CG News: नवोदय विद्यालय में फोन चलाने पर शिक्षक ने छात्र को बेरहमी से पीटा, स्कूल पहुंची बाल आयोग की अध्यक्ष

CG News: नवोदय विद्यालय में फोन चलाने पर शिक्षक ने छात्र को बेरहमी से पीटा, स्कूल पहुंची बाल आयोग की अध्यक्ष

 

रायपुर नवोदय विद्यालय माना में शिक्षक द्वारा एक छात्र को पीटे जाने का मामला बाल आयोग तक पहुंच गया है। बाल आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने हॉस्टल में बच्चों के साथ क्रूरता के मामले की सूचना मिलने के बाद उस विद्यालय का तत्काल मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने पीड़ित बच्चों से मुलाकात की और मामले की पूरी जानकारी ली।

प्रारंभिक रूप में यह पाया गया कि एक शिक्षक ने बच्चों के साथ मारपीट की है। पीड़ित बच्चों ने बताया कि विद्यालय के ज्योग्राफी शिक्षक ने मारा था। इस क्रूरता के कारण एक बच्चे के हाथ में मामूली फ्रैक्चर और पैर में चोटें आई हैं। पीड़ित बच्चे की स्थिति को देखते हुए विद्यालय की प्राचार्या ने तुरंत उसका एक्सरे कराया, जिसमें हाथ में फ्रैक्चर और पैर में चोट का खुलासा हुआ।

बाल आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने घटना की गंभीरता को देखते हुए आयोग को इस मामले का संज्ञान लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उन्होंने यह भी कहा कि मामले की जांच प्रभावित न हो, इसलिए दोषी शिक्षक को निलंबित करने की अनुशंसा की जा रही है।

डॉ. शर्मा ने कहा कि “बच्चों के अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस घटना की पूरी जांच की जाएगी और दोषी व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।” उनके साथ बाल कल्याण समिति रायपुर के एक सदस्य भी शामिल हुई, ताकि मामले सही तरीके से जांच हो सके। आयोग ने आगे की कार्रवाई के लिए त्वरित कदम उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया है।

यह है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार, नवोदय विद्यालय माना में 10वीं के कुछ बच्चे रात के समय हॉस्टल में फोन चला रहे थे। वार्डन ने इसकी सूचना शिक्षक को दी। जिस पर शिक्षक ने गुस्से में आकर छात्रों के साथ मारपीट की। जिसमें एक छात्र के हाथ में गंभीर चोट आई। वार्डन और शिक्षक का कहना है कि स्कूल में फोन लाने की अनुमति नहीं है, साथ ही बच्चे फोन में गलत चीजें देख रहे थे।

क्या बोले आरोपी शिक्षक

वहीं इस मामले में आरोपी शिक्षक डीके सिंह ने कहा कि मैं कोई अपराधी नहीं हूं। वार्डन ने छात्रों के रात एक बजे मोबाइल चलाने की बात बताई। मुझे देखते ही छात्र मोबाइल फेंककर भागने की कोशिश करने लगे। मैंने मोबाइल हास्टल में कहां से आया है। उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। एक छात्र को मार दिया। मुझे मारना नहीं चाहिए। छात्र हमारे संरक्षण में रहते हैं। इनकी देखभाल करना और अनुशासित बनाना हमारी जिम्मेदारी है। हम भी छात्रों से उनके माता-पिता की तरह प्यार करते हैं। अनुशासनहीनता करने पर कठोर निर्णय लेना पड़ता है।

महासमुंद/ बसना क्षेत्र में लूटपाट की घटना का पुलिस ने किया खुलासा 04 आरोपियों को गिरफ्तार किया है,

 

महासमुंद। थाना बसना क्षेत्र में लूटपाट की घटना का पुलिस ने त्वरित खुलासा कर 04 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 01 विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट का नगदी रकम 1200 रुपये, एक मोबाइल फोन (कीमती 5000 रुपये) तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल पल्सर (कीमती 80,000 रुपये) कुल जुमला 86,200 रुपये जप्त किया है।

