तुमगांव/ग्राम उलट कोड़ार, कोड़ारबांध में सरपंच चुनाव के पैसों को लेकर गाली-गलौज और मारपीट, युवक घायल
महासमुंद जिले के तुमगांव थाना अंतर्गत वार्ड नं. 10 उलट कोड़ार, कोड़ारबांध बस्ती में सरपंच चुनाव के दौरान बांटे गए पैसों को लेकर एक ग्रामीण से गाली-गलौज कर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
वार्ड क्रमांक 10 कोड़ारबांध बस्ती निवासी एक कृषक ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 15 जुलाई की शाम सालिक किराना दुकान के सामने चौक में गांव के गाय-बैल चराने वाले बरदीहा को लगाने के संबंध में एक बैठक रखी गई थी। ग्राम पंचायत सदस्य शत्रुहन निषाद ने उसे बैठक स्थल तक मोटरसाइकिल में बैठाकर ले गया था। वहां 20–25 ग्रामीण मौजूद थे।
बैठक समाप्त होने के बाद जब वह पैदल अपने घर लौट रहा था, तभी रात्रि लगभग 8 बजे ठाकुर राम साहू ने उसे आवाज देकर पुनः बैठक स्थल बुलाया। वहां पहुंचने पर ठाकुर राम साहू ने सरपंच चुनाव के समय मोहल्ले में वितरित किए गए पैसों में से ₹1800 की मांग की। पीड़ित ने बताया कि वह पैसे महिलाओं को दिए गए थे और उनके बारे में वही महिलाएं जानती हैं, उसके पास कोई पैसा नहीं है।
इतना कहने पर ठाकुर राम साहू भड़क गया और मां-बहन की अश्लील गालियां देते हुए उसे जान से मारने की धमकी देकर हाथ-मुक्के से मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में पीड़ित की दाहिनी आंख के ऊपर मस्तक में गंभीर चोट आई और खून निकलने लगा। साथ ही नाक में भी चोट से दर्द हो रहा है।
घटना के समय गांव के छन्नू निषाद और शत्रुहन निषाद मौके पर मौजूद थे, जिन्होंने बीच-बचाव किया।
पीड़ित की शिकायत पर तुमगांव थाना पुलिस ने आरोपी ठाकुर राम साहू के विरुद्ध धारा 115(2)-BNS, 296-BNS, 351(3)-BNS के तहत मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।



