छत्तीसगढ़: शहरी स्वच्छता में छत्तीसगढ़ की लंबी छलांग, स्वच्छता सर्वे में शामिल 169 में से 115 शहरों ने सुधारी अपनी रैंकिंग

छत्तीसगढ़: शहरी स्वच्छता में छत्तीसगढ़ की लंबी छलांग, स्वच्छता सर्वे में शामिल 169 में से 115 शहरों ने सुधारी अपनी रैंकिंग

सर्वे में शामिल देशभर के 4,566 शहरों के बीच राष्ट्रीय स्तर पर टॉप-100 में छत्तीसगढ़ के 25 शहर

गारबेज-फ्री सिटी स्टार रेटिंग में राज्य के 62 शहरों ने बढ़ाया अपना दर्जा, रायपुर को सेवन स्टार सम्मान

सिंगल, थ्री और फाइव स्टार दर्जा प्राप्त शहरों की संख्या 114 पहुँची, पिछले सर्वे में थी 71

तीन नगर निगम ओडीएफ प्लस प्लस से वाटर प्लस श्रेणी में पहुंचे, 163 निकायों को मिला ओडीएफ प्लस प्लस दर्जा

भारत सरकार के स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में छत्तीसगढ़ ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर दमदार उपस्थिति दर्ज कराई है। राज्य के नगरीय निकायों के उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिणाम है कि इस बार सर्वेक्षण में शामिल 169 शहरों में से 115 शहरों ने अपनी रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार किया है। स्वच्छता के इस राष्ट्रीय मूल्यांकन में देशभर के 4,566 शहरों के बीच छत्तीसगढ़ के 25 शहर टॉप-100 में शामिल हुए हैं, जो कि पिछले वर्ष की तुलना में बड़ी छलांग है, जब केवल 16 शहर टॉप-100 में आ पाए थे।

राज्य के 62 नगरीय निकायों ने गारबेज-फ्री सिटी स्टार रेटिंग में अपना दर्जा बढ़ाया है, जबकि सिंगल, थ्री और फाइव स्टार प्राप्त करने वाले शहरों की संख्या 71 से बढ़कर अब 114 हो गई है। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर ने इस बार फाइव स्टार से बढ़कर सेवन स्टार की सर्वोच्च रेटिंग प्राप्त की है। रायपुर को गारबेज-फ्री सिटी श्रेणी में यह सम्मान प्राप्त हुआ है, साथ ही स्वच्छता में उसे वाटर प्लस शहर का दर्जा भी मिला है।

इस बार बिलासपुर, कोरबा और भिलाई नगर—ये तीन नगर निगम ओडीएफ प्लस प्लस से बढ़कर वाटर प्लस श्रेणी में पहुंच गए हैं। राज्य के 163 नगरीय निकायों को ओडीएफ प्लस प्लस का दर्जा प्राप्त हुआ है, जिनमें किरंदुल और भाटापारा नगर पालिका तथा कुंरा नगर पंचायत जैसे निकाय भी शामिल हैं, जो पहले केवल ओडीएफ श्रेणी में थे। सीतापुर नगर पंचायत ने भी ओडीएफ प्लस से आगे बढ़कर ओडीएफ प्लस प्लस दर्जा हासिल किया है।

पिछले डेढ़ वर्षों में 62 नगरीय निकायों ने अपने सतत प्रयासों के माध्यम से गारबेज-फ्री सिटी स्टार रेटिंग में सुधार किया है। बिलासपुर और अंबिकापुर ने अपने थ्री स्टार स्तर को बढ़ाकर फाइव स्टार किया है, जबकि भिलाई नगर, जगदलपुर नगर निगम, जामुल नगर पालिका और घरघोड़ा नगर पंचायत ने 2023-24 के सिंगल स्टार दर्जे से आगे बढ़ते हुए अब थ्री स्टार प्राप्त किया है। वहीं, धमतरी, शिबरीनारायण और राजपुर जैसे शहर, जो पूर्ववर्ती सर्वे में स्टार रेटिंग में नहीं थे, उन्होंने सीधे थ्री स्टार श्रेणी में प्रवेश किया है। स्वच्छता और सौंदर्यीकरण के क्षेत्र में विशेष प्रयासों के चलते राज्य के 52 नगरीय निकायों ने नो स्टार से उन्नत होकर अब सिंगल स्टार दर्जा प्राप्त कर लिया है।

इस बार कई नगरीय निकायों की राष्ट्रीय रैंकिंग में बड़ा सुधार देखने को मिला है। वर्ष 2023-24 में राष्ट्रीय स्तर पर 649वें स्थान पर रहे सिमगा ने इस बार 95वीं रैंक हासिल की है। इसी तरह जशपुर 637वें से 91वें, राजपुर 630वें से 63वें और घरघोड़ा 616वें से 71वें स्थान पर आ गया है। भिलाई-चरोदा ने अपनी रैंकिंग 587 से सुधारकर 68, दोरनापाल ने 557 से 81, दंतेवाड़ा ने 552 से 70, जगदलपुर ने 461 से 55, मुंगेली ने 447 से 86, कवर्धा ने 430 से 77, कुनकुरी ने 426 से 84, दुर्ग ने 314 से 80, राजनांदगांव ने 268 से 46, भिलाई नगर ने 267 से 22, छुरा ने 230 से 76, प्रतापपुर ने 173 से 62, बलरामपुर ने 65 से 53 और रायपुर ने 12वीं रैंक से बढ़कर चौथा स्थान प्राप्त किया है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने राज्य के शहरों की इस उपलब्धि को स्थानीय निकायों और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया है। उन्होंने कहा कि शहरी सरकार, राज्य सरकार और केंद्र सरकार मिलकर नवाचारों के साथ शहरों को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ के शहरों की रैंकिंग में और भी सुधार होगा और इस बार की राष्ट्रीय सफलता सभी नगरीय निकायों को और अधिक प्रेरित करेगी।

उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरुण साव ने सर्वेक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नगरीय निकायों की सराहना करते हुए कहा कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में नगरीय विकास और स्वच्छता हेतु राज्य सरकार द्वारा 7,400 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई थी, जिसका यह सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि विभाग ने सभी नगर निगमों के आयुक्तों तथा नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्देशित किया था कि वे अपने अधीनस्थ अमले के साथ प्रतिदिन प्रातः भ्रमण कर सफाई कार्यों की नियमित निगरानी करें। श्री साव ने कहा कि विभाग की इन दोनों पहलों की इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

 

छत्तीसगढ़: अमृत सरोवर योजना से संवर रहा सलका गांव: ‘सुखरी डबरी’ तालाब बना जल और आजीविका का नया स्रोत

छत्तीसगढ़: अमृत सरोवर योजना से संवर रहा सलका गांव: ‘सुखरी डबरी’ तालाब बना जल और आजीविका का नया स्रोत

सिंचाई, मत्स्य पालन और रोजगार में बढ़ा योगदान, जल संकट से मिली स्थायी मुक्ति

आज़ादी का अमृत महोत्सव के तहत जल संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई अमृत सरोवर योजना ने छत्तीसगढ़ के ग्रामीण क्षेत्रों में जल संकट दूर करने और आजीविका के नए रास्ते खोलने का कार्य किया है। सरगुजा जिले के विकासखंड उदयपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत सलका इसका जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया है, जहाँ ‘सुखरी डबरी’ तालाब का गहरीकरण कर उसे जल और रोजगार का स्थायी स्रोत बना दिया गया है। पूर्व में गर्मी के मौसम में यह तालाब पूरी तरह सूख जाता था, जिससे स्थानीय किसानों और पशुपालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। लेकिन अमृत सरोवर योजना के तहत हुए गहरीकरण और पुनरुद्धार कार्य ने इस तालाब को वर्षभर जलयुक्त बनाए रखा है।