घटना का विवरण
दिनांक 30 अगस्त 2025 को प्रार्थी बनवारी लाल नंद ने थाना बसना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने भाई के घर आया था और शाम लगभग 6:30 बजे जब हाई स्कूल बसना से लौट रहा था, तभी नायकपारा में लक्ष्मी किराना स्टोर्स के पास आरोपियों ने उसे रोककर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इस दौरान आरोपी राजा सोनवानी ने प्रार्थी का कालर पकड़ लिया और धमकी देते हुए उससे नगदी व मोबाइल छीन लिया। सुरज यादव ने जेब से मोबाइल फोन लूट लिया वहीं राजा सोनवानी ने नगदी 3000 रुपये निकाल लिए।

पुलिस की कार्रवाई
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना बसना में अपराध धारा 296, 115(2), 309(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपियों को हिरासत में लिया और पूछताछ में उन्होंने अपराध स्वीकार किया। आरोपियों से घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल, लूटा गया मोबाइल फोन और नगदी रकम जप्त की गई।

गिरफ्तार आरोपी

1. ओमप्रकाश उर्फ राजा सोनवानी पिता संतोष सोनवानी उम्र 21 वर्ष, निवासी वार्ड 06 बसना।

2. सुरज यादव पिता विजय यादव उम्र 21 वर्ष, निवासी वार्ड 02 बसना।

3. हरीश उर्फ सोनू ओगरे पिता स्व. अशोक ओगरे उम्र 18 वर्ष, निवासी वार्ड 02 बसना।

4. एक विधि से संघर्षरत बालक।

 

जप्त संपत्ति

घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल (सीजी 06 एचए 1590), कीमती लगभग 80,000 रुपये।

रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन, कीमती लगभग 5,000 रुपये।

नगदी रकम 1200 रुपये।
कुल जप्त संपत्ति की कीमत: 86,200 रुपये।

यह पूरी कार्रवाई महासमुंद पुलिस द्वारा की गई है।

महासमुंद/ग्रामीण महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की नई पहल  ‘दीदी के गोठ’ रेडियो कार्यक्रम का हुआ शुभारंभ

महासमुंद/ग्रामीण महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की नई पहल  ‘दीदी के गोठ’ रेडियो कार्यक्रम का हुआ शुभारंभ

 

महासमुंद/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सुशासन की सरकार ने छत्तीसगढ़ की ग्रामीण महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक और पारिवारिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक और ऐतिहासिक कदम बढ़ाया है। राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत आज तैयार विशेष रेडियो कार्यक्रम “दीदी के गोठ” का शुभारंभ हुआ। यह कार्यक्रम आकाशवाणी रायपुर केंद्र सहित प्रदेश के सभी आकाशवाणी केंद्रों से एक साथ प्रसारित किया गया। साथ ही इसकी लाइव स्ट्रीमिंग ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी लोग जुड़े।

जिला स्तर पर रेडियो कार्यक्रम “दीदी के गोठ” कार्यक्रम अंतर्गत बिहान के दीदियों की कहानी उन्हीं के जुबानी सुनाया गया। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्री हेमंत रमेश नंदनवार, श्री भीखम सिंह ठाकुर जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं श्री जागेश्वर जुगनू चंद्राकर सदस्य जिला पंचायत महासमुंद, बिहान की दीदियां कार्यक्रम में सम्मिलित होकर रेडियो प्रसारण को सुना।

कार्यक्रम के इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, भारत सरकार के केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री तथा राज्य के उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री विजय शर्मा द्वारा ग्रामीण महिलाओं के नाम विशेष संदेश और प्रेरणादायी शुभकामनाएँ प्रसारित की गई। दीदी के गोठ का प्रमुख उद्देश्य ग्रामीण अंचलों की महिलाओं को शासन की विभिन्न योजनाओं से जोड़ना, उन्हें स्वरोजगार के अवसर प्रदान करना तथा आत्मनिर्भरता और स्वावलंबन की ओर अग्रसर करना है।

