सरायपाली/ झंडारोहण के दौरान सरपंच पर छिड़का तुलसी जल, पंडित बुलाकर कराया मंत्रोच्चार; किसडी पंचायत में विवाद सचिव के कृत्य पर जातिगत भेदभाव के आरोप,
सरायपाली/ ग्राम पंचायत किसडी में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित झंडारोहण कार्यक्रम के दौरान ऐसा घटनाक्रम सामने आया, जिसने पंचायत की राजनीति के साथ सामाजिक माहौल को भी गरमा दिया है। पंचायत सचिव पृथ्वीराज भोई पर सरपंच के साथ जातिगत भेदभाव करने का आरोप लगा है। आरोप है कि झंडारोहण के दौरान सचिव ने सरपंच पर तुलसी मिला पानी छिड़का और इसके बाद पंडित को बुलाकर मंत्रोच्चार कराया गया। घटना को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है।
जानकारी के अनुसार 15 अगस्त को पंचायत भवन में स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी दौरान सचिव द्वारा सरपंच पर तुलसी मिला पानी छिड़कने की घटना सामने आई। इसके बाद पंडित को बुलाकर मंत्रोच्चार कराया गया। घटना के प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि यह सब सरपंच की जाति को लेकर किया गया। हालांकि घटना की वास्तविक मंशा और परिस्थितियां जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी।
इस घटनाक्रम को लेकर ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत भवन एक सरकारी कार्यालय और सार्वजनिक स्थान है। यहां निर्वाचित सरपंच के साथ इस तरह का व्यवहार बेहद गंभीर मामला है। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
किसडी पंचायत में सचिव और सरपंच के बीच पहले से विवाद होने की बात भी सामने आ रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार पूर्व में सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था, लेकिन सरपंच अपना पद बचाने में सफल रहे। अब ग्रामीण इस पुराने विवाद को भी वर्तमान घटना से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि यह केवल ग्रामीणों द्वारा लगाया जा रहा आरोप है, जिसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
अधिकारियों से शिकायत, कार्रवाई की मांग
घटना के बाद सरपंच ने जिला कलेक्टर महासमुंद, पंचायत विभाग के अधिकारियों, एसडीएम तथा सरायपाली थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपने की जानकारी दी है। शिकायत में सचिव के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
मामले को लेकर ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो पंचायत में विवाद और बढ़ सकता है। फिलहाल प्रशासनिक जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि झंडारोहण कार्यक्रम के दौरान पूरा घटनाक्रम किस परिस्थिति में हुआ और लगाए गए आरोप कितने सही हैं।



