छत्तीसगढ़ : हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े और चप्पल पहनकर अभ्यर्थियों को देना होगा परीक्षा महिलाओं को कान में आभूषण पहनना रहेगा वर्जित परीक्षा शुरू होने के 15 मिनट पहले बंद हो जाएगा मेन गेट व्यापम की परीक्षा में अभ्यर्थियों के लिए नए दिशा-निर्देश जारी  

छत्तीसगढ़ : हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े और चप्पल पहनकर अभ्यर्थियों को देना होगा परीक्षा महिलाओं को कान में आभूषण पहनना रहेगा वर्जित परीक्षा शुरू होने के 15 मिनट पहले बंद हो जाएगा मेन गेट व्यापम की परीक्षा में अभ्यर्थियों के लिए नए दिशा-निर्देश जारी

व्यावसायिक परीक्षा मण्डल की परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए नये दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। अभ्यार्थियों को परीक्षा के दिन निर्धारित परीक्षा केन्द्रों में दो घंटे पूर्व अनिवार्य रूप से उपस्थित होना होगा। अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर परीक्षा देने आना होगा। फुटवियर के रूप में चप्पलों का उपयोग करना होगा। महिला अभ्यर्थियों को कान में किसी भी प्रकार का आभूषण पहनना वर्जित है।

व्यापम से मिली जानकारी के अनुसार यदि इंटरनेट से प्राप्त प्रवेश पत्र पर फोटो नहीं आता है, तो अभ्यर्थी अपने साथ दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो ले कर परीक्षा केंद्र में आना होगा। निर्देशों का पालन ना करने पर अभ्यर्थी को परीक्षा देने से वंचित किया जायेगा। परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग करने पर कठोर कार्यवाही की जाएगी तथा अभ्यर्थिता समाप्त की जावेगी।

परीक्षार्थी, परीक्षा प्रारंभ होने के कम से कम 2 घंटा पूर्व परीक्षा केन्द्र में पहुंचे ताकि उनका फ्रिस्किंग (Frisking) एवं पहचान पत्र का सत्यापन किया जा सके। परीक्षा प्रारंभ होने के 15 मिनट पूर्व परीक्षा केन्द्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जायेगा। उदाहरण के लिए यदि कोई परीक्षा प्रातः 10.00 बजे से प्रारंभ हो रहा है तो मुख्य द्वार प्रातः 9.45 बजे बंद कर दिया जावेगा इसलिए समय का विषेश ध्यान रखा जाए।

परीक्षा प्रारंभ होने के पहले आधा घंटा में एवं परीक्षा समाप्ति के आखिरी आधा घंटा में परीक्षा कक्ष से बाहर जाना वर्जित होगा। परीक्षा कक्ष में किसी प्रकार का संचार उपकरण, इलेक्ट्रानिक उपकरण, इलेक्ट्रानिक घडी, पर्स, पाऊच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी आदि ले जाना पूर्णतः वर्जित किया गया है। प्रवेष पत्र के सभी पेज का प्रिंट आउट ले और पेज के केवल एक तरफ प्रिंट करें, क्योंकि प्रत्येक परीक्षा हेतु व्यापम की प्रति परीक्षा केंद्र में जमा हो जाएगी।

परीक्षार्थी को परीक्षा हेतु प्रवेश पत्र के साथ पहचान पत्र के रूप में मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, पेन कार्ड, आधार कार्ड जिसमें अभ्यर्थी का फोटो हो, का एक मूल पहचान पत्र परीक्षा दिवस में परीक्षा केंद्र में लाना अनिवार्य होगा। मूल पहचान पत्र प्रस्तुत नहीं करने पर परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जायेगा जिसके लिए अभ्यर्थी स्वयं जिम्मेदार होंगे।

परीक्षार्थी परीक्षा कक्षा में केवल काले या नीले बाल पॉइंट पेन को ही उत्तर अंकित करने हेतु उपयोग किया जा सकता है। किसी भी प्रकार के संचार उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी या अन्य सामग्री लेकर जाना पूर्णतः प्रतिबंधित किया गया है। परीक्षा कक्ष में पर्स, पाउच, स्कार्फ बेल्ट, टोपी जैसे अन्य सामान पूर्णतः वर्जित है। चयन तथा प्रवेश के समय प्रवेश पत्र मांगा जाता है, अतः इसे सुरक्षित रखें। व्यापम द्वारा दोबारा प्रवेष पत्र जारी नहीं किया जावेगा।

धार्मिक या सांस्कृतिक पोषाक वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केन्द्र पर सामान्य समय से पहले रिपोर्ट करना होगा। उन्हें अतिरिक्त सुरक्षा जांच से गुजरना पड़ेगा तभी उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति होगी।

 

बलौदाबाजार : खाद्य विभाग की अवैध घरेलू गैस सिलेंडर पर बड़ी कार्रवाई,1619 नग गैस सिलेंडर जब्त

बलौदाबाजार : खाद्य विभाग की अवैध घरेलू गैस सिलेंडर पर बड़ी कार्रवाई,1619 नग गैस सिलेंडर जब्त

बलौदाबाजार कलेक्टर  दीपक सोनी के निर्देश पर खाद्य विभाग द्वारा जिले में अवैध रूप से घरेलू गैस सिलेण्डर भण्डारण व विक्रय पर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में गुरूवार क़ो खाद्य विभाग की टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानो में दबिश देकर भरे हुए 41 नग एवं 1578 खाली घरेलु गैस सिलेंडर जब्त किया गया।

जिला खाद्य अधिकारी पुनीत वर्मा ने बताया कि घरेलू गैस सिलेण्डर भण्डारण कर अधिक दाम में विक्रय करने के संबंध में लगातार शिकायते प्राप्त होने पर जिला मुख्यालय में जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान हीरा सेल्स (हीरा किचन) से 02 भरे हुए एवं 03 नग खाली घरेलू गैस सिलेण्डर, तथा अवैध रूप से रखे हुए 19 नग उपभोक्ता गैस कार्ड, 04 नग सबकिप्सन वाउचर तथा 20 नग प्रेशर गैस रेगुलेटर का जब्त किया गया है एवं बम्लेश्वरी गैस एजेंसी बलौदाबाजार के विरूद्ध उपभोक्ताओं से गैस सिलेण्डर डिलिवरी एवं उपलब्धता के संबंध में नियमित शिकायत प्राप्त हो रही थी। बम्लेश्वरी गैस एजेंसी के जांच में अनियमितता पाये जाने पर भरे हुए 39 नग घरेलू गैस सिलेण्डर, 1575 नग खाली घरेलू गैस सिलेण्डर को जब्त कर द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियमन) आदेश 2000 के प्रावधानों के तहत कार्यवाही की गई।

बलौदाबजार : आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई 135 बल्क लीटर अवैध देशी मदिरा एवं चार पहिया वाहन जब्त

बलौदाबजार : आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई 135 बल्क लीटर अवैध देशी मदिरा एवं चार पहिया वाहन जब्त

राज्य शासन के निर्देशानुसार अवैध मदिरा की धरपकड़ के लिए संचालित जांच-पड़ताल अभियान के तहत आबकारी विभाग बलौदाबाजार द्वारा बड़ी कार्रवाई करते हुए 135 बल्क लीटर नॉन ड्यूटी पेड देशी मदिरा मसाला तथा एक चार पहिया वाहन को जब्त किया गया है।

प्राप्त सूचना के आधार पर चौरेंगा से दरचुरा मार्ग में एक सफेद रंग की आई-20 वाहन की तलाशी ली गई, जिसमें आरोपियों के कब्जे से कुल 750 पाव देशी मदिरा मसाला (135 बल्क लीटर) बरामद की गई। आरोपियों की पहचान थाना सिमगा अंतर्गत ग्राम चौरेंगा निवासी मोनू उर्फ गिरीत वर्मा पिता सुखनंदन वर्मा एवं राकेश कुमार सेन पिता स्वर्गीय रघुनंदन सेन के रूप में की गई। उक्त मदिरा 11 प्लास्टिक बोरियों (प्रत्येक में 50 पाव) एवं एक नीले रंग की बैग (200 पाव) में रखी गई थी। आरोपियों को गवाहों के समक्ष गिरफ्तार किया गया।

बरामद मदिरा का बाजार मूल्य लगभग 75 हजार रूपए आंका गया है, वहीं जब्त आई-20 वाहन का बाजार मूल्य 5 लाख रूपए बताया गया है। आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(2), 59(क) एवं 36 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विधिसंगत कार्रवाई की जा रही है। उक्त कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री जलेश कुमार सिंह, आबकारी उपनिरीक्षक श्री मनराखन नेताम एवं श्री दिनेश कुमार साहू, आबकारी मुख्य आरक्षक श्रीमती राधा गिरी गोस्वामी एवं नगर सैनिक श्रीमती राजकुमारी पैकरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जिला आबकारी अधिकारी ने कहा कि अवैध मदिरा के विरुद्ध यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

 