ग्राम पंचायत सलका के उप सरपंच श्री खेलावन निषाद ने बताया कि अब गांव में जल की स्थायी व्यवस्था हो गई है। किसान रबी और सब्जी की फसलें सहजता से ले पा रहे हैं। साथ ही तालाब में मत्स्य पालन भी प्रारंभ हो चुका है, जिससे ग्रामीणों को अतिरिक्त आमदनी का स्रोत मिला है। उन्होंने यह भी बताया कि पहले जहां जल की कमी से खेती-किसानी प्रभावित होती थी, अब वही तालाब गांव की आर्थिक समृद्धि का आधार बन चुका है। इससे न केवल किसान आत्मनिर्भर हो रहे हैं, बल्कि युवाओं को स्थानीय स्तर पर स्व-रोजगार के अवसर भी प्राप्त हो रहे हैं। गांववासियों ने तालाब के पुनरुद्धार के लिए राज्य एवं केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अमृत सरोवर योजना ने न केवल गांव की तस्वीर बदली है, बल्कि लोगों की जीवनशैली में भी सकारात्मक बदलाव लाया है। यह योजना सिर्फ जल संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ग्रामीण विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक क्रांतिकारी पहल है।

 

महासमुंद/जिला कृषि स्थायी समिति की प्रथम बैठक सम्पन्न विभिन्न विभागीय योजनाओं की गई समीक्षा

महासमुंद/जिला कृषि स्थायी समिति की प्रथम बैठक सम्पन्न विभिन्न विभागीय योजनाओं की गई समीक्षा

महासमुंद,जिला कृषि स्थायी समिति महासमुंद की प्रथम सोमवार को उप संचालक कृषि कार्यालय के सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता कृषि स्थायी समिति की सभापति श्रीमती देवकी दीवान ने की। बैठक में समिति के सदस्यगण श्रीमती कुमारी भास्कर, श्रीमती रामदुलारी सिन्हा एवं श्री रवि कुमार साहू फरोदिया सहित उप संचालक कृषि, उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं, सहायक संचालक उद्यानिकी एवं मत्स्य पालन, बीज प्रक्रिया प्रभारी, जिला विपणन अधिकारी, नोडल अधिकारी जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक तथा कृषि यंत्री महासमुंद उपस्थित रहे।

बैठक में कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी एवं मत्स्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। सभी विभागों द्वारा योजनाओं की जानकारी एवं प्रगति का प्रस्तुतीकरण समिति के समक्ष किया गया। बीज एवं उर्वरक वितरण की स्थिति की समीक्षा करते हुए सदस्यों ने सुझाव दिया कि डी.ए.पी. के स्थान पर एन.पी.के. व एस.एस.पी. जैसे वैकल्पिक उर्वरकों को अपनाने हेतु किसानों को प्रेरित किया जाए।

सदस्यों ने निर्देशित किया कि जहां भी प्रशिक्षण, प्रदर्शन या अन्य कृषि संबंधी कार्यक्रम आयोजित हों, उसकी जानकारी समिति के सदस्यों को पूर्व में अनिवार्य रूप से दी जाए। उद्यानिकी विभाग को कृषकों के लिए नर्सरी भ्रमण कार्यक्रम संचालित करने और किसानों को धान के विकल्प के रूप में दलहन, तिलहन, मक्का एवं रागी की खेती के लिए प्रेरित करने हेतु प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए। पशुपालन विभाग को कृत्रिम गर्भाधान योजनाओं को गति देने, वहीं कृषि यंत्री महासमुंद को कृषि यंत्र सेवा केंद्र की स्थापना एवं इससे जुड़ी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने हेतु निर्देशित किया गया। बैठक में बीज प्रक्रिया केंद्र में संचालित ग्रेडिंग मशीन की भी जानकारी समिति को प्रदान की गई। बैठक में किसानों के हित में लिए गए निर्णयों एवं दिए गए सुझावों को गंभीरता से क्रियान्वयन हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश जर्जर भवनों में स्कूल, आंगनवाड़ी और छात्रावास संचालन नहीं किया जाए – कलेक्टर श्री लंगेह

समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश जर्जर भवनों में स्कूल, आंगनवाड़ी और छात्रावास संचालन नहीं किया जाए – कलेक्टर श्री लंगेह