इस कार्यक्रम में स्व-सहायता समूहों की सफल महिलाओं की कहानियाँ सुनाई गई। कैसे उन्होंने संघर्ष और कठिनाइयों को पार कर अपनी मेहनत और आत्मविश्वास से न सिर्फ़ आर्थिक रूप से मज़बूती हासिल की बल्कि समाज में भी एक नई पहचान बनाई। आज छत्तीसगढ़ की लाखों महिलाएँ लखपति दीदी बन चुकी हैं। उनका जीवन बिहान योजना से सकारात्मक रूप से बदला है। इनकी प्रेरणादायी कहानियाँ रेडियो की आवाज़ के माध्यम से हर गाँव और हर घर तक पहुँचेंगी, ताकि दूसरी महिलाएँ भी आत्मनिर्भरता की राह पकड़ सकें।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, स्थानीय समुदाय और स्व-सहायता समूह की दीदियाँ विशेष रूप से शामिल हुई। सामूहिक श्रवण से ग्रामीण क्षेत्रों में आपसी संवाद, चर्चा और प्रेरणा का वातावरण बना। दीदी के गोठ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी की सुशासन की सरकार की दूरदर्शी सोच का प्रतिबिंब है। इसका उद्देश्य महिलाओं की आवाज़ को पूरे समाज तक पहुँचाना, उनके संघर्ष और उपलब्धियों को सामने लाना तथा उन्हें शासन की योजनाओं से जोड़कर सकारात्मक परिवर्तन की राह दिखाना है।

महासमुंद एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय भोरिंग, महासमुंद में राष्ट्रीय खेल दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया

महासमुंद एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय भोरिंग, महासमुंद में राष्ट्रीय खेल दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया

 

महासमुंद/ हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती पर एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय भोरिंग में राष्ट्रीय खेल दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया। प्राचार्य महेन्द्र कुमार टंडन की उपस्थिति में व्यायाम शिक्षक नीलम साहू एवं गौरव शर्मा ने कार्यक्रम का संचालन किया, जिसमें अन्य शिक्षकों ने भी सहयोग दिया।

लगभग 170 विद्यार्थियों ने कुल 12 खेलों में भाग लिया। प्रतियोगिताओं में मनोरंजक खेल फुगड़ी, रस्सी कूद, बोरा दौड़, आलू दौड़, नींबू-चम्मच दौड़ और जलेबी दौड़ के साथ-साथ प्रतिस्पर्धात्मक खेल बाहु-कुश्ती, शतरंज, बैडमिंटन, भाला फेंक, तवा फेंक और गोला फेंक शामिल थे। इनमें कुछ पारंपरिक भारतीय खेलों को भी बढ़ावा दिया गया।विद्यालय प्रांगण उत्साह और जयकारों से गूंज उठा। समारोह में सामूहिक नारा “हर गली हर मैदान खेले, सारा हिन्दुस्तान खेले” का आकर्षण रहा।

महासमुंद/श्रमिकों के पंजीयन और योजनाओं के आवेदन के लिए मोबाइल कैंप का आयोजन

महासमुंद/श्रमिकों के पंजीयन और योजनाओं के आवेदन के लिए मोबाइल कैंप का आयोजन

 

महासमुंद/ छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के मार्गदर्शन में जिले में संगठित और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के पंजीयन नवीनीकरण और योजनाओं के आवेदन एवं निराकरण के लिए मोबाइल कैंप का आयोजन किया जा रहा है।

श्रम पदाधिकारी ने बताया कि इन कैंपों का आयोजन विकासखंडवार अलग अलग तिथियों पर किया जाएगा। पंजीयन के लिए आवश्यक दस्तावेज आधार कार्ड, बैंक पासबुक, मोबाइल नंबर एवं असंगठित कर्मकार के पंजीयन हेतु आधार कार्ड, बैंक पासबुक, मोबाइल नंबर एवं आय प्रमाण पत्र साथ लाएं। इस संबंध में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, सरपंच एवं सचिव को निर्देशित किया गया है कि वे ग्राम पंचायतों में मुनादी कराएं, ताकि सभी श्रमिकों को इस कैंप की जानकारी दी जा सके।

मोबाइल कैंप का आयोजन जिले में 5 सितम्बर से 15 अक्टूबर 2025 तक किया जाएगा। जिसमें सरायपाली विकासखण्ड में 05 सितंबर को ग्राम कनकेवा में, 12 सितंबर को राफेल, 19 सितंबर को कुसमीसरार, 26 सितंबर को बरिहापाली, 06 अक्टूबर को बैदपाली, 10 अक्टूबर को अर्जुन्दा एवं 15 अक्टूबर को रूढ़ा में शिविर का आयोजन किया जाएगा।