महासमुंद/कलेक्टर श्री विनय लंगेह ने पिथौरा विकासखण्ड के ग्रामों का किया निरीक्षण स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, योजनाओं की समीक्षा अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश

महासमुंद/कलेक्टर श्री विनय लंगेह ने पिथौरा विकासखण्ड के ग्रामों का किया निरीक्षण स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, योजनाओं की समीक्षा अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश

महासमुंद, कलेक्टर श्री विनय लंगेह एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री एस. आलोक द्वारा पिथौरा विकासखण्ड के ग्राम भुरकोनी एवं बुन्देली का निरीक्षण किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा, प्रधानमंत्री आवास योजना, अधोसंरचना विकास, जल जीवन मिशन, पोषण, सड़क एवं खाद-बीज आपूर्ति सहित अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई एवं आवश्यक निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

ग्राम भुरकोनी के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान आर.एम.ए. स्टाफ की उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर नहीं होने की स्थिति पाई गई, जिस पर कलेक्टर ने संबंधित स्टाफ के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र से अटैचमेंट को समाप्त कर तत्काल भुरकोनी में सेवा देने के निर्देश दिए।

स्वीपर श्री टेकराम साहू के बिना सूचना लंबे समय तक अनुपस्थित रहने पर उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए गए।दवाओं एवं पेयजल की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई, वहीं आयसोलेशन वार्ड के 4 वर्षों से प्रारंभ न होने पर उसे शीघ्र शुरू कराने के निर्देश भी दिए गए।

ग्रामीणों द्वारा एम्बुलेंस की मांग पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया गया। साथ ही, ओपीडी पंजीयन की प्रक्रिया तत्काल ऑनलाइन प्रारंभ करने, रात्रिकालीन ड्यूटी हेतु मेडिकल स्टाफ का रोस्टर बनाने, और हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं के चिन्हांकन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

ग्राम पंचायत बुन्देली में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्माण कार्यों का अवलोकन किया गया। अभी भी कई आवास निर्माण प्रारंभ नहीं हुए हैं, जिस पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए 5 दिवस में कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए।

जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के बाद सीसी रोड को नहीं भरने की शिकायत पर संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध कार्यवाही के निर्देश दिए गए।

भुरकोनी से बुन्देली (5 किमी), भुरकोनी से मोहंदा (7 किमी, जिसमें 1.5 किमी वन क्षेत्र) एवं बुन्देली से ठाकुरदियाखुर्द (10 किमी) मार्ग की खराब स्थिति पर कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग एवं वन विभाग को तत्काल प्राक्कलन तैयार कर मरम्मत/निर्माण कार्य करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने प्राथमिक विद्यालय बुन्देली का निरीक्षण किया, जो मरम्मत योग्य पाया गया। ग्रामीणों द्वारा जानकारी दी गई कि मरम्मत कार्य हेतु राशि आहरित की जा चुकी है, परंतु कार्य प्रारंभ नहीं हुआ। इस पर जांच कर 3 दिवस में प्रतिवेदन प्रस्तुत करने और आवश्यकतानुसार वसूली कर आरसीसी प्रकरण बनाने के निर्देश दिए गए।

आंगनबाड़ी भवन में छत से पानी टपकने की शिकायत पर भवन की मरम्मत 15वें वित्त आयोग एवं पंचायत मद से कराने के निर्देश दिए गए।

ग्रामीणों ने डीएपी खाद की कमी बताई, जिस पर कलेक्टर ने सहकारी समिति बुन्देली में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने के निर्देश उपसंचालक कृषि को दिए।

कृषि विस्तार अधिकारी की नियमित अनुपस्थिति की शिकायत पर कलेक्टर ने सख्त कार्यवाही करने को कहा।

गांव में अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री की शिकायत पर पुलिस एवं आबकारी विभाग को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।इसके अलावा कलेक्टर ने गजगिजनी एवं नया तालाब जलाशय की प्रशासकीय स्वीकृति हेतु संबंधित विभाग को पहल करने के निर्देश दिए ।

कन्या शाला भवन के पास बनाए गए निजी मकान से जल निकासी बाधित होने पर अतिक्रमण हटाने हेतु ग्राम पंचायत को प्रस्ताव पारित कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।

स्कूल के बगल में बने अवैध निर्माण पर नोटिस जारी कर, तहसीलदार को आगे की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

महासमुंद /आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा 27 जुलाई को परीक्षार्थियों के लिए व्यापम द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन अनिवार्य

महासमुंद /आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा 27 जुलाई को परीक्षार्थियों के लिए व्यापम द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन अनिवार्य

