कोमाखान पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 25 किलो गांजा के साथ चार तस्कर गिरफ्तार, कार व नकदी समेत करीब 20 लाख का माल जब्त
कोमाखान | कोमाखान थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए चार आरोपियों को 25 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 19.84 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 1 फरवरी 2026 को सउनि. नागेन्द्र कुमार दुबे के नेतृत्व में थाना कोमाखान पुलिस टीम एनएच-353 रोड कोमाखान चौकड़ी के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की टाटा जेस्ट कार क्रमांक CG 10 AS 9099 में चार व्यक्ति ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर गांजा लेकर आ रहे हैं।
सूचना के आधार पर नाकाबंदी कर वाहन को रोका गया। कार की तलाशी लेने पर डिक्की से दो सफेद प्लास्टिक बोरियों में कुल 25 किलोग्राम नमी युक्त गांजा बरामद हुआ। गांजा की अनुमानित कीमत 12 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपी –
1.प्रशांत नंदा (42 वर्ष), निवासी रंगाली, थाना संतला, जिला बलांगीर (ओडिशा)
2.धनंजय नाग (29 वर्ष), निवासी गंडापतरापाली फफ्सीभदरा, थाना संतला, जिला बलांगीर (ओडिशा)
3.दीपक महानंद (31 वर्ष), निवासी गंडापतरापाली फफ्सीभदरा, थाना संतला, जिला बलांगीर (ओडिशा)
4.शंकर हरपाल (28 वर्ष), निवासी गंडापतरापाली फफ्सीभदरा, थाना संतला, जिला बलांगीर (ओडिशा)
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से टाटा जेस्ट कार, चार मोबाइल फोन, नगदी राशि, आरसी कार्ड, इंश्योरेंस, पॉल्यूशन सर्टिफिकेट, एटीएम कार्ड व पैन कार्ड भी जब्त किया है।
आरोपियों के विरुद्ध धारा 20(B)(II)(C), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।