इसी प्रकार पिथौरा विकासखण्ड अंतर्गत 8 सितंबर को धनोरा में, 15 सितंबर को बरेकेलखुर्द, 22 सितंबर को कसीबहरा, 29 सितंबर को पिलवापाली, 7 अक्टूबर को अरंड एवं 13 अक्टूबर को छिंदौली में, बसना विकासखण्ड अंतर्गत 9 सितंबर को आमापाली में, 16 सितंबर को खरोरा, 23 सितंबर को परसकोल, 30 सितंबर को भूकेल, 8 अक्टूबर को चिमरकेल, 13 अक्टूबर को कायतपाली एवं 15 अक्टूबर को बिटांगीपाली में कैंप का आयोजन किया जाएगा।

इसी तरह बागबाहरा विकासखण्ड अंतर्गत 10 सितंबर को मोंगरापाली, 17 सितंबर को डोंगरगांव, 24 सितंबर को ख़ैरटखुर्द, 01 अक्टूबर को कलमीदादर, 9 अक्टूबर को तुपकबोरा, 14 अक्टूबर को गांजर में, महासमुंद विकासखण्ड अंतर्गत 11 सितंबर को उमरदा में, 18 सितंबर को सोरिद, 25 सितंबर को कौन्दकेरा, 3 अक्टूबर को जामली, 10 अक्टूबर को साराडीह एवं 14 अक्टूबर को बकमा में मोबाईल कैंप का आयोजन किया जाएगा।

छत्तीसगढ़/ दिव्यांग बेटे को न्याय दिलाने के लिए 5 साल तक कर्ज लेकर लड़ती रही बूढी मां, अब जाकर मिला इंसाफ 

छत्तीसगढ़/ दिव्यांग बेटे को न्याय दिलाने के लिए 5 साल तक कर्ज लेकर लड़ती रही बूढी मां, अब जाकर मिला इंसाफ

 

छत्तीसगढ़/जशपुर नगर घर निर्माण के दौरान 11 हजार वोल्ट करंट की चपेट में आ कर 75 प्रतिशत दिव्यांग हुए बेटे को न्याय दिलाने के लिए एक मां लगातार पांच साल तक कानूनी लड़ाई लड़ती रही। आखिर में जिला न्यायालय ने इस गरीब परिवार को न्याय देते हुए 13 लाख 50 हजार रूपये क्षतिपूर्ति देने का आदेश दे कर गरीब परिवार को बड़ी राहत दी है।

शहर के नजदीकी ग्राम कोमड़ो की निवासी वादी जसंती बाई के अधिवक्ता सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि जसवंती का बेटा अनूप भगत राज मिस्त्री का काम कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। घटना दिनांक 23 जून 2020 को चिरोडिपा में सावित्री बाई के घर के निर्माण कार्य में राज मिस्त्री का काम कर रहा था। इसी दौरान निर्माण स्थल के बगल में स्थित बिजली के खम्बे के बारिश के पानी से जमीन में फैले करंट की चपेट में आने से अनूप गंभीर रूप से घायल हो गया।

जिला चिकित्सालय में में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए अनूप को बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर कर दिया था। घटना के बाद अनूप भगत 70 प्रतिशत दिव्यांग हो गया। जिला मेडिकल बोर्ड ने परीक्षण के बाद अनूप को दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी जारी कर दिया।

अनूप की मां जसंती बाई ने बेटे को न्याय दिलाने के लिए जिला न्यायलय में अधिवक्ता सत्य प्रकाश तिवारी के माध्यम से परिवाद दायर किया। दोनों पक्षों के तर्क और प्रस्तुत प्रमाणो का परीक्षण करने के बाद न्यायधीश शैलेश अचयुत पटवर्धन ने मकान मालकिन सावित्री बाई और राज्य विद्युत मंडल को संयुक्त रूप से पीड़ित अनूप भगत को साढ़े 13 लाख क्षतिपूर्ति भुगतान करने का आदेश दिया है।

कर्ज लेकर किया न्याय के लिए संघर्ष

जसंतीबाई ने बताया कि दुर्घटना के बाद से उनका पूरा परिवार गंभीर आर्थिक संकट में फंस गया है। परिवार में अनूप के अलावा कमाने वाला कोई सदस्य नहीं है। उनके पिता जमुना राम भी बीमारी से जुझ रहे है। बहन रूचि इस समय कालेज में स्तानक के अंतिम साल की पढ़ाई कर रही है। मां जसंती बाई मेहनत मजदूरी और कर्ज लेकर बेटे का उपचार कराई और फिर बेटे को न्याय दिलाने के लिये जिला न्यायालय में परिवाद दायर किया।