महासमुंद छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल रायपुर द्वारा आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा का आयोजन रविवार 27 जुलाई 2025 को किया जाएगा। यह परीक्षा जिला मुख्यालय के 25 परीक्षा केंद्रों में संपन्न होगी। परीक्षा के सफल संचालन और सुचारु व्यवस्था के लिए व्यापम द्वारा परीक्षार्थियों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, जिनका पालन करना अनिवार्य है। इन निर्देशों का उद्देश्य परीक्षा में पारदर्शिता एवं अनुशासन बनाए रखना है। कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने व्यापम द्वारा आयोजित परीक्षाओं में सभी निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

व्यापम द्वारा सख्त निर्देशानुसार परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम 2 घंटे पूर्व परीक्षा केंद्र पर अनिवार्य रूप से पहुंचना है। ताकि फ्रिस्किंग (शारीरिक जांच) और पहचान पत्र सत्यापन की प्रक्रिया समय पर पूर्ण की जा सके। परीक्षा प्रारंभ होने के 30 मिनट पूर्व परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। परीक्षार्थी हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर आएं। फुटवियर के रूप में केवल चप्पल पहनना अनिवार्य है। कान में किसी भी प्रकार का आभूषण पहनना वर्जित है। मोबाइल फोन, स्मार्ट घड़ी, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, पर्स, पाउच, बेल्ट, टोपी, स्कार्फ आदि लाना पूर्णतः वर्जित है। परीक्षा कक्ष में केवल नीले या काले बाल पॉइंट पेन से उत्तर लेखन की अनुमति होगी।

परीक्षार्थी को व्यापम की वेबसाइट से डाउनलोड किया गया प्रवेश पत्र और ’फोटो युक्त मूल पहचान पत्र जैसे- आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड साथ लाना अनिवार्य है। फोटो रहित प्रवेश पत्र होने पर दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना होगा। प्रवेश पत्र के सभी पेज का एक तरफा प्रिंट निकालें, क्योंकि परीक्षा केंद्र में व्यापम की प्रति जमा करनी होगी। परीक्षा प्रारंभ और समाप्ति के 30 मिनट के भीतर परीक्षा कक्ष से बाहर जाना वर्जित है। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार के अनुचित साधनों का प्रयोग करने पर परीक्षार्थी की अभ्यर्थिता रद्द कर दी जाएगी और कठोर कार्रवाई की जाएगी। निर्देशों का उल्लंघन करने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा से वंचित किया जा सकता है। व्यापम ने परीक्षार्थियों से अनुरोध किया है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन करें एवं परीक्षा में समय पर उपस्थित होकर शांतिपूर्ण वातावरण में परीक्षा संपन्न कराएं।

तुमगांव/ग्राम उलट कोड़ार, कोड़ारबांध में सरपंच चुनाव के पैसों को लेकर गाली-गलौज और मारपीट, युवक घायल

तुमगांव/ग्राम उलट कोड़ार, कोड़ारबांध में सरपंच चुनाव के पैसों को लेकर गाली-गलौज और मारपीट, युवक घायल

महासमुंद जिले के तुमगांव थाना अंतर्गत वार्ड नं. 10 उलट कोड़ार, कोड़ारबांध बस्ती में सरपंच चुनाव के दौरान बांटे गए पैसों को लेकर एक ग्रामीण से गाली-गलौज कर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

वार्ड क्रमांक 10 कोड़ारबांध बस्ती निवासी एक कृषक ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 15 जुलाई की शाम सालिक किराना दुकान के सामने चौक में गांव के गाय-बैल चराने वाले बरदीहा को लगाने के संबंध में एक बैठक रखी गई थी। ग्राम पंचायत सदस्य शत्रुहन निषाद ने उसे बैठक स्थल तक मोटरसाइकिल में बैठाकर ले गया था। वहां 20–25 ग्रामीण मौजूद थे।

बैठक समाप्त होने के बाद जब वह पैदल अपने घर लौट रहा था, तभी रात्रि लगभग 8 बजे ठाकुर राम साहू ने उसे आवाज देकर पुनः बैठक स्थल बुलाया। वहां पहुंचने पर ठाकुर राम साहू ने सरपंच चुनाव के समय मोहल्ले में वितरित किए गए पैसों में से ₹1800 की मांग की। पीड़ित ने बताया कि वह पैसे महिलाओं को दिए गए थे और उनके बारे में वही महिलाएं जानती हैं, उसके पास कोई पैसा नहीं है।