आवारा पशुओं को सीएमओ और जनपद सीईओ अभियान चलाकर मुख्य मार्ग से हटाएं

महासमुंद,  कलेक्टर श्री विनय लंगेह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में जिले के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक में इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री एस. आलोक, अपर कलेक्टर श्री रवि साहू, श्री रविराज ठाकुर, सभी विभाग के जिला अधिकारी सहित अन्य सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। वीसी के माध्यम से जनपद सीईओ, नगरीय निकायों के प्रतिनिधि, सीएमओ सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में कलेक्टर ने मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं के अनुरूप स्वीकृत कार्यां के क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रवास के दौरान किए गए घोषणाओं को प्राथमिकता से क्रियान्वित करें। सरायपाली, खल्लारी में किए गए घोषणाओं की प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्हांने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति का मॉनिटरिंग अटल मॉनिटरिंग पोर्टल के माध्यम से की जा रही है। अतः सभी विभाग अपने प्रत्येक माह की उपलब्धियों की जानकारी पोर्टल में अपलोड करना सुनिश्चित करें। साथ ही उच्च कार्यालय का भेजना भी सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने

बैठक में प्रधानमंत्री जनमन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, बहुद्देशीय केंद्र, आयुष्मान कार्ड वितरण सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी अधिकारियों से तालमेल के साथ कार्य करने कहा। प्रधानमंत्री आवासों की समीक्षा की और निर्देशित किया कि किसी भी स्थिति में निर्माण कार्य बाधित न हो, हर हितग्राही को समय पर लाभ मिले।

पर्यावरण संरक्षण को लेकर “एक पेड़ मां के नाम“ अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित विभागों को पोर्टल में एंट्री सुनिश्चित करने को कहा। वहीं “मोर गांव मोर पानी“ अभियान के अंतर्गत गांवों में पेयजल स्रोतों की सफाई, खुले में गंदगी की रोकथाम और स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने जनभागीदारी से बनाए जा रहे सोख्ता गड्ढा एवं इंजेक्शन वेल की जानकारी ली। जिले में अभी तक प्रधानमंत्री आवास योजना की आवासों में 8265 एवं अन्य स्थानों पर 5 हजार सोख्ता गड्ढे बनाए गए है। जबकि बंद पड़े बोर के जल संरक्षण के लिए 178 इंजेक्शन वेल का निर्माण किया गया है। कलेक्टर ने इस अभियान को निरंतर चलाने के निर्देश दिए हैं। बैठक के दौरान जर्जर भवनों में स्कूल, आंगनवाड़ी अथवा हॉस्टल संचालन नहीं करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि वैकल्पिक तौर पर ऐसे भवनों को छोड़कर सामुदायिक या अन्य शासकीय भवनों में संचालन किया जाए। साथ ही जर्जर भवनों के डिस्मेंटल करने की कार्रवाई किया जाए।

छत्तीसगढ़ राज्य के रजत जयंती समारोह की तैयारी को लेकर निर्देश जारी करते हुए कहा कि सभी विभाग निर्देशानुसार विस्तृत कार्ययोजना तैयार करें और शीघ्र प्रस्तुत करें। उन्होंने बताया कि 16 अगस्त से 31 मार्च तक रजत जयंती समारोह के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे। जिसमें राज्य स्थापना के पश्चात विकास और उपलब्धियों की सफर को रेखांकित जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए हैं।

सड़कों पर आवारा मवेशियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने नगरीय निकाय और जनपद सीईओ की नामजद ड्यूटी लगाने के निर्देश देते हुए कहा कि निरंतर अभियान चलाकर इस पर सख्ती से नियंत्रण किया जाए। उन्होंने खाद की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए कहा कि खाद भंडारण और वितरण की निरंतर समीक्षा करते हुए सोसायटियों में भंडारित खादों को किसानों को वितरण सुनिश्चित किया जाए। निजी संस्थानों में ओवर स्टॉक होने पर कार्रवाई करें। उन्होंने अवैध शराब निर्माण एवं विक्रय की शिकायतों पर निरंतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

बैठक में राजस्व प्रकरणों और समय-सीमा पत्रकों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जनता से जुड़े प्रकरणों को समय पर और प्राथमिकता से हल किया जाए। साथ ही सभी कार्यालयों को ई-ऑफिस प्रणाली के तहत फाइल मूव करने और प्रशासनिक प्रक्रिया को डिजिटल रूप से मजबूत करने के निर्देश भी दिए।

महासमुंद खल्लारी पुलिस की बड़ी कार्रवाई – ग्राम डुमरपाली में अवैध महुआ शराब के साथ एक आरोपी गिरफ्तार

महासमुंद खल्लारी पुलिस की बड़ी कार्रवाई – ग्राम डुमरपाली में अवैध महुआ शराब के साथ एक आरोपी गिरफ्तार

