिति की जांच की। उन्होंने निर्देश दिए कि अधूरे कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण किया जाए। इस दौरान महिला समूहों को सेंट्रिंग प्लेट व्यवसाय देने के लिए निर्देश दिए। इस दौरान ग्राम में उन्होंने जनभागीदारी से जल संरक्षण के तहत बनाए गए इंजेक्शन वेल का निरीक्षण भी किया। उपस्थित ग्रामीणों को जल संरक्षण के आसान उपयों को अपनाने के लिए सुझाव दिए। कलेक्टर ने कहा कि अपने घरों के आसपास सोख्ता गड्ढा अवश्य बनाएं और बंद पड़े बोर को इंजेक्शन वेल के रूप में तब्दील करें। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री एस. आलोक, जनपद पंचायत सीईओ श्री बी.एस. मांडवी, ग्राम सरपंच सहित अन्य स्थानीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कलेक्टर ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से फील्ड में जाकर कार्यों की प्रगति पर नजर रखें और योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों से भी संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को आवश्यक समाधान हेतु निर्देश दिए।

रायपुर बसना / बसना में 250 सीटों की क्षमता वाला एक भव्य सेंट्रल लाइब्रेरी सह निर्माण के लिए 441.49 लाख रुपये की बड़ी राशि स्वीकृत विधायक डॉ संपत अग्रवाल के प्रयास और उप मुख्यमंत्री का सहयोग: बसना में साकार होगा

रायपुर बसना / बसना में 250 सीटों की क्षमता वाला एक भव्य सेंट्रल लाइब्रेरी सह निर्माण के लिए 441.49 लाख रुपये की बड़ी राशि स्वीकृत
विधायक डॉ संपत अग्रवाल के प्रयास और उप मुख्यमंत्री का सहयोग: बसना में साकार होगा ‘!

रायपुर  बसना विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति देते हुए एक महत्वपूर्ण परियोजना को स्वीकृति मिली है. छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बसना विधानसभा क्षेत्र में बसना विधायक डॉ संपत अग्रवाल की अनुशंसा पर एक अत्याधुनिक सेंट्रल लाइब्रेरी सह रीडिंग जोन के निर्माण के लिए 441.49 लाख रुपये (लगभग 4.41 करोड़ रुपये) की बड़ी राशि स्वीकृत की है. इस जनहितैषी निर्णय के लिए बसना के लोकप्रिय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने उप मुख्यमंत्री अरुण साव का हृदय से आभार व्यक्त किया है.

*बसना के लिए ऐतिहासिक सौगात: ज्ञान का नया केंद्र*

विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने उन्हें एक पत्र के माध्यम से इस महत्वपूर्ण परियोजना की स्वीकृति से अवगत कराया है. विधायक डॉ. अग्रवाल ने इस सौगात को बसना और पूरे क्षेत्र के नागरिकों के लिए एक बड़ा वरदान बताया. उन्होंने कहा कि यह स्वीकृति बसना विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास और यहां की जनता की वर्षों पुरानी अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए प्रदान की गई है.

विधायक डॉ. अग्रवाल ने विस्तार से बताया कि स्वीकृत राशि से नगर पंचायत बसना में 250 सीटों की क्षमता वाला एक भव्य सेंट्रल लाइब्रेरी सह रीडिंग जोन स्थापित किया जाएगा. उन्होंने कहा, यह परियोजना शिक्षा और ज्ञान के प्रसार में मील का पत्थर साबित होगी. हमारे छात्र, शोधकर्ता और आम जनता को अब गुणवत्तापूर्ण अध्ययन और पठन-पाठन का बेहतरीन वातावरण मिलेगा, जिससे उनका भविष्य उज्ज्वल होगा.

*पारदर्शिता और जनभागीदारी: विकास में सबका साथ*

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने पत्र में विधायक डॉ. संपत अग्रवाल से अनुरोध किया है कि वे इस महत्वपूर्ण कार्य को अपने मार्गदर्शन में शीघ्रता और गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराएं. साथ ही, संबंधित अधिकारियों को भी इस परियोजना की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.

विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने उप मुख्यमंत्री के निर्देशों का पालन करते हुए कहा कि इस कार्य को अधिकतम प्रभावी रूप से पूर्ण किया जाएगा. उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि विभाग द्वारा स्वीकृत इन कार्यों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाई जाए, ताकि वे सक्रिय रूप से इसमें भागीदारी कर सकें.

विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने दृढ़ता से कहा कि इन परियोजनाओं की प्रगति और उनसे होने वाले लाभों की जानकारी आम जनता तक व्यापक रूप से पहुंचाई जाएगी. यह न केवल पारदर्शिता को बढ़ाएगा, बल्कि जनता का विश्वास और सहयोग भी सुनिश्चित करेगा, जो किसी भी विकास कार्य की सफलता के लिए अत्यंत आवश्यक है.