न्यायालय के निर्णय से अनुप के साथ उसके परिवार को आर्थिक सहायता मिलने की उम्मीद जागी है। हालांकि अनूप के सामने अभी पूरा जीवन पड़ा हुआ है। दुर्घटना के बाद चलना-फिरना तो दूर बिस्तर से उठ कर बैठ भी नहीं पाते हैं। जसंती बाई ने बताया कि फिलहाल सरकारी सहायता के नाम पर अनूप को दिव्यांग पेंशन के रूप में 5 सौ रूपये प्रतिमाह मिल रहा है।

दूसरे पीड़ितों को मिलेगी राहत जिला न्यायालय द्वारा पीड़ित अनूप भगत के मामले में दिये गए निर्णय को महत्वपूर्ण बताते हुए अधिवक्ता सत्यप्रकाश तिवारी ने कहा कि इस तरह के मामले में अक्सर पीड़ित को नियम के अनुसार मुआवजा देने से बच निकलते हैं। जिला न्यायालय द्वारा दिए गए निर्णय से इस तरह के मामलों के पीड़ितों को अपने कानूनी अधिकार की लड़ाई लड़ने की प्रेरणा मिलेगी।’’

सत्यप्रकाश तिवारी,अधिवक्ता,परिवादी

CG Crime News: पूजा करने मंदिर पहुंची पुजारी की मां, वहां बेटे की खून से सनी लाश देखकर चीख पड़ी

CG Crime News: पूजा करने मंदिर पहुंची पुजारी की मां, वहां बेटे की खून से सनी लाश देखकर चीख पड़ी

छत्तीसगढ़/बिलासपुर जिल के तखतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम परसाकापा में शनिवार रात मंदिर के पुजारी की हत्या हो गई है। पूजा के लिए मंदिर पहुंची मां को पुजारी बेटे की खून से सनी मिली लाश मिली। रविवार सुबह यह दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां पाठ बाबा मंदिर के पुजारी की अज्ञात हमलावरों ने निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।

तखतपुर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार परसाकापा में रहने वाले जागेश्वर पाठक उर्फ मोटू (30 वर्ष) गांव के पाठबाबा मंदिर में पुजारी थे। वे रात को मंदिर में ही सोते थे। रोज की तरह शनिवार रात मंदिर में ही सोया था। रविवार सुबह लगभग छह बजे उसकी मां मंदिर पहुंचीं तो बेटे का रक्तरंजित शव देखकर चीख पड़ीं। उनके शोर मचाने पर ग्रामीण वहां जमा हो गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर जांच शुरू कर दी है।

चोरी की आशंका, विरोध करने पर हुई हत्या

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि मंदिर में चोरी की नीयत से पहुंचे चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस का मानना है कि चोरी के दौरान पुजारी ने विरोध किया होगा, जिस पर हमलावरों ने धारदार हथियार से उसके सिर पर हमला कर दिया। हमलावरों ने उनके शरीर पर धारदार हथियार से कई बार वार किया है। इस हमले में उनकी मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

चप्पल छोड़कर भागे हमलावर

पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से एक जोड़ी चप्पल बरामद हुई है, जिसे आरोपी मौके पर छोड़कर भाग निकले। ग्रामीणों से चप्पल की पहचान कराई गई, लेकिन कोई पहचान नहीं कर सका। इससे यह संभावना मजबूत हो रही है कि हत्या में शामिल आरोपी गांव से बाहर का है। फिलहाल पुलिस की टीम गांव में लोगों से पुजारी के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

पुजारी के दोनों मोबाइल गायब

जांच में यह भी सामने आया है कि पुजारी जागेश्वर के पास दो मोबाइल फोन थे। इनमें एक एंड्राइड और दूसरा की-पैड वाला मोबाइल था। घटना के बाद दोनों फोन गायब मिले हैं। पुलिस को संदेह है कि चोर हत्या के बाद मोबाइल लेकर फरार हुए हैं। ऐसे में मोबाइल की लोकेशन और कॉल डिटेल्स के आधार पर आरोपियों तक पहुंचा जा सकता है।