ग्राम डुमरपाली महासमुंद थाना खल्लारी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम डुमरपाली में अवैध देशी महुआ शराब रखने और बेचने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई में कुल 6 लीटर अवैध देशी महुआ शराब बरामद की गई है, जिसकी कुल अनुमानित कीमत ₹1200 आंकी गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्र.आर. 45 चेतन लाल सिन्हा अपने हमराह स्टाफ आरक्षक 297 एवं 902 के साथ अवैध जुआ और शराब पर कार्यवाही हेतु रवाना हुए थे। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम डुमरपाली निवासी एक व्यक्ति अपने घर के बाड़ी के पीछे देशी शराब बिक्री हेतु रखे हुए है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी को सूचित कर टीम मौके पर पहुंची।

स्थानीय गवाह यादव राम साहू एवं डोमेश्वर लाल डडसेना की उपस्थिति में आरोपी कुमार टण्डन (36 वर्ष) पिता धरमदास टण्डन, निवासी डुमरपाली, को दबिश देकर पकड़ा गया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से:

एक सफेद प्लास्टिक जरीकेन में 5 लीटर देशी महुआ शराब (कीमत ₹1000) एक लीटर प्लास्टिक बोतल में 1 लीटर देशी महुआ शराब (कीमत ₹200) कुल ₹1200 मूल्य की अवैध शराब बरामद की गई। आरोपी शराब रखने व बेचने का कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

मौके पर शराब जब्त कर आरोपी को धारा 34(2) छ.ग. आबकारी एक्ट के तहत विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना परिजनों को दी गई है। देहाती नालसी तैयार कर अपराध क्रमांक 0/2025 पंजीबद्ध करते हुए मामले की विवेचना की जा रही है।

थाना खल्लारी पुलिस द्वारा क्षेत्र में अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह एक अहम कार्रवाई मानी जा रही है।

पिथौरा/ लापता युवक का मिला जला हुआ बाइक, जंगल में छिपा है रहस्य साइबर सेल और डॉग स्क्वाड की टीमें जुटीं जांच मे

पिथौरा/ लापता युवक का मिला जला हुआ बाइक, जंगल में छिपा है रहस्य साइबर सेल और डॉग स्क्वाड की टीमें जुटीं जांच मे

 

पिथौरा थाना क्षेत्र के ग्राम पीलवापाली के जंगल में रविवार को एक जली हुई बाइक मिलने से सनसनी फैल गई। यह बाइक 25 जुलाई से लापता 28 वर्षीय युवक अमित चौधरी की बताई जा रही है, जिससे मामले ने गंभीर मोड़ ले लिया है।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी टी. उमेश वर्मा के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल गठित किया गया। मौके पर महासमुंद से डॉग स्क्वाड और साइबर सेल की टीमों को बुलाया गया, जिन्होंने जंगल क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया। हालांकि लगातार बारिश के कारण अहम सुराग मिटने की आशंका जताई जा रही है।

थाना प्रभारी ने बताया कि डॉग स्क्वाड ने घटना स्थल का निरीक्षण किया, लेकिन बारिश के चलते ठोस सुराग नहीं मिल पाए हैं। अमित चौधरी के मोबाइल की कॉल डिटेल भी तकनीकी कारणों से प्राप्त नहीं हो सकी है, फिर भी अन्य बिंदुओं पर गहन जांच की जा रही है।

पुलिस ने बाइक को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। वहीं, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके साथ ही बस स्टैंड के आसपास के होटल कर्मचारियों व संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।

परिजन युवक की जल्द तलाश की गुहार लगा रहे हैं। इस मामले में पुलिस हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है और जल्द सच्चाई सामने आने की उम्मीद जताई जा रही है।

