
सरायपाली : ग्राम लोहरीनडीपा घर से बिना बताए निकली 32 वर्षीय महिला, तलाश में जुटी पुलिस
महासमुंद। जिले के सरायपाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लोहरीनडीपा से एक 32 वर्षीय महिला के लापता होने का मामला सामने आया है। महिला की पहचान दिरजा विश्वकर्मा, पति सनत कुमार विश्वकर्मा, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम लोहरीनडीपा, थाना सरायपाली, जिला महासमुंद के रूप में हुई है। वह 12 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 8 बजे घर से बिना बताए कहीं चली गई है। परिजनों द्वारा आसपास के क्षेत्रों और रिश्तेदारों के यहां तलाश करने के बावजूद अब तक उसका कोई पता नहीं चल सका है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला के पति सनत कुमार विश्वकर्मा, पिता दशरथ विश्वकर्मा, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम लोहरीनडीपा ने 26 अक्टूबर 2026 को थाना सरायपाली पहुंचकर अपनी पत्नी के लापता होने की मौखिक सूचना दर्ज कराई। इस दौरान ग्राम के कोटवार रामाधार चौहान, पिता रेशमू चौहान, उम्र 55 वर्ष भी उनके साथ मौजूद थे।
लापता महिला का हुलिया
पुलिस में दर्ज सूचना के अनुसार, लापता महिला का रंग सांवला, चेहरा अंडाकार एवं गोल, कद करीब 4 फीट 5 इंच तथा बाल काले हैं। उसका शरीर सामान्य है। घटना के समय वह आसमानी रंग की साड़ी, जिस पर पीले रंग के छींटे हैं, पहने हुए थी। महिला कक्षा पांचवीं तक पढ़ी-लिखी है तथा हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषा बोलती है। उसकी पहचान के लिए एक विशेष निशान भी बताया गया है। उसके दाहिने हाथ पर गोदना से ‘सनत’ लिखा हुआ है।
पुलिस ने दर्ज किया गुम इंसान क्रमांक 84/2026
पति की रिपोर्ट पर थाना सरायपाली में गुम इंसान क्रमांक 84/2026 कायम कर महिला की तलाश एवं पतासाजी शुरू कर दी गई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 140(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। उक्त धारा की प्रयोज्यता विवेचना के दौरान प्राप्त तथ्यों एवं साक्ष्यों के अधीन रहेगी। मामले की सूचना डीसीबी शाखा महासमुंद को भी भेजी जा रही है।
पुलिस द्वारा लापता महिला की तलाश की जा रही है।




