सरायपाली/ग्राम जोगीडीपा के किसान की कार से टकराई टाटा कंपनी की गाड़ी, बड़ा हादसा टला
थाना सरायपाली अंतर्गत ग्राम जोगीडीपा निवासी एक किसान की कार आज सुबह टाटा कंपनी के एक तेज रफ्तार वाहन से टकरा गई। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई घायल नहीं हुआ।
ग्राम जोगीडीपा निवासी किसान, जो कक्षा 11वीं तक शिक्षित हैं और खेती-किसानी का कार्य करते हैं, आज दिनांक 17 जुलाई को सुबह करीब 9 बजे अपने परिवार के साथ कार क्रमांक CG06 HD 9920 से सरायपाली अस्पताल जा रहे थे। जब वे बैदपाली मोड़, सरायपाली क्रॉसिंग के पास पहुंचे, तो सड़क पार करने के लिए उन्होंने अपनी कार को रोक दिया। उसी समय उड़ीसा की ओर से आ रहा टाटा कंपनी का भारी वाहन (क्रमांक CG04 NC 5966) तेज रफ्तार और लापरवाही पूर्वक चलाते हुए आया और कार के सामने बाईं ओर जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में कार के सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन राहत की बात यह रही कि कार में सवार सभी लोग सुरक्षित रहे और किसी को भी कोई चोट नहीं आई।
पीड़ित ने सरायपाली थाना में वाहन चालक के विरुद्ध धारा 281-BNS के तहत शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषी चालक के विरुद्ध कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।