छत्तीसगढ़: मुख्यमंत्री साय का संकल्प: छत्तीसगढ़ बनेगा देश का मॉडल राज्य

छत्तीसगढ़: मुख्यमंत्री साय का संकल्प: छत्तीसगढ़ बनेगा देश का मॉडल राज्य

मुख्यमंत्री श्री साय ने बेमेतरा जिले में किया 102 करोड़ की राशि के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार ने बीते डेढ़ वर्षों में अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं, जिनका उद्देश्य प्रदेश को समग्र विकास की ओर अग्रसर करते हुए जनकल्याण को सर्वाेच्च प्राथमिकता देना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये ठोस कदम आने वाले समय में छत्तीसगढ़ को देश के लिए एक उदाहरण के रूप में स्थापित करेंगे। मुख्यमंत्री श्री साय आज बेमेतरा जिले के नगर पंचायत दाढ़ी स्थित स्टेडियम परिसर में आयोजित विशाल आमसभा को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री श्री साय  ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने बेहद कम समय में जनता से किए गए अधिकांश वादों को धरातल पर उतारा है। उन्होंने बताया कि गरीबों के अपने घर के सपने को साकार करते हुए 18 लाख आवासों की स्वीकृति प्रदान की गई है। किसानों को धान की खरीदी 3100 रूपए प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है, वहीं पिछले दो वर्षों का बकाया धान बोनस भी किसानों को दिया जा चुका है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से संचालित महतारी वंदन योजना के तहत राज्य की 70 लाख महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रूपए की सहायता दी जा रही है, जो सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक क्रांतिकारी पहल है। इसी प्रकार, पंचायतों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के लिए अटल सेवा केंद्रों की स्थापना की गई है, जिससे ग्रामीण स्तर पर ही नागरिक सेवाएं सुलभ हो रही हैं।

इस अवसर पर उन्होंने बेमेतरा जिले को 102 करोड़ रुपये की लागत से 48 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया जिसमें 35.76 करोड़ रुपये के 22 कार्यों का लोकार्पण और 66.91 करोड़ रुपये के 26 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। मुख्यमंत्री श्री साय ने 20 ग्राम पंचायतों में सीसी रोड निर्माण हेतु प्रति पंचायत 5-5 लाख की घोषणा की। कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री ने पौधारोपण कर पर्यावरण-संदेश दिया और विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। उन्होंने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितग्राहीमूलक सामग्री का वितरण किया।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने दाढ़ी नगर पंचायत को बड़ी सौगात देते हुए कार्यालय भवन निर्माण के लिए 1.25 करोड़ की स्वीकृति की घोषणा की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार की सभी योजनाएं गांव, गरीब और किसान को केंद्र में रखकर बनाई गई हैं और इन वर्गों के जीवन को उन्नत करना सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य में डबल इंजन की सरकार छत्तीसगढ़ को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि गांव, गरीब, किसान, महिला और युवा इन सभी वर्गों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना ही हमारी सरकार की दिशा और दृष्टि है।

खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल, विधायक श्री दिपेश साहू, विधायक श्री रोहित साहू, विधायक श्री ईश्वर साहू, रजककार विकास बोर्ड के अध्यक्ष श्री प्रहलाद रजक सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

 

छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने नागपंचमी पर प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं

छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने नागपंचमी पर प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं

नागपंचमी पर्व प्रकृति के साथ सह-अस्तित्व और करुणा का प्रतीक – मुख्यमंत्री श्री साय

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को नागपंचमी (29 जुलाई 2025)  के पावन अवसर पर शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह पर्व हमारी सनातन संस्कृति की गहराई, लोक आस्था की ऊर्जा और प्रकृति के साथ समरसता का जीवंत प्रतीक है। यह हमारे पूर्वजों द्वारा रचित वह परंपरा है, जो जीव-जगत के साथ सम्मानपूर्ण सह-अस्तित्व का संदेश देती है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि नागपंचमी का पर्व पर्यावरण संतुलन और जैव विविधता के प्रति हमारी जिम्मेदारी की याद दिलाता है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे इस पर्व के माध्यम से न केवल सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजें, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता और सामाजिक सौहार्द को जीवन में अपनाएँ।

थाना तेंदूकोना चौकी बुंदेली पुलिस की बड़ी कार्रवाई – अवैध शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार 

थाना तेंदूकोना चौकी बुंदेली पुलिस की बड़ी कार्रवाई – अवैध शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार

बुंदेली, जिला महासमुंद (छ.ग.) दिनांक 28 जुलाई 2025 को थाना तेंदूकोना अंतर्गत चौकी बुंदेली पुलिस ने अवैध शराब बिक्री की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से शराब जब्त की है।