फोरेंसिक और डॉग स्क्वायड की टीम पहुंची

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। फारेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन पुलिस चोरी और आपसी रंजिश दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है। इधर डाग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया है।

महासमुन्द पिथौरा / डोंगरीपाली धान उपार्जन केन्द्र में 1.39 करोड़ का गबन, प्रभारी व प्रबंधक पर एफआईआर

महासमुन्द पिथौरा / डोंगरीपाली धान उपार्जन केन्द्र में 1.39 करोड़ का गबन, प्रभारी व प्रबंधक पर एफआईआर

महासमुंद/पिथौरा। जिले के विकासखंड पिथौरा थाना सांकरा अंतर्गत प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्या० जेराभरन पं.क्र. 877 के धान उपार्जन केन्द्र डोंगरीपाली (छः) में करोड़ों की अनियमितता का मामला सामने आया है। जांच प्रतिवेदन के अनुसार केन्द्र में धान और बारदाने की भारी कमी पाई गई है।

शाखा प्रबंधक, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्या. शाखा सांकरा मांझी पिता डोलामणि मांझी (उम्र 52 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 5 कौशल्या बिहार कॉलोनी, बसना) ने थाना प्रभारी सांकरा को लिखित आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन में उल्लेख है कि खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के दौरान गठित जांच दल – जिसमें सहकारिता निरीक्षक एवं खाद्य निरीक्षक पिथौरा शामिल थे – ने प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्या. जेराभरन पं.क्र. 877 के धान उपार्जन केन्द्र डोंगरीपाली (छः) का परीक्षण किया।

जांच में पाया गया कि केन्द्र में 4426.78 क्विंटल मोटा धान की कमी है। जिसकी कीमत प्रति क्विंटल ₹3100 की दर से ₹1,37,23,018 (एक करोड़ सैंतीस लाख तेईस हजार अठारह रुपये) आंकी गई। इसी तरह 10,293 नग पुराने बारदाने की कमी पाई गई, जिसकी कीमत प्रति नग ₹25 की दर से ₹2,57,325 (दो लाख सत्तावन हजार तीन सौ पच्चीस रुपये) होती है। इस प्रकार कुल मिलाकर ₹1,39,80,343 (एक करोड़ उनचालीस लाख अस्सी हजार तीन सौ तैंतालीस रुपये) का गबन सामने आया।

जांच के समय धान खरीदी केन्द्र प्रभारी एवं कम्प्यूटर आपरेटर भारत मांझी उपस्थित नहीं था। समिति प्रबंधक व अन्य सहकर्मियों के कथन के अनुसार भारत मांझी फरार है। इससे यह स्पष्ट होता है कि यह कमी जानबूझकर की गई है। जांच प्रतिवेदन में धान खरीदी केन्द्र प्रभारी एवं कम्प्यूटर ऑपरेटर भारत मांझी तथा समिति प्रबंधक ओमप्रकाश नायक को संयुक्त रूप से जिम्मेदार ठहराया गया है।

इस संबंध में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्या. शाखा सांकरा द्वारा थाना सांकरा को दिए गए आवेदन के आधार पर पुलिस ने दोनों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। थाना सांकरा पुलिस ने धारा 316 (3), 316 (5), 318 (3) बीएनएसएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने कहा है कि दोषियों पर कठोर कार्यवाही की जाएगी।

राशिफल विशेष, जहां आप पाएंगे आज के दिन का राशिफल, कैसा होगा आपका दिन, किसे मिलेगा प्यार, किसका चलेगा व्यापार, करियर में किसे मिलेगी उड़ान, किसे मिलेगा धन अपार… हर वर्ग के लिए जानिए दैनिक राशिफल

राशिफल विशेष, जहां आप पाएंगे आज के दिन का राशिफल, कैसा होगा आपका दिन, किसे मिलेगा प्यार, किसका चलेगा व्यापार, करियर में किसे मिलेगी उड़ान, किसे मिलेगा धन अपार… हर वर्ग के लिए जानिए दैनिक राशिफल