*विधायक ने जताया आभार, क्षेत्र के विकास की प्रतिबद्धता दोहराई*

विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने इस ऐतिहासिक स्वीकृति पर अपनी असीम प्रसन्नता व्यक्त की. उन्होंने कहा, यह कदम निश्चित रूप से बसना विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है. मैं प्रदेश के यशस्वी उप मुख्यमंत्री अरुण साव का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ, जिन्होंने बसना की जनता की जरूरतों को समझते हुए यह महत्वपूर्ण स्वीकृति प्रदान की.

यह परियोजना बसना में शैक्षिक क्रांति लाने और युवाओं को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाएगी, जिससे क्षेत्र के समग्र विकास को एक नई दिशा मिलेगी. विधायक डॉ. अग्रवाल ने अपने विधानसभा क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को एक बार फिर दोहराया है.

बलौदाबाजार : अनुशासनहीनता पर बड़ी कार्रवाई, प्रभारी प्राचार्य निलंबित

बलौदाबाजार : अनुशासनहीनता पर बड़ी कार्रवाई, प्रभारी प्राचार्य निलंबित

अनुशासनहीनता को बढ़ावा देने,शराब  पीकर विद्यालय आने,विद्यार्थियों एवं उनके पालकों से एडमिशन के नाम पर  अवैध वसूली एवं अमर्यादित व्यवहार सम्बन्धी शिकायत पर कड़ी कार्यवाही करते हुए प्रभारी प्राचार्य को निलंबित कर दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विकासखंड बलौदाबाजार अंतर्गत स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय अर्जुनी में पदस्थ प्रभारी प्राचार्य (मूल पद व्याख्याता एल बी ) खूबचंद सरसींहा के द्वारा शराब  पीकर विद्यालय  आने, विद्यार्थियों एवं उनके पालकों से एडमिशन के नाम पर  अवैध वसूली, कर्मचारियों क़ो मानसिक रूप से प्रताड़ित करने,अमर्यादित व्यवहार एवं अनुशासनहीनता को बढ़ावा देने सम्बन्धी शिकायत की जांच विकासखंड शिक्षा अधिकारी द्वारा कराई गई।जांच उपरांत  शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाई गई। जांच प्रतिवेदन के आधार पर कलेक्टर दीपक सोनी के द्वारा प्रभारी प्राचार्य खूबचंद सरसीहा को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। नोटिस का जवाब संतोषप्रद नहीं पाए जाने के कारण प्रभारी प्राचार्य के  निलंबन की अनुशंसा की गई।

पदीय दायित्वों के  निर्वहन में घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता एवं स्वेच्छाचारिता के कारण छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 के विपरीत मानते हुए संचालक लोक शिक्षण ने प्रभारी प्राचार्य खूबचंद सरसीहा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय कसडोल नियत किया गया है। निलंबन अवधि में नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता होगी।

 

छत्तीसगढ़ : टैरिफ में न्यूनतम वृद्धि, आपूर्ति में गुणवत्ता — छत्तीसगढ़ में ऊर्जा सुधारों को मिल रहा व्यापक जनसमर्थन: मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय

रायपुर : टैरिफ में न्यूनतम वृद्धि, आपूर्ति में गुणवत्ता — छत्तीसगढ़ में ऊर्जा सुधारों को मिल रहा व्यापक जनसमर्थन: मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय

स्टील उद्योगों के लिये राहत, घरेलु उपभोक्ताओं के लिए संरक्षण, कृषि पंपों पर नहीं पड़ेगा बोझ

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ विद्युत नियामक आयोग द्वारा वर्ष 2025-26 हेतु घोषित बिजली टैरिफ में मात्र 1.89 प्रतिशत की वृद्धि की गई है, जो कि विगत वर्षों में न्यूनतम वृद्धि में से एक है। यह निर्णय जनसुनवाई की प्रक्रिया के बाद पारदर्शी ढंग से लिया गया है और इसे घरेलू उपभोक्ताओं से लेकर स्टील और रोलिंग मिल उद्योगों तक ने सराहा है।

आम उपभोक्ताओं को राहत, किसानों पर कोई अतिरिक्त भार नहीं

मुख्यमंत्री ने कहा कि घरेलू विद्युत दरों में केवल 10 से 20 पैसे तक की मामूली वृद्धि की गई है, जबकि कृषि पंप उपभोक्ताओं के लिए 50 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि की गई है — जिसका सीधा असर किसानों पर नहीं पड़ेगा क्योंकि यह राशि शासन द्वारा सब्सिडी के रूप में पहले से अग्रिम भुगतान की जा रही है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हमारा उद्देश्य  है कि छत्तीसगढ़ के कृषक वर्ग पर कोई अतिरिक्त आर्थिक भार न पड़े। सरकार किसानों के हितों की पूरी तरह से रक्षा कर रही है।

उद्योगों को बढ़ावा — स्टील इंडस्ट्री की दरों में कटौती

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने उद्योगों को प्रतिस्पर्धात्मक बनाए रखने हेतु मिनी स्टील, रोलिंग मिल और फेरो एलॉय जैसे ऊर्जा-गहन उद्योगों की दरों में कटौती की है। यह निर्णय उद्योगों के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

बेहतर आपूर्ति और घटती हानियाँ: गुणवत्तापूर्ण वितरण प्रणाली की दिशा में अग्रसर छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में औसतन 23.85 घंटे/दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 23.45 घंटे/दिन बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। विशेष रूप से कृषि फीडरों में 18 घंटे प्रतिदिन की आपूर्ति दी जा रही है, जो देश के सभी राज्यों में सर्वाधिक आंकड़ों में शामिल है। तकनीकी और वाणिज्यिक हानि (AT&C Loss) को 2020-21 में 23.14% से घटाकर 2024-25 में 13.79% किया गया है। यह उपलब्धि दक्ष संचालन, पारदर्शी व्यवस्था और तकनीकी सुधारों का प्रमाण है।

अधोसंरचना विकास के लिए बड़ा निवेश, कोरबा में 1320 मेगावॉट का नया प्लांट

वर्तमान टैरिफ में केपिटल इन्वेस्टमेंट प्लान का भी समावेश है जिसके अंतर्गत  ट्रांसमिशन कंपनी के लिए ₹2433 करोड़, डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के लिए  ₹3977 करोड़ और जनरेशन कंपनी के लिए ₹2992 करोड़ का प्रावधान है। कोरबा में 1320 मेगावॉट के प्लांट की स्थापना का कार्य भी प्रारंभ हो चुका है, जिसकी लागत ₹15,800 करोड़ है। इससे छत्तीसगढ़ भविष्य में ऊर्जा-सरप्लस राज्य बनेगा और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।

सौर ऊर्जा की ओर एक कदम: घरेलू उपभोक्ताओं के लिए डबल अनुदान योजना

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत 3 किलोवाट तक के संयंत्रों पर ₹78,000 तक केंद्र सरकार से अतिरिक्त 2 किलोवाट तक के संयंत्रों पर ₹30,000 तक राज्य शासन से अनुदान दिया जाएगा। यह योजना छत्तीसगढ़ के घरेलू उपभोक्ताओं को ऊर्जा आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में क्रांतिकारी पहल है।

ऊर्जा के क्षेत्र में 3 लाख करोड़ रुपये के करार, आएगी रोजगार क्रांति

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने बताया कि पॉवर कंपनी/शासन द्वारा 3 लाख करोड़ रुपये से अधिक के करार किए गए हैं, जिससे आने वाले समय में ऊर्जा उत्पादन और रोजगार दोनों के क्षेत्र में क्रांति आएगी।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि हमारी प्राथमिकता है कि बिजली उपभोक्ताओं को न केवल निर्बाध आपूर्ति मिले, बल्कि वह गुणवत्तापूर्ण, सस्ती और टिकाऊ हो। वर्तमान और भावी योजनाओं के माध्यम से छत्तीसगढ़ ऊर्जा के क्षेत्र में राष्ट्रीय मानक स्थापित करेगा।

महासमुंद/धारदार चाकू लहराकर फैला रहा था दहशत, संजय कानन गार्डन के पास से युवक गिरफ्तार

महासमुंदधारदार चाकू लहराकर फैला रहा था दहशत, संजय कानन गार्डन के पास से युवक गिरफ्तार

महासमुंद, 15 जुलाई 2025 शहर के संजय कानन गार्डन के पास उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक युवक ने खुलेआम धारदार चाकू लहराते हुए लोगों को डराने-धमकाने लगा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

प्रधान आरक्षक भागवत साहू ने बताया कि वे आरक्षक 112 मोह. रिजवान खान एवं आरक्षक 826 योगेश्वर ध्रुव के साथ गश्त पर निकले थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति, संजय गार्डन के पास सड़क किनारे, हाथ में बड़ा चाकू लहराकर आम नागरिकों को डरा रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी राजा खान पिता जाफर खान उम्र 27 वर्ष निवासी संत रविदास गार्डन, नयापारा, महासमुंद को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 11 इंच लंबा धारदार चाकू बरामद किया गया, जिसमें 6.6 इंच फल (ब्लेड) एवं 4.4 इंच मुठ की लंबाई पाई गई।

पूछताछ में आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने बरामद चाकू को गवाहों की मौजूदगी में जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया है। आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर थाना लाकर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की गई।

इस कार्रवाई में स्वतंत्र गवाह नकुल सोनी (ग्राम बेमचा) एवं आलेश साहू (नयापारा) की उपस्थिति रही, जिन्होंने पूरे घटनाक्रम की पुष्टि की।

पुलिस का कहना है कि आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। इस तरह की घटनाएं आम नागरिकों में दहशत फैलाने का प्रयास हैं, जिस पर पुलिस पूरी सख्ती से कार्रवाई कर रही है।