महासमुंद, 05 जुलाई 2026। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच रविवार सुबह ग्राम जोगीदीपा, थाना खल्लारी क्षेत्र में पुलिया निर्माण कार्य के दौरान 14 मजदूर बाढ़ के पानी में फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही जिला बाढ़ नियंत्रण कक्ष ने तत्काल नगर सेना की रेस्क्यू टीम को मौके के लिए रवाना किया।
रेस्क्यू टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बाढ़ से घिरे सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बचाए गए लोगों में 10 पुरुष और 4 महिला मजदूर शामिल हैं।
समय रहते किए गए इस रेस्क्यू अभियान के कारण किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। सुरक्षित निकाले गए सभी मजदूरों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी-नालों और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के आसपास अनावश्यक आवाजाही से बचें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें



