तेन्दूकोना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ग्राम धामनतोरी में अवैध शराब पिलाने के आरोप में दो आरोपी गिरफ्तार
महासमुंद। थाना तेन्दूकोना पुलिस द्वारा अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। प्रधान आरक्षक के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 12 दिसंबर 2025 को थाना तेन्दूकोना पुलिस स्टाफ आरक्षक 690 एवं आरक्षक 392 के साथ टाउन व देहात पेट्रोलिंग पर निकली थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम धामनतोरी जाने वाली पक्की सड़क के पास चखना ठेला व ठेला क्षेत्र में कुछ लोग अवैध रूप से शराब पिलाने की सुविधा उपलब्ध करा रहे हैं।
सूचना की तस्दीक हेतु पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों को साथ लेकर मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर शराब पीने वाले व्यक्ति मौके से फरार हो गए, जबकि दो आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा गया।
पहले मामले में आरोपी सोनसिंग दीवान पिता पान सिंह दीवान (46 वर्ष) निवासी जोबाकला थाना पिथौरा के कब्जे से देशी प्लेन शराब 180 एमएल (लगभग 50 एमएल भरी हुई) एवं दो नग डिस्पोजल गिलास जब्त किए गए।
दूसरे मामले में आरोपी भोलाराम दीवान पिता गोवर्धन दीवान (47 वर्ष) निवासी जोबाकला थाना पिथौरा को भी इसी तरह अवैध शराब पिलाते हुए पकड़ा गया।
दोनों मामलों में आरोपियों के विरुद्ध धारा 36(सी) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत कार्रवाई की गई। अपराध जमानतीय होने के कारण सक्षम जमानतदार प्रस्तुत करने पर आरोपियों को जमानत मुचलके पर रिहा किया गया। मामले की विवेचना जारी है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