इतना कहने पर ठाकुर राम साहू भड़क गया और मां-बहन की अश्लील गालियां देते हुए उसे जान से मारने की धमकी देकर हाथ-मुक्के से मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में पीड़ित की दाहिनी आंख के ऊपर मस्तक में गंभीर चोट आई और खून निकलने लगा। साथ ही नाक में भी चोट से दर्द हो रहा है।

घटना के समय गांव के छन्नू निषाद और शत्रुहन निषाद मौके पर मौजूद थे, जिन्होंने बीच-बचाव किया।

पीड़ित की शिकायत पर तुमगांव थाना पुलिस ने आरोपी ठाकुर राम साहू के विरुद्ध धारा 115(2)-BNS, 296-BNS, 351(3)-BNS के तहत मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।

महासमुंद/आंगनबाड़ी केंद्रों की बदली तस्वीर : खेलते-खिलखिलाते नन्हे कदमों से संवर रहा भविष्य

महासमुंद/आंगनबाड़ी केंद्रों की बदली तस्वीर : खेलते-खिलखिलाते नन्हे कदमों से संवर रहा भविष्य

ई

महासमुंद, नन्हे कदमों से गूंजते आंगन, दीवारों पर रंग-बिरंगी पेंटिंग्स, कविताएं गुनगुनाते बच्चे और खेल-खेल में सीखने की ललक कुछ ऐसी ही सजीव और संजीव छवि अब जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों की बन गई है। महासमुंद शहरी सेक्टर-1 स्थित संजय नगर-2, दलदली रोड और विश्वकर्मा वार्ड के सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र इसकी सजीव मिसाल हैं, जहां आंगनबाड़ी अब केवल पोषण और देखभाल का केन्द्र नहीं, बल्कि बच्चों के संपूर्ण विकास की पाठशाला बन चुकी हैं। इन केन्द्रों की सजावट किसी प्ले स्कूल से कम नहीं है। दीवारों पर उकेरी गई रंगीन चित्रकारी और शैक्षणिक चार्ट नन्हे मन को पढ़ाई की ओर आकर्षित कर रहे हैं। अक्षर ज्ञान, गिनती, कविताएं और व्यवहारिक जानकारियां बच्चों को सहज और रोचक तरीके से दी जा रही हैं।

 

संदेशों के माध्यम से सामाजिक बदलाव की दिशा में भी कदम बढ़ाए जा रहे हैं। जितनी अच्छी वजन की रेखा, उतना अच्छा बच्चा देखा, लड़का-लड़की एक समान जैसे संदेश दीवारों पर उकेरे गए हैं, जो बाल देखभाल के साथ सामाजिक चेतना का संचार भी कर रहे हैं। यहां न केवल बच्चे बल्कि गर्भवती माताएं और किशोरी बालिकाएं भी लाभान्वित हो रही हैं। गर्भवती महिलाओं के लिए गर्म पौष्टिक भोजन की नियमित व्यवस्था है, साथ ही सुपोषण चौपाल जैसे आयोजनों के माध्यम से टीकाकरण व स्वास्थ्य परामर्श दिया जाता है। किशोरियों को स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

सेक्टर पर्यवेक्षक श्रीमती शीला प्रधान बताती हैं कि यहां मुख्यमंत्री बाल संदर्भ योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदन योजना, नोनी सुरक्षा, महतारी वंदन, सुकन्या समृद्धि योजना जैसे कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। इन योजनाओं के ज़रिए बालिकाओं और माताओं के स्वास्थ्य एवं अधिकारों की रक्षा की जा रही है।

आंगनबाड़ी केंद्रों में नियमित साफ-सफाई की जा रही है। आरओ वाटर प्योरीफायर, स्वच्छ किचन रूम और पर्याप्त खेल सामग्री यहां की विशेषता बन चुके हैं। बच्चों के लिए खेल घर उपलब्ध है और अर्ली चाइल्डहुड केयर के तहत भाषा, गणित आदि विषयों की बुनियादी जानकारी रोचक तरीकों से दी जा रही है। यहां पदस्थ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रूपा भारती और अंजू चंद्राकर बताती हैं कि यहां बच्चों के अन्नप्राशन संस्कार से लेकर किशोरी बालिकाओं तक के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम होते हैं। महतारी समिति की बैठकें भी नियमित होती हैं, जिससे माताओं की सहभागिता भी सुनिश्चित होती है।

महासमुंद/जूनियर रेडक्रॉस काउंसलर का प्राथमिक सहायता प्रशिक्षण का आयोजन संपन्न हुआ विद्यार्थियों को प्राथमिक सहायता एवं सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के गुर सिखाएं गए

महासमुंद/जूनियर रेडक्रॉस काउंसलर का प्राथमिक सहायता प्रशिक्षण का आयोजन संपन्न हुआ विद्यार्थियों को प्राथमिक सहायता एवं सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के गुर सिखाएं गए

महासमुंद,छत्तीसगढ़ की विद्यालयों में अध्ययन, अध्यापन के साथ-साथ अन्य शिक्षकोत्तर गतिविधियों में रेडक्रॉस की गतिविधियां अत्यंत ही महत्वपूर्ण होती है, इसी के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों में हाई स्कूल तथा हायर सेकेंडरी स्कूलों में जूनियर रेडक्रॉस का संचालन किया जाता है। कलेक्टर एवं अध्यक्ष भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार जिले के विकासखंड पिथौरा, बागबाहरा एवं महासमुंद के समस्त हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूल की रेडक्रॉस प्रभारी शिक्षकों (काउंसलर) संख्या 111 का रेडक्रॉस से संबंधित समस्त प्रशिक्षण एवं प्राथमिक सहायता का प्रशिक्षण का आयोजन जिला स्तर पर महासमुंद में किया गया।

प्रशिक्षण के तृतीय दिवस बुधवार को समापन अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एस. आलोक उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री विजय कुमार लहरे पदेन अध्यक्ष जूनियर रेडक्रॉस महासमुंद, जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष श्री संदीप कुमार दीवान, इसके साथ ही बतौर विशिष्ट अतिथि श्री पारस चोपड़ा, श्री संजय शर्मा, श्री दाऊलाल चंद्राकार, श्री अभिषेक पांडे, श्री आशीष पांडे श्रीमती सती साहू, श्रीमती करुणा शुक्ला, जिला क्रीड़ा अधिकारी अंजलि बरमाल उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ 14 जुलाई को हुआ, जो कि प्रशिक्षण का द्वितीय चरण था, प्रशिक्षण कार्यक्रम के शुभारंभ के अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि श्री संदीप दीवान, सभापति रेडक्रॉस महासमुंद, विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री ऐतराम साहू, जिला अध्यक्ष स्काउट एवं गाइड संघ, उपाध्यक्ष श्री भूपेंद्र सिंह राठौर, श्री अशोक गिरी गोस्वामी जिला संगठक महासमुंद एवं श्री राजेश्वर खरे, श्री प्रेम चंन्द्राकर, श्री माधव लाल टांकसले, श्री अभिषेक पांडे और श्री आशीष पांडे सदस्य प्रबंध संचालन, श्री अरशी अन्वर एवं सीएमएचओ डॉ. आई. नागेश्वर राव उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि प्रथम चरण का प्रशिक्षण सरायपाली में बसना विकासखंड एवं सरायपाली विकासखंड के काउंसलर का प्रशिक्षण 10 जुलाई से लेकर 12 जुलाई तक आयोजित किया गया जिसमें 80 काउंसलर ने भागीदारी दी।

इस अवसर पर ड़ॉ. अशोक गिरि गोस्वामी द्वारा रेडक्रॉस की पृष्ठभूमि पर प्रकाश डाला गया एवं रेडक्रॉस की उद्देश्य एवं सामाजिक गतिशीलता के साथ-साथ सामाजिक पृष्ठभूमि पर इसकी उपयोगिता पर प्रकाश डाला गया। समापन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं जिला सीईओ श्री एस आलोक के द्वारा उद्बोधन दिया गया, जिसमें समस्त काउंसलर को जमीनी स्तर पर विद्यालय में रेडक्रॉस की टीम तैयार करने हेतु निर्देश दिया गया। जिला शिक्षा अधिकारी के द्वारा स्कूलों में विद्यार्थियों की शिक्षा में गुणवत्ता के साथ-साथ रेडक्रॉस की गतिविधियों को निरंतर संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। श्री पारस चोपड़ा के द्वारा बच्चों में सेवा की भावना को जागृत करने का संदेश दिया गया। श्री संदीप दीवान के द्वारा विद्यालयीन रेडक्रॉस बच्चों में प्राथमिक सहायता की शिक्षा, जो कि प्रशिक्षण में प्रदान किया गया, उसे देखकर उनके सामाजिक दायित्वों के निर्वहन संबंधी संदेश दिया गया। श्री दाऊलाल चंद्राकर के द्वारा महासमुंद जिले में रेडक्रॉस की विशिष्ट भूमिका एवं लगातार महासमुंद जिले में रेडक्रॉस के क्षेत्र में विशेष रूप से सभी को भविष्य में कार्य करने की प्रेरणा प्रदान किया गया।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रशिक्षक के रूप में राष्ट्रीय स्तर के प्राथमिक उपचार प्रशिक्षक डॉ यशवंत चंद्राकर एवं जिला प्रशिक्षक दिनेश कुमार साहू के द्वारा विभिन्न विद्यालयों से आए रेडक्रॉस प्रभारी काउंसलर को रेडक्रॉस के इतिहास उद्देश्य एवं सिद्धांत तथा रेडक्रॉस की मूल पृष्ठभूमि एवं विभिन्न दायित्वों का प्रशिक्षण दिया गया साथ ही इस प्रशिक्षण का मुख्य फोकस बिंदु जीवन को बचाने वाले प्राथमिक सहायता प्रशिक्षण था। प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य रूप से विभिन्न प्रकार के दुर्घटनाओं जैसे की सड़क दुर्घटना, आग लगने पर, भूकंप, बाढ़ एवं पानी में डूबने एवं प्राकृतिक आपदाओं पर एक रेडक्रॉस वॉलिंटियर का किस प्रकार से दायित्व होता है और किस प्रकार से प्राथमिक सहायता दी जा सकती है, इसका संपूर्ण प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

