
महासमुंद: मतदाता जागरूकता अभियान के तहत दो महाविद्यालयों में लगा पंजीयन शिविर, 90 से अधिक छात्र-छात्राओं का पंजीयन
17 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के युवाओं और छूटे हुए मतदाताओं के नाम जोड़ने विशेष अभियान जारी, फॉर्म-6 और फॉर्म-8 के माध्यम से हो रही कार्रवाई
महासमुंद, 14 अक्टूबर 2026। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत शनिवार को डॉ. भीमराव अम्बेडकर शासकीय महाविद्यालय बलौदा तथा रामचंडी महाविद्यालय सरायपाली, बगईजोर में मतदाता पंजीयन शिविर का आयोजन किया गया। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य 17 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के युवाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करना तथा उन्हें मतदान के प्रति जागरूक करना था।
जिले में विशेष अभियान के तहत 17 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के युवाओं, 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके नागरिकों तथा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूट गए पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने की कार्रवाई तेज हो गई है। महाविद्यालयों में जागरूकता अभियान चलाने के साथ ही बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से पात्र नागरिकों के नाम फॉर्म-6 के जरिए मतदाता सूची में जोड़ने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले में वर्तमान में कुल 8 लाख 476 मतदाता हैं। वहीं, विशेष अभियान के तहत अब तक 1,321 नए एवं छूटे हुए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़े जा चुके हैं।
डॉ. भीमराव अम्बेडकर शासकीय महाविद्यालय बलौदा में 60 से अधिक छात्र-छात्राओं का पंजीयन
डॉ. भीमराव अम्बेडकर शासकीय महाविद्यालय बलौदा में डॉ. मालती तिवारी, रासेयो जिला संगठक महासमुंद एवं महाविद्यालय की प्राचार्य श्रीमती अनिता पटेल के मार्गदर्शन में मतदाता पंजीयन शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में नए मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए फॉर्म-6 तथा मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन कराने के लिए फॉर्म-8 की प्रक्रिया संपन्न कराई गई। इस दौरान ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से 60 से अधिक छात्र-छात्राओं का पंजीयन किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को मतदाता पंजीयन की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों तथा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से संबंधित जरूरी जानकारी प्रदान की गई।
इस शिविर की संयोजक श्रीमती कमला बाई दीवान, रासेयो कार्यक्रम अधिकारी रहीं। कार्यक्रम में महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक जितेन्द्र कुमार पटेल, डॉ. गजानंद नायक, रमेश कुमार पटेल, अंजेला लकड़ा, रश्मि निबरगिया सहित महाविद्यालय के अन्य कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
रामचंडी महाविद्यालय सरायपाली में 30 से अधिक छात्र-छात्राओं का पंजीयन
इसी क्रम में रामचंडी महाविद्यालय सरायपाली, बगईजोर में भी मतदाता पंजीयन शिविर आयोजित किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एन.के. भोई के मार्गदर्शन में नोडल अधिकारी भरत प्रधान के नेतृत्व में शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर के दौरान नए मतदाताओं के पंजीयन के लिए फॉर्म-6 तथा मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन के लिए फॉर्म-8 की प्रक्रिया पूरी कराई गई। ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से 30 से अधिक छात्र-छात्राओं का पंजीयन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, पंजीयन प्रक्रिया तथा मतदान के महत्व के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई।
दोनों महाविद्यालयों में आयोजित शिविरों के माध्यम से युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया गया। मतदाता जागरूकता अभियान का उद्देश्य पात्र युवाओं को मतदाता सूची से जोड़ना और उन्हें अपने मताधिकार के प्रति जागरूक बनाना है।
जिले के सभी मतदान केंद्रों में लगेंगे विशेष शिविर
जिले में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा विशेष शिविरों एवं पंजीयन प्रक्रिया के माध्यम से फॉर्म-6 के जरिए नए मतदाताओं के नाम जोड़े जा रहे हैं। इसके साथ ही मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन के लिए फॉर्म-8 की प्रक्रिया भी संचालित की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15, 21, 22, 28 एवं 29 अक्टूबर 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकेंगे।
निर्वाचन संबंधी इस विशेष अभियान के माध्यम से जिले में कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे, इसके लिए जागरूकता एवं पंजीयन संबंधी गतिविधियां लगातार संचालित की जा रही हैं।