चौकी में पदस्थ आरक्षक द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, उप निरीक्षक मानसिंह के नेतृत्व में आरक्षक मोतीराम दीवान के साथ अम्बेडकर चौक, बुंदेली क्षेत्र में गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि बजरंग चौक बुंदेली में एक व्यक्ति शराब पीने की सुविधा उपलब्ध करा रहा है।

सूचना की तस्दीक के लिए पंचगवाहों – हेमंत ठाकुर और पुरुषोत्तम ठाकुर – के साथ टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की। पुलिस को देख शराब पी रहे लोग भाग निकले, परंतु मौके पर एक व्यक्ति पकड़ा गया, जिसकी पहचान किशन ठाकुर पिता सुखसाय ठाकुर (उम्र 50 वर्ष), निवासी गोंडपारा बुंदेली के रूप में हुई।

जब्त सामग्री आरोपी के पास से 01 नग देशी प्लेन शराब की शीशी (180 एमएल वाली), जिसमें 80 एमएल शराब शेष थी, कीमत ₹35, बरामद की गई। आरोपी शराब रखने एवं बेचने के कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका।

कानूनी कार्रवाई आरोपी के विरुद्ध थाना तेंदूकोना में अपराध क्रमांक 0/2025, धारा 36(C) छत्तीसगढ़ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामला जमानतीय होने के कारण आरोपी को मौके पर ही मुचलका पर रिहा कर दिया गया। पुलिस ने मौके से देहाती नालसी तैयार कर चौकी वापस आकर विधिवत पंजीबद्ध किया।

यह कार्रवाई उप निरीक्षक मानसिंह एवं उनकी टीम की सजगता व सतर्कता का परिणाम है, जिससे अवैध शराब बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिली है।

झारखंड के देवघर में कांवड़ियों की बस ट्रक से टकराई, 18 की मौत, जल चढ़ाने आए थे श्रद्धालु 

झारखंड के देवघर में कांवड़ियों की बस ट्रक से टकराई, 18 की मौत, जल चढ़ाने आए थे श्रद्धालु

देवघर जिले में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया. यहां बस और ट्रक में टक्कर हो गई. हादसे में 18 कांवड़ियों की मौत हो गई. जबकि 20 लोग घायल हो गए. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य किया.

यह हादसा गोड्डा-देवघर मुख्य मार्ग पर मोहनपुर थाना क्षेत्र के जमुनिया मोड़ के पास हुआ.

घटना मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे की है. सूचना मिलने पर मोहनपुर थाना प्रभारी प्रियरंजन समेत पुलिस टीम पहुंची और राहत-बचाव किया. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एम्बुलेंस के जरिए मोहनपुर सीएचसी भेजा गया.

हादसे की शिकार बस स्थानीय लोगों ने दावा किया है कि हादसे में 20 से ज्यादा श्रद्धालु घायल हो गए हैं. हादसा इतना जबरदस्त था कि बस के परखच्चे उड़ गए. हादसे पर स्थानीय बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने दुख जाताया है. उन्होंने कहा कि मेरे लोकसभा के देवघर में श्रावण मास में कांवर यात्रा के दौरान बस और ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण 18 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है. बाबा बैद्यनाथ उनके परिजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करें.

हादसे पर CM हेमंत सोरेन ने जताया दुख

हादसे पर CM हेमंत सोरेन ने दुख जताया है. उन्होंने कहा कि आज सुबह देवघर के मोहनपुर प्रखंड के जमुनिया चौक के पास बस दुर्घटना में बस सवार श्रद्धालुओं की मृत्यु की अत्यंत दुःखद सूचना मिली है. जिला प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्य के साथ घायलों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराया जा रहा है. बाबा बैद्यनाथ, दुर्घटना में मरने वाले श्रद्धालुओं की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारजनों को दुःख की घड़ी सहन करने की शक्ति दें.

आपको बता दें कि देवघर, जिसे बैद्यनाथ धाम के नाम से भी जाना जाता है. यहां हर साल, श्रावण के महीने में लाखों श्रद्धालु भगवान शिव की पूजा करने और पवित्र गंगा जल चढ़ाने आते हैं. देवघर को देवताओं का निवास स्थान माना जाता है.