महासमुंद /ग्राम भोरिंग में ज्वेलर्स की दुकान में चोरी, 90 हजार कीमती सामान पार
भाठापारा/महासमुंद, 16 जुलाई ग्राम भोरिंग स्थित मां शारदा ज्वेलर्स में अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम देकर करीब 90 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण पार कर लिए। घटना की सूचना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
दुकान संचालक, बिरकोनी निवासी ने बताया कि वह रोज की तरह 15 जुलाई की शाम 7 बजे दुकान का शटर बंद कर ताला लगाकर घर लौट गया था। लेकिन 16 जुलाई की सुबह लगभग 5 बजे उसे फोन पर सूचना मिली कि दुकान का ताला टूटा हुआ है और शटर आंशिक रूप से खुला है।
मौके पर पहुँचने पर संचालक ने देखा कि दुकान का ताला टूटा हुआ था और भीतर से करीब 60 नग सोने की पुल्ली (कीमत लगभग ₹60,000) एवं चांदी की चोटी व अंगूठी (कीमत लगभग ₹30,000) गायब थे। इस प्रकार कुल ₹90,000 के आभूषण चोरी हो गए।
घटना की सूचना थाने में दी गई है। बिरकोनी थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ धारा 305-BNS व 331(4)-BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।