जिसमें मुख्य रूप से घायल व्यक्ति का रक्त प्रवाह होने पर बैंडेज बांधना फ्रैक्चर की स्थिति में सहायता देना, सीपीआर थेरेपी के साथ-साथ बिच्छू डंक, कुत्ता के काटने, मधुमक्खी के काटने, मिर्गी, जहर सेवन कर लेने पर, आग से या किसी भी प्रकार से जलने पर एवं विभिन्न प्रकार के दुर्घटनाओं में प्राथमिक सहायता का संपूर्ण प्राथमिक सहायता प्रदान किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक दायित्वों का प्रशिक्षण प्रदान किया गया जैसे कि प्रदूषण एवं साक्षरता, वृक्षारोपण, बालक -बालिका शिक्षा एवं रक्तदान, नेत्रदान तथा टीकाकरण एवं विभिन्न प्रकार के सामाजिक परिवेश में रेडक्रॉस के दायित्वों का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। स्कूली विद्यार्थियों को स्कूल में विभिन्न प्रकार की दुर्घटनाओं में उनकी भूमिका किस प्रकार से होगी, इसका प्रशिक्षण दिया गया।

उपरोक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम में महासमुंद जूनियर रेड क्रॉस सचिव श्रीमती किरण पटेल विकासखंड महासमुंद, श्री परसराम सिंन्हा सचिव विकासखंड जूनियर रेडक्रॉस बागबाहरा एवं विकासखंड पिथौरा सचिव जूनियर रेड क्रॉस पिथौरा दिनेश कुमार साहू के कुशल नेतृत्व में तीनों विकासखंड के रेड क्रॉस काउंसलर का प्रशिक्षण विधिवत् प्रदान किया गया उपरोक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम में रेडक्रॉस के वार्षिक कैलेंडर पर चर्चा किया गया और आगामी समय में रेडक्रॉस के समस्त गतिविधियों को स्कूली विद्यार्थियों के समग्र विकास हेतु संचालित करने का निर्णय लिया गया। इस कार्यक्रम में विशेष रूप से अंशुमन तांडी, रामकुमार जांगड़े, प्रकाश दास मानिकपुरी एवं लोकेश्वरी साहू, विनीता अंजलि दीवान, नोबेल ध्रुव, श्रीमती भावना पांडव, श्रीमती यशोदा चौहान, श्रीमती पुष्पलता भार्गव, तेजलाल देवांगन रेडक्रॉस कार्यालय प्रभारी, एवं द्वारका प्रसाद विशेष रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम का मंच संचालन श्रीमती किरण पटेल सचिव जूनियर रेड क्रॉस विकासखंड शाखा महासमुंद के द्वारा किया गया। संपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम डॉ. अशोक गिरी गोस्वामी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

स्वरोजगार की मिसाल बनी ग्राम भोरिंग की पुष्पा साहू प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम से मिली नई उड़ान स्टोन कटिंग एवं पॉलिशिंग उद्योग में पारंगत एवं सफल उद्यमी बनी

स्वरोजगार की मिसाल बनी ग्राम भोरिंग की पुष्पा साहू प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम से मिली नई उड़ान स्टोन कटिंग एवं पॉलिशिंग उद्योग में पारंगत एवं सफल उद्यमी बनी

 महासमुंद विकासखण्ड के ग्राम भोरिंग की निवासी श्रीमती पुष्पा साहू ने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के माध्यम से आत्मनिर्भरता की मिसाल कायम की है। महज 10वीं तक की शिक्षा प्राप्त करने वाली पुष्पा साहू ने शासकीय योजना का लाभ उठाकर न केवल अपना उद्योग स्थापित किया, बल्कि आज अपने परिवार के लिए आर्थिक स्थिरता भी सुनिश्चित कर रही हैं। चुनौती और कठिन परिस्थितियों में काम करने की जज्बा ने स्टोन कटिंग एवं पॉलिशिंग उद्योग में काम करते हुए पारंगत एवं सफल उद्यमी बनकर अन्य लोगों को प्रेरणा दी है।

श्रीमती पुष्पा साहू ने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के अंतर्गत प्रशिक्षण प्राप्त किया और तत्पश्चात खादी ग्रामोद्योग विभाग, जिला पंचायत महासमुंद के माध्यम से 35 प्रतिशत अनुदान के साथ ऋण के लिए आवेदन किया। विभागीय प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात कारपोरेशन बैंक, महासमुंद द्वारा उनके उद्योग हेतु कुल 25 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई, जिसमें से प्रथम चरण में 7 लाख रुपए की किस्त मशीन क्रय के लिए प्रदान की गई। उद्योग की प्रगति के अनुसार शेष राशि भी चरणबद्ध तरीके से जारी की गई।

श्रीमती पुष्पा साहू ने वर्ष 2017 में ज्योति स्टोन कटिंग एवं पॉलिशिंग उद्योग की स्थापना की। नियमित बैंक किश्तों का भुगतान करते हुए वे अब प्रति माह 18 हजार रुपए की किश्त जमा कर रही हैं और लगभग 35 हजार रुपए मासिक आय अर्जित कर रही हैं। इससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हुई है और उनका जीवन सुखद एवं आत्मनिर्भर हो गया है। पुष्पा साहू ने बताया कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम ने मेरी ज़िंदगी की दिशा बदल दी। आज मैं खुद का व्यवसाय चला रही हूं और अपने परिवार को अच्छे से चला पा रही हूं। इसके लिए मैं केंद्र और राज्य सरकार का दिल से आभार व्यक्त करती हूं। इसी तरह इच्छाशक्ति और सही मार्गदर्शन से ग्रामीण अंचलों की महिलाएं भी आत्मनिर्भर बन सकती हैं।

महासमुंद जिला पंचायत सदस्यों का आधारभूत प्रशिक्षण संपन्न सदस्यों को अधिकार, कर्तव्य एवं विकास योजनाओं की दी गई जानकारी

महासमुंद जिला पंचायत सदस्यों का आधारभूत प्रशिक्षण संपन्न सदस्यों को अधिकार, कर्तव्य एवं विकास योजनाओं की दी गई जानकारी

महासमुंद, जिला पंचायत महासमुंद के सभा कक्ष में जिला पंचायत सदस्यों के लिए एक दिवसीय आधारभूत प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में नव निर्वाचित एवं वर्तमान सदस्यों को पंचायत से जुड़े अधिकारों, कर्तव्यों तथा विकास योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान किया गया।

प्रशिक्षण में उपसंचालक पंचायत श्रीमती दीप्ति साहू द्वारा 73वें संविधान संशोधन, जिला पंचायत सदस्यों की भूमिका, सामान्य सभा एवं स्थाई समिति की प्रक्रिया, 15वें वित्त आयोग, जिला पंचायत विकास योजना, सतत विकास लक्ष्य एवं इससे संबंधित 9 प्रमुख थीमों के बारे में विस्तारपूर्वक मार्गदर्शन दिया गया।

प्रशिक्षण में जिला पंचायत के लेखाधिकारी श्री गोपेश कुमार होता ने बजट निर्माण एवं प्रबंधन की प्रक्रिया की जानकारी दी। वहीं प्रभारी जिला ऑडिटर श्री अशोक चंद्राकर ने पंचायतों में कर व्यवस्था और ऑडिट प्रक्रिया पर प्रकाश डाला। सहायक परियोजना अधिकारी श्री मनोज गुप्ता ने सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत नागरिकों को मिलने वाले अधिकारों और पंचायत की जवाबदेही से जुड़ी जानकारियाँ साझा कीं। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्यगण श्रीमती रामदुलारी सिंह, श्रीमती देवकी पटेल, श्रीमती देवकी पुरुषोत्तम दीवान, श्रीमती जगमोती भोई, श्रीमती कुमारी भास्कर, श्री जुगनू जागेश्वर चंद्राकर, श्री नैन पटेल, श्री मोक्ष कुमार प्रधान, श्री करण सिंह दीवान एवं श्री लोकनाथ बारी उपस्थित रहे।