मेष
अ, आ, चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो
आय में वृद्धि तथा उन्नति मनोनुकूल रहेंगे। लाभ के अवसर हाथ आएंगे। पार्टनरों का सहयोग समय पर प्राप्त होगा। यात्रा की योजना बनेगी। घर-बाहर कुछ तनाव रहेगा। स्वास्थ्य का ध्यान रखें। स्थायी संपत्ति के कार्य बड़ा लाभ दे सकते हैं। बेरोजगारी दूर करने के प्रयास सफल रहेंगे।
राशि फलादेश

वृषभ
ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो
पार्टी व पिकनिक का कार्यक्रम बनेगा। स्वादिष्ट व्यंजनों का लाभ मिलेगा। व्यापार-व्यवसाय मनोनुकूल रहेंगे। रचनात्मक कार्य सफल रहेंगे। काम में मन लगेगा। शेयर मार्केट में लाभ रहेगा। नौकरी में सुविधाएं बढ़ सकती हैं। व्यस्तता के चलते स्वास्थ्‍य का ध्यान रखें। धन प्राप्ति सुगमता से होगी।

मिथुन
का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, ह
वाणी पर नियंत्रण रखें। चिंता तथा तनाव रहेंगे। स्वास्थ्य का पाया कमजोर रहेगा। व्यवसाय ठीक चलेगा। आय में निश्चितता रहेगी। लाभ होगा। दु:खद सूचना मिल सकती है, धैर्य रखें। फालतू खर्च होगा। कुसंगति से बचें। बेकार की बातों पर ध्यान न दें। अपने काम पर अधिक ध्यान देने की आवश्यकता है।
राशि फलादेश

कर्क
ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो
आत्मसम्मान बना रहेगा। उत्साहवर्धक सूचना प्राप्त होगी। बड़ा काम करने का मन बनेगा। परिवार के सदस्यों की उन्नति के समाचार मिलेंगे। प्रसन्नता रहेगी। पारिवारिक सहयोग बना रहेगा। किसी व्यक्ति की बातों में न आएं, लाभ होगा। भूले-बिसरे साथी तथा आगंतुकों के स्वागत तथा सम्मान पर व्यय होगा।
राशि फलादेश

सिंह
मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे
मित्रों का सहयोग व मार्गदर्शन प्राप्त होगा। लाभ के अवसर हाथ आएंगे। यात्रा की योजना बनेगी। प्रसन्नता रहेगी। घर-बाहर प्रसन्नतादायक वातावरण रहेगा। नौकरी में चैन महसूस होगा। व्यापार से संतुष्टि रहेगी। संतान की चिंता रहेगी। प्रतिद्वंद्वी तथा शत्रु हानि पहुंचा सकते हैं।

कन्या
ढो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो
काम में लगन तथा उत्साह बने रहेंगे। मित्रों के साथ प्रसन्नतापूर्वक समय बीतेगा। यात्रा मनोनुकूल मनोरंजक तथा लाभप्रद रहेगी। भेंट व उपहार की प्राप्ति संभव है। व्यापार-व्यवसाय से मनोनुकूल लाभ होगा। घर-बाहर सफलता प्राप्त होगी। परिवार में सुख-शांति बनी रहेगी।
राशि फलादेश

तुला
रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते
आय में निश्चितता रहेगी। मित्रों का सहयोग मिलेगा। जल्दबाजी न करें। स्वास्थ्य का पाया कमजोर रहेगा। बनते कामों में विघ्न आएंगे। चिंता तथा तनाव रहेंगे। जीवनसाथी से सामंजस्य बैठाएं। फालतू खर्च होगा। कुसंगति से बचें। बेवजह लोगों से मनमुटाव हो सकता है। बेकार की बातों पर ध्यान न दें।

वृश्चिक
तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू
व्यवसाय ठीक चलेगा। घर-बाहर प्रसन्नता बनी रहेगी। बकाया वसूली के प्रयास सफल रहेंगे। यात्रा मनोरंजक रहेगी। लाभ के अवसर हाथ आएंगे। नौकरी में सुकून रहेगा। जल्दबाजी में कोई आवश्यक वस्तु गुम हो सकती है। कानूनी अड़चन आ सकती है। विवाद न करें।

धनु
ये, यो, भा, भी, भू, धा, फा, ढा, भे
सामाजिक कार्य सफल रहेंगे। मान-सम्मान मिलेगा। कार्यसिद्धि होगी। लाभ के अवसर हाथ आएंगे। घर-बाहर प्रसन्नता का माहौल रहेगा। पारिवारिक सहयोग प्राप्त होगा। बड़ा कार्य करने का मन बनेगा। सफलता के साधन जुटेंगे। जोखिम न उठाएं। नई योजना लागू करने का श्रेष्ठ समय है। कार्यप्रणाली में सुधार होगा।

मकर
भो, जा, जी, खी, खू, खे, खो, गा, गी
किसी राजनयिक का सहयोग मिल सकता है। लाभ के दरवाजे खुलेंगे। किसी जानकार प्रबुद्ध व्यक्ति का सहयोग प्राप्त होने के योग हैं। तंत्र-मंत्र में रुचि रहेगी। चोट व दुर्घटना से बचें। व्यस्तता रहेगी। थकान व कमजोरी महसूस होगी। विवाद से बचें। धन प्राप्ति होगी। प्रमाद न करें।

कुंभ
गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा
ऐश्वर्य के साधनों पर बड़ा खर्च होगा। स्वास्थ्य का ध्यान रखें। चोट व दुर्घटना से बचें। आय में कमी रह सकती है। घर-बाहर असहयोग व अशांति का वातावरण रहेगा। अपनी बात लोगों को समझा नहीं पाएंगे। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। हितैषी सहयोग करेंगे। धनार्जन संभव है

मीन
दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची
किसी वरिष्ठ व्यक्ति के सहयोग से कार्य की बाधा दूर होकर लाभ की स्थिति बनेगी। परिवार के लोग अनुकूल व्यवहार करेंगे। व्यवसाय ठीक चलेगा। नए लोगों से संपर्क होगा। आय में वृद्धि तथा आरोग्य रहेगा। चिंता में कमी होगी। जल्दबाजी न करें। प्रेम-प्रसंग में अनुकूलता रहेगी।

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मौसम का बदला मिजाज, 5 सितंबर तक झमाझम बारिश के आसार

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मौसम का बदला मिजाज, 5 सितंबर तक झमाझम बारिश के आसार

 

छत्तीसगढ़/अगस्त के अंतिम दिन से छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। मानसून द्रोणिका दक्षिण की ओर सक्रिय हो चुकी है और इसके असर से आने वाले सप्ताह में वर्षा की गतिविधियां तेज होने वाली हैं। मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि 2 से 5 सितंबर के बीच राजधानी समेत उत्तर छत्तीसगढ़ के अंचलों में व्यापक वर्षा होगी। इससे किसानों और आमजन को गर्मी व उमस से बड़ी राहत मिलेगी।

शनिवार को उमस और तेज गर्मी से लोग बेहाल रहे। हालांकि विभाग का अनुमान है कि 31 अगस्त से हल्की वर्षा की शुरुआत होगी। प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। एक सितंबर को भी बादल छाए रहेंगे और रुक-रुककर हल्की बारिश देखने को मिल सकती है।

सबसे बड़ी राहत दो से पांच सितंबर तक

दो से पांच सितंबर के बीच छत्तीसगढ़ में अच्छी वर्षा होगी। इस दौरान लगातार पानी गिरने से खेत-खलिहान तरबतर हो जाएंगे और गर्मी-उमस कम होगी। मौसम विभाग ने इस अवधि को सबसे ज्यादा असरदार बताया है। वहीं 6 सितंबर से वर्षा की गतिविधियां धीरे-धीरे कमजोर होंगी और मौसम सामान्य स्थिति की ओर लौटने लगेगा।

सतर्क रहने की अपील

विभाग ने वज्रपात की आशंका जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर खुले मैदान और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की गई है।

सप्ताहभर का पूर्वानुमान

31 अगस्त : आज बादल छाएंगे, वर्षा की गतिविधियां सक्रिय होंगी।

1 सितंबर : रुक-रुककर हल्की वर्षा, गरज-चमक संभव।

2 सितंबर : व्यापक वर्षा की शुरुआत।

3 सितंबर : भारी वर्षा की संभावना।

4 सितंबर : लगातार वर्षा, खेत-खलिहान तरबतर।

5 सितंबर : वर्षा का प्रभाव जारी रहेगा।

6 सितंबर : मौसम सामान्य होगा, वर्षा में कमी